यूडी टैक्स के नाम पर नगर निगम का प्रतिष्ठानों को सीज करना गलत : कोटा व्यापार महासंघ 

0
228

कोटा। कोटा व्यापार महासंघ का होली मिलन समारोह मंगलवार रात को छावनी स्थित जलसा होटल पर संपन्न हुआ। इस समारोह में कोटा व्यापार महासंघ की 150 संस्थाओं के अध्यक्ष महामंत्रियों ने भाग लिया।

इस अवसर पर व्यापार महासंघ ने कहा कि पिछले 15 दिनों से यूडी टैक्स के नाम पर नगर निगम द्वारा सख्ती करके व्यापारियों से वसूली की जा रही है, जिसके तहत प्रतिष्ठानों को सीज भी किया जा रहा है, जो गलत है। उन्होंने  नगर निगम के महापौर एवं उप महापौर से आग्रह किया है कि ऐसी कार्यवाही को तुरंत रोका जाए। वसूली में रियायत देते हुए किस्तो के  माध्यम से टैक्स वसूला जाए।

महासंघ ने इस बात का भी जिक्र किया जो नोटिस व्यापारियों को मिल रहे हैं वह तकनीकी दृष्टि से सही नहीं है। पूर्व में चुकाये गये टैक्स का इसमे कोई इन्द्राज नहीं है। कई आवासीय दर के भूखंडों पर कमर्शियल शुल्क लगाकर डिमांड ली जा रही है, इसे तुरंत प्रभाव से रोका जाना चाहिए ।

कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन एवं महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि 2 वर्ष के कोरोना काल के बाद धीरे-धीरे व्यापार शुरू हुआ है, लेकिन 2 वर्ष में हुए भारी घाटे से व्यापार की अर्थव्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई है। व्यापारियों को संभलने में अभी बहुत समय लगेगा। हर व्यापारी अंदर से टूटा हुआ है। उन्हें अपने व्यापार के संचालन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि व्यापार महासंघ कोटा के विकास के लिए कटिबद्ध हेै। हम चाहते हेै कि कोटा शहर संपूर्ण नगरी के रूप में पर्यटन, कोचिंग, शैक्षणिक एवं ओद्योगिक नगरी के रूप में देश में अपनी पहचान बनाए। ताकि यहां की अर्थव्यवस्था पुनः सुदृढ़ हो सके।

कोटा उत्तम नगर निगम की महापौर मंजू मेहरा ने कहा कि कोरोना काल में सभी तरह की गतिविधियां ठहर गई थी। इस कारण व्यापार-उद्योग जगत को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा था। फिर भी व्यापारियों ने पूरे शहर में जनसेवा से लेकर सहयोगात्मक रुख बनाए रखा। हमारी यही मंन्शा रहती है कि व्यापार महासंघ सकारात्मक कार्यों में साथ मिलकर शहर की गतिविधियों को आगे बढ़ाएं। 

राजस्थान खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पंकज मेहता ने कहा कि शहर की गतिविधियों को संचालित करने में कोटा व्यापार महासंघ का भरपूर योगदान रहता है। उन्होंने कहा कोटा का विकास जिस गति से होना चाहिए, उस गति से नहीं हो पा रहा है। यहां के औद्योगिक विकास में आए ठहराव को गति मिलना चाहिए, जिससे कोटा की अर्थव्यवस्था में और सुधार आ सके।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव राखी गौतम ने कहा कि हम सभी मिलकर कोटा के चहुंमुखी विकास की ओर अग्रसर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि 150 संस्थाओं की एकजुटता जो राजस्थान में सबसे सशक्त संगठन के रूप में कोटा व्यापार महासंघ ने अपनी पहचान बनाई है। कोटा दक्षिण निगम के उपमहापौर पवन मीणा ने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य शहर को स्वच्छ सुंदर एवं व्यवस्थित बनाना है।

भारतीय जनता पार्टी के शहर जिला अध्यक्ष रामबाबू सोनी ने कहा कि कोरोना काल में व्यापारियों की अर्थव्यवस्था बिगड़ने के कारण राज्य सरकार को मार्च माह में वसुले जाने वाले टेक्सो की वसूली में सख्ती बरतने की जगह सहयोगात्मक रूख अपनाना चाहिए।