सिंगर कनिका कपूर, चांदनी मुखर्जी और विनोद राठौड़ के सुरों से सजेगी शाम आज

0
334

कोटा। राष्ट्रीय दशहरा मेले में गुरुवार को बॉलीवुड गीतों का जलवा देखने को मिलेगा। मेला समिति अध्यक्ष मंजू मेहरा ने बताया कि विजयश्री रंगमंच पर रात्रि 8 बजे से सिने संध्या आयोजित की जाएगी। जिसमें कनिका कपूर, विनोद राठौड़ और चांदनी मुखर्जी अपने सुपर हिट गानों से लोगों को दीवाना करेंगे।

उपमहापौर पवन मीणा तथा सदस्य अजय सुमन ने बताया कि कणिका कपूर बॉलीवुड, पंजाबी तथा सूफी गीतों की गायिका हैं। वे फिल्म रागिनी एमएमएस 2 के गीत ‘बेबी डॉल…’ के बाद प्रसिद्ध हुई। कणिका ने अपना पहला संगीत विडियो ‘जुगनी’ 2012 में रिलीज़ किया था। इनका गाया ‘चिट्टियां कलाइयां…’ भी काफ़ी मशहूर हुआ। इन्होंने ‘हग मी..’ तथा ‘लव लेटर…’ जैसे लोकप्रिय गीत गाए। उन्होंने रियलिटी शो द वॉइस सीज़न 3 को जज भी किया है। वे बॉलीवुड रिकॉर्ड ऑफ दी ईयर, “लवली” गीत के लिए बेस्ट फीमेल एक्ट अवॉर्ड, मोस्ट एंटरटेनिंग फीमेल सिंगर जीत चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि गायक विनोद राठौड़ को फ़िल्म ‘दीवाना’ से प्रसिद्धि मिली। फिर उन्होंने फिल्म खलनायक, लाड़ला, द जेंटलमैन, दीवाना मस्ताना, चाहत, दुल्हे राजा, चल मेरे भाई, मुन्ना भाई एमबीबीएस, लगे रहो मुन्ना भाई में सुपर हिट गाने गाए हैं। उनके प्रसिद्ध गीतों में,’ नायक नहीं खलनायक हूँ मैं…, ऐसी दीवानगी देखी नहीं कहीं…, कभी खुशियों की सरगम…, दिल देने की रुत आई…, ए मेरे हमसफर…’ हैं।

उप महापौर सोनू कुरेशी ने बताया कि सिने संध्या से पूर्व विजयश्री रंगमंच पर परिधान उत्सव कार्यक्रम होगा। जिसमें मॉडल मंच पर केटवाक करती नजर आएंगी। अनूप कुमार अन्नू तथा चेतना माथुर ने बताया कि शाम 8 बजे से किसान रंगमंच पर रंगारंग कार्यक्रम होंगे। वहीं गुरुवार को किसान रंगमंच पर कार्यक्रमों का समापन किया जाएगा।