सेंसेक्स 78 अंक उछल कर 52,877 पर खुला, निफ्टी 50 अंक मजबूत

0
492

मुंबई। हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन शेयर बाजारों ने मजबूत शुरुआत दी। बीएसई सेंसेक्स 78 पॉइंट ऊपर 52877 पर खुला। एनएसई निफ्टी 50 पॉइंट की बढ़त के साथ 15,839 पर खुला। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने 52,900 को छुआ, जबकि निफ्टी 15,844 तक गया।

बाजार को मेटल शेयरों में जोरदार खरीदारी का सपोर्ट मिल रहा है। निफ्टी मेटल में दो पर्सेंट से ज्यादा के उछाल के साथ ट्रेड कर रहा है। सरकारी बैंकों, ऑटो और रियल्टी सेक्टर के इंडेक्स में 1-1 पर्सेंट से ज्यादा की तेजी है। निफ्टी मिड कैप और स्मॉल कैप में आधा पर्सेंट से ज्यादा का उछाल है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में लगभग दो पर्सेंट की गिरावट है। कल कंपनी की एजीएम हुई थी, जिसमें मुकेश अंबानी ने कई अहम कारोबारी फैसलों का ऐलान किया था। कंपनी ने ग्रीन बिजनेस में कुल 75 हजार करोड़ रुपए का निवेश करने का फैसला किया है।

इससे पहले वायदा बाजार में जून सीरीज के सौदों की एक्सपायरी वाले दिन गुरुवार को शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुए। एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 103 पॉइंट यानी 0.66% के उछाल के साथ 15,790 पॉइंट पर रहा। बीएसई के 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 393 पॉइंट यानी 0.75% की मजबूती के साथ 52,699 पर बंद हुआ। कल RIL का AGM था। उसके शेयरों में लगभग 3% की गिरावट आई।

एशियाई बाजारों में मजबूती
एशिया के सभी अहम शेयर बाजारों में मजबूती है। जापान का निक्केई इंडेक्स लगभग 0.70% ऊपर चल रहा है। हांगकांग के हैंगसेंग में लगभग 1.20% का उछाल है। चीन के शंघाई कंपोजिट में लगभग 0.80% की बढ़त के साथ कारोबार हो रहा है। कोरिया के कोस्पी में लगभग 0.60% की तेजी है। ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डिनरी लगभग 0.60% ऊपर है।

अमेरिकी बाजारों में बढ़त
बुधवार को अमेरिकी बाजारों में गुरुवार को जोरदार तेजी रही। डाओ जोंस 0.95% के उछाल के साथ बंद हुआ। नैस्डैक 0.69% की बढ़त के साथ बंद हुआ। S&P 500 में 0.58% की मजबूती रही।