मुंबई। Forex Reserves: इस समय अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमतें धड़ाम हो रही हैं। तिस पर भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में भी भारी कमी दिखी है। 13 नवंबर 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान अपने विदेशी मुद्रा भंडार में 14.205 अरब डॉलर की तगड़ी कमी हुई है। इस दौरान देश के फॉरेन करेंसी एसेट या FCA और सोना भंडार दोनों में उल्लेखनीय कमी हुई है। इससे पहले एक सप्ताह पहले दोनों मदो में बढ़ोतरी हुई थी।
फोरेक्स भंडार में भारी कमी
भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 13 नवंबर 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 14.205 अरब डॉलर की भारी कमी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें 2.490 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई थी। अब अपना विदेशी मुद्रा भंडार घट कर 705.342 अरब डॉलर का रह गया है। इसी के साथ अपना भंडार तीन महीने के न्यूनतम स्तर पर पहुंच गया।
FCA भंडार खूब घटा
रिजर्व बैंक (RBI) की तरफ से जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 13 नवंबर 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत की विदेशी मुद्रा आस्तियों (Foreign Currency Asset) में 7.897 अरब डॉलर की कमी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें 232 मिलियन डॉलर की की बढ़ोतरी हुई थी। ताजा गिरावट के बाद अपना एफसीए भंडार घट कर 583.452 अरब डॉलर का रह गया है। उल्लेखनीय है कि देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।
गोल्ड रिजर्व में भी भारी कमी
आलोच्य सप्ताह के दौरान सोने के दाम में उल्लेखनीय गिरावट हुई है। इसी वजह से रिजर्व बैंक के सोने के भंडार की वैल्यू में 6.183 अरब डॉलर की भारी गिरावट हुई है। इससे एक सप्ताह पहले तो इसमें 2.205 अरब डॉलर की बढ़ोतरी हुई थी। अब अपने सोने के भंडार की वैल्यू घट कर 98.613 अरब डॉलर का रह गया है। उल्लेखनीय है कि मार्च 2026 के अंत में आरबीआई के पास सोने का भंडार 880.52 टन का था। यह देश के कुल फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व का करीब 16.7% बैठता है। इसके मूल्य में कमी-बेशी होती है यह कुल विदेशी मुद्रा भंडार को प्रभावित करता है।

