Tuar New Crop: अरहर की नई फसल बाजार में आने से दालों के थोक भाव में गिरावट शुरू

0
67

नई दिल्ली। Tuar New Crop: कर्नाटक में अरहर की नई फसल बाजार में आने से इसकी दाल के थोक मार्केट में दाम कम होने लगए हैं। इसके असर से थोक बाजार में चना और उड़द की दाल में भी गिरावट आई है। व्यापारियों का दावा है कि आने वाले दिनों में कर्नाटक के अलावा महाराष्ट्र से भी नई फसल की सप्लाई शुरू होने से प्रति किलो दाल की कीमत में 10 से 15 रुपये की गिरावट आ सकती है।

देश में सबसे ज्यादा अरहर का उत्पादन महाराष्ट्र में होता है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, कर्नाटक में भी इसकी खेती होती है। दिसंबर और जनवरी में अरहर की नई फसल बाजार में आ जाती है। दाल के कारोबारियों ने बताया कि देश में हर साल करीब 35 से 38 लाख टन अरहर की पैदावार होती है।

लेकिन पिछले साल इसमें गिरावट रही और करीब 22 लाख टन ही हुआ था। जिसकी वजह से अरहर दाल के दाम काफी बढ़ गए। स्थिति यह हो गई कि बीते चार महीने में अरहर या तुअर दाल का प्रति किलो भाव लगभग 50 रुपये की बढ़ोतरी के साथ 200 रुपये तक पहुंच गया था।

अब कनार्टक से अरहर की नई फसल की सप्लाई शुरू हो गई है। कुछ दिन बाद महाराष्ट्र से भी नई फसल की सप्लाई शुरू हो जाएगी। इससे दाम तेजी से घटेंगे। एक दाल कारोबारी ने बताया कि नई फसल आने से बीते 10 दिन में दाल के थोक भाव में करीब 12 रुपये किलो की गिरावट आई है। उम्मीद है कि आने वाले दिनों में 10 से 15 रुपये किलो की गिरावट और आएगी। वर्तमान में कर्नाटक से दाल की नई फसल आने लगी है।

उनका कहना है कि दाल के रेट बढ़ने के पीछे सप्लाई की कमी थी। लेकिन बीते कुछ महीने से केन्या, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, कनाडा, वर्मा, सूडान समेत कई देशों से अरहर और उड़द दाल की सप्लाई दोगुनी हुई है। इससे अब दाल के दाम और कम हो सकेंगे। इस बीच दालों की जमाखोरी पर लगाम कसने के लिए केंद्र सरकार ने स्टॉक लिमिट की तिथि को बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दिया है।

रिटेल में नहीं कम हो रही कीमत
थोक मंडी में दस दिन पहले अरहर दाल की कीमत में करीब 12 रुपये की गिरावट आई है, लेकिन रिटेल की दुकान पर कीमत नहीं कम हुई। एक रिटेल कारोबारी ने बताया कि अरहर की दाल 180 से 200 रुपये के रेट में बिक रही है, जबकि चने की दाल ने भी 100 रुपये का आंकड़ा छू लिया है। वहीं, थोक मंडी में अरहर दाल की कीमत 152 से 158 रुपये, चने की दाल 72 रुपये और उड़द की दाल 110 से 115 रुपये प्रति किलो है। यह सभी रेट दिल्ली के हैं। हर शहर दाल के रिटेल भाव अलग-अलग हो सकते हैं।