संसद के विशेष सत्र में होगा पेश, परिसीमन पर बीआरएस का सशर्त समर्थन
नई दिल्ली। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय कैबिनेट की बैठक हुई। सूत्रों के मुताबिक, बैठक में महिला आरक्षण से जुड़े नए परिसीमन विधेयक को मंजूरी दी गई है। सरकार अगले सप्ताह से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में इस विधेयक को पेश कर सकती है।
विधेयक में कुछ बदलाव किए गए हैं, ताकि परिसीमन के बाद किसी भी राज्य का लोकसभा में प्रतिनिधित्व दूसरे राज्यों के मुकाबले कम न हो। कैबिनेट की यह बैठक दोपहर एक बजे सेवा तीर्थ में हुई। सरकार इस विधेयक को विशेष सत्र में पारित कराना चाहती है।
शिवसेना शिंदे गुट ने भी जारी किया व्हिप
शिवसेना ने अपने सांसदों को 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक संसद के विशेष सत्र में उपस्थित रहने का निर्देश देते हुए व्हिप जारी किया है।
परिसीमन पर बीआरएस का सशर्त समर्थन
तेलंगाना की भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने परिसीमन प्रक्रिया का समर्थन करने के संकेत दिए हैं। पार्टी नेता रावुला श्रीधर ने कहा कि यदि केंद्र सरकार राज्यों के हितों और दक्षिण भारत की राजनीतिक हिस्सेदारी की रक्षा करती है, तो उनकी पार्टी परिसीमन का समर्थन करेगी। उन्होंने लोकसभा में दक्षिणी राज्यों की मौजूदा 24 प्रतिशत हिस्सेदारी बरकरार रखने पर जोर दिया। श्रीधर ने कहा कि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले राज्यों को परिसीमन के नाम पर राजनीतिक नुकसान नहीं होना चाहिए। उन्होंने केंद्र से सभी राज्यों के हितों को ध्यान में रखकर फैसला लेने की अपील की।
भाजपा सत्ता मजबूत करना चाहती है- सिब्बल
वहीं, राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने परिसीमन को लेकर भाजपा पर सत्ता मजबूत करने की कोशिश का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि परिसीमन के जरिए भाजपा अपनी राजनीतिक ताकत बढ़ाना चाहती है। सिब्बल ने चेतावनी दी कि ऐसा होने पर लोकतंत्र का जो हिस्सा बचा है, वह भी खत्म हो जाएगा।

