नई दिल्ली। Cotton Seeds: बिजाई क्षेत्र में कमी आने तथा कई महत्वपूर्ण उत्पादक क्षेत्रों में मौसम एवं मानसून की हालत अनुकूल नहीं होने से कपास (रूई) का उत्पादन काफी घट जाने की संभावना है।
केन्द्रीय कृषि मंत्रालय ने रूई का उत्पादन 2025-26 सीजन के 280.06 लाख गांठ (170 किलो की प्रत्येक गांठ) से करीब 31.40 लाख गांठ घटकर 2026-27 के वर्तमान मार्केटिंग सीजन (अक्टूबर-सितम्बर) में 248.66 लाख गांठ रह जाने का आरम्भिक अनुमान लगाया है। इससे घरेलू प्रभाग में रूई की आपूर्ति एवं उपलब्धता की स्थिति कुछ जटिल होने तथा कीमत ऊंची एवं मजबूत रहने की संभावना है।
विदेशों से रूई के शुल्क मुक्त आयात की समय सीमा अगले माह के अंत में समाप्त होने वाली है। उत्पादन में भारी गिरावट की आशंका को देखते हुए केन्द्र सरकार इस समय सीमा को आगे बढ़ाने पर विचार कर सकती है अन्यथा वस्त्र उत्पादों एवं कॉटन यार्न / फैब्रिक्स का निर्यात प्रभावित हो सकता है। कॉटन उद्योग बहुमूल्य विदेशी मुद्रा के उपार्जन एवं रोजगार सृजन का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।
कॉटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सीएआई) ने भी कपास के उत्पादन में गिरावट आने की संभावना व्यक्त की है। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में रूई का उत्पादन 79.53 लाख गांठ से लुढ़ककर 45.85 लाख गांठ रह जाने का अनुमान लगाया है मगर गुजरात में उत्पादन बढ़ने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

