पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों के साथ मनाया कोटा राउंड टेबल ने सेवा सप्ताह

0
4

कोटा। सामाजिक सरोकारों को नई दिशा देने और सेवा, सहयोग एवं सामुदायिक सहभागिता की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से कोटा राउंड टेबल-281 की ओर से आयोजित आरटीआई वीक-2026 विभिन्न रचनात्मक एवं सेवा गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ। सप्ताहभर चले आयोजनों में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, नेत्रदान जागरूकता, बुजुर्गों की सेवा और पारिवारिक सहभागिता जैसे विषयों को केंद्र में रखा गया।

चेयरमैन सारांश मित्तल ने बताया कि फैमिली डे के अवसर पर 15 नवंबर को सिटी पार्क होटल के मसाला बिस्ट्रो में पारिवारिक मिलन समारोह आयोजित किया गया, जिसमें तीन पीढ़ियों ने एक साथ भाग लेकर पारिवारिक एकता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।

16 नवंबर को मित्तल वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों को ट्रैवलर के माध्यम से वस्त्र वितरित किए गए। वहीं, स्कूल निर्माण परियोजना में सहयोग देने वाले कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पार्टनर्स से मुलाकात कर उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया और आभार व्यक्त किया गया।

नेत्रदान के प्रति सामाजिक जागरूकता बढ़ाने की दिशा में संस्था के नए सदस्यों ने शाइन इंडिया फाउंडेशन के समक्ष नेत्रदान का लिखित संकल्प लिया। वहीं, ‘तारे जमीन पर’ पहल के तहत सरकारी उच्च प्राथमिक विद्यालय, घोड़ा बस्ती में प्रोजेक्टर के माध्यम से बच्चों को स्पाइडर-मैन फिल्म दिखाई गई।

इस दौरान मध्यांतर में बच्चों को अल्पाहार भी वितरित किया गया। पर्यावरण संरक्षण के संदेश को व्यवहार में उतारते हुए ई-वेस्ट कलेक्शन ड्राइव आयोजित की गई, जिसमें सदस्यों के सहयोग से 110 किलोग्राम इलेक्ट्रॉनिक कचरा एकत्रित किया गया। इसका उद्देश्य ई-वेस्ट के सुरक्षित एवं उचित निस्तारण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

कोटा राउंड टेबल-281 के चेयरमैन सारांश मित्तल ने बताया कि संस्था शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामुदायिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सकारात्मक योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है। RTI WEEK-2026 के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों तक सेवा गतिविधियां पहुंचाने के साथ सदस्यों में सामाजिक जिम्मेदारी और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया गया।

सेवा सप्ताह के सफल आयोजन में चेयरमैन सारांश मित्तल, वाइस चेयरमैन निमिष अग्रवाल, सचिव नभ शर्मा, कोषाध्यक्ष मुदित गोयल एवं RTI WEEK संयोजक अपूर्व अग्रवाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।