जैन समाज में आपसी पारिवारिक विवादों के निस्तारण के लिए बनेगा मध्यस्थता केंद्र

0
10

सेवानिवृत्त न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं की प्रशासनिक एवं काउंसलिंग समिति गठित

कोटा। जैन समाज में पारिवारिक विवादों को आपसी संवाद, समझाइश और सौहार्दपूर्ण मध्यस्थता के माध्यम से सुलझाने की दिशा में अनूठी पहल की गई है। गणिनी आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में ‘जैन मध्यस्थता केंद्र’ की शुरुआत की गई है।

इसका उद्देश्य परिवारों में बढ़ते विवादों को न्यायालय तक पहुंचने से पहले आपसी सहमति और संवाद के जरिए सुलझाना है। इस पहल का संकल्प गत माह केशवरायपाटन में आयोजित कार्यक्रम में लिया गया था, जिसे अब साकार रूप दिया जा रहा है।

महामंत्री अनिल ठोरा ने बताया कि गुरुवार को विज्ञान नगर स्थित दिगंबर जैन मंदिर में आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी के सानिध्य में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान जैन मध्यस्थता केंद्र के बैनर का लोकार्पण किया गया।

सकल दिगंबर जैन समाज कोटा के नेतृत्व में शुरू की गई इस पहल को समाज में पारिवारिक एकता, सामाजिक समरसता और आपसी विश्वास मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष राजमल पटौदी ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान मुनिसुव्रतनाथ के अभिषेक एवं शांतिधारा से हुआ। शांतिधारा का सौभाग्य विवेक जैन शिकारपुर वालों को प्राप्त हुआ।

इसके बाद नित्य नियम पूजन एवं भगवान मुनिसुव्रतनाथ विधान का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने भगवान जिनेंद्र के चरणों में 108 अर्घ्य समर्पित किए। सौधर्म इंद्र का सौभाग्य कैलाश चंद एवं रितेश सेठी को प्राप्त हुआ।

मंत्री पी.के. जैन हरसोरा ने बताया कि आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी की प्रेरणा एवं निर्देशानुसार गठित जैन मध्यस्थता केंद्र समाज के परिवारों में उत्पन्न होने वाले विवादों को आपसी समझाइश और मध्यस्थता से सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

केंद्र के संचालन के लिए सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश जैनेंद्र जैन एवं सुरेंद्र कुमार जैन के साथ संजय पटौदी, अनिल काला, संदीप जैन एवं एडवोकेट शर्मिला जैन सहित समाज के अनुभवी लोगों को शामिल करते हुए प्रशासनिक एवं काउंसलिंग समिति का गठन किया गया है।

अनिल काला ने बताया कि इस पहल की आधारशिला गत माह मुनिसुव्रतनाथ दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र, केशवरायपाटन में आयोजित यूनिवर्सल जैन लॉयर्स एसोसिएशन के राजस्थान चैप्टर के अधिवेशन में रखी गई थी।

सम्मेलन में राजस्थान सहित विभिन्न क्षेत्रों के 150 से अधिक जैन अधिवक्ताओं ने भाग लिया था। वहीं, अब कोटा में केंद्र की शुरुआत के साथ इस संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में कदम बढ़ाया गया है।

आवश्यकताओं का संयम जरूरी: माताजी
धर्मसभा को संबोधित करते हुए आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी ने कहा कि पहले खरीदारी के लिए सप्ताह में एक दिन हाट-बाजार लगता था, लेकिन आज पूरा शहर ही बाजार बन गया है। यहां तक कि मोबाइल भी बाजार का रूप ले चुका है। इसके माध्यम से व्यक्ति लगातार अपनी इच्छाओं की पूर्ति में लगा रहता है, जबकि इच्छाओं की कभी पूर्णता नहीं होती। एक इच्छा पूरी होते ही दूसरी इच्छा जन्म ले लेती है।

उन्होंने कहा कि इच्छाओं पर नियंत्रण रखते हुए केवल आवश्यकताओं की पूर्ति करना और धर्म के मार्ग पर चलना जरूरी है। तप, संयम और त्याग को जीवन में अपनाने से न केवल वर्तमान जीवन सुधरता है, बल्कि जीवन के अंतिम क्षण भी मंगलमय बनते हैं। इस अवसर पर सकल जैन समाज के संरक्षक विनोद टोरडी, अध्यक्ष प्रकाश बज, कार्याध्यक्ष जे.के. जैन, नरेश वेद, ताराचंद बड़ला, राकेश पटौदी, सुरेश हरसोरा, अनिल ठोरा सहित जैन मध्यस्थता केंद्र के सदस्य एवं समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।