ट्रेन के कोच में यात्री को मिली कंफर्म बर्थ नंबर 54, लेकिन कोच में बर्थ सिर्फ 52 ही थी

0
4

नई दिल्ली। कल्पना कीजिए आप देर रात ट्रेन में सफर करने निकलते हैं। आपकी टिकट पर सीट नंबर 54 लिखा होता है। आप अपनी कोच में एंट्री लेते हैं और खोजने लगते हैं अपनी सीट। 49, 50, 51, 52… लेकिन ये क्या। कोच में सीट नंबर 54 तो है ही नहीं।

पूरा कोच खत्म लेकिन आपकी सीट वहां मौजूद ही नहीं है। ऐसे में आपका क्या रिएक्शन होगा? इंसान बैठे तो बैठे कहां और सफर करे तो कैसे? लेकिन ये महज कल्पना नहीं है। हाल ही में एक शख्स शख्स के साथ एक ऐसा ही वाकया हुआ है।

जानकारी के मुताबिक ईशान बाजपेयी नाम के एक यात्री वाराणसी सिटी से गोरखपुर की यात्रा के लिए एक टिकट कराई। उसने गाड़ी नंबर 15132, बीसीवाई एनपीआर एक्सप्रेस में अपना टिकट बुक किया था। उनका टिकट कन्फर्म भी हो गया और एसी 2-टियर के A1 कोच में साइड अपर बर्थ मिला। सीट नंबर नंबर 54 दर्ज था। हालांकि, जब वो कोच में गया, तो देखा वहां कुल 52 बर्थ ही थे। यह देख उनका दिमाग चकरा गया।

ईशान को समझ नहीं आया कि देर रात आखिर वे करें क्या। इसके बाद उन्होंने कोच के अंदर का एक वीडियो रिकॉर्ड किया और रेल मंत्रालय और ‘रेलवे सेवा’ को टैग करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया। पोस्ट के मुताबिक उनके टिकट का स्टेटस CNF/A1/54/SU दिखा रहा था, यानी कोच A1 में बर्थ नंबर 54 कंफर्म है। लेकिन कोच में ऐसी कोई सीट थी ही नहीं।

ईशान ने लिखा कि रात करीब पौने 11 बजे उसके सामने यह मुसीबत आई है। उन्होंने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए लिखा कि देर रात बिना कंफर्म सीट के जाना बेहद निराशाजनक है। उन्होंने बताया कि वे पहले ही रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 के जरिए शिकायत दर्ज करा चुके हैं लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

रेलवे ने मांग ली माफी
मामला सोशल मीडिया पर सामने आते ही हंगामा मच गया। इसके बाद पोस्ट पर संज्ञान लेते हुए ‘रेलवे सेवा’ ने माफी मांगी। रेलवे ने कहा कि शिकायत को जरूरी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है। साथ ही जल्द से जल्द सहायता के लिए ‘रेल मदद’ पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने का सुझाव भी दिया। अब भले ही रेलवे ने माफी मांगी है लेकिन सवाल अब भी यही है कि यात्री को 52 बर्थ वाले कोच में 54 नंबर बर्थ कैसे मिल गया।