वैश्विक आबादी में 2070 तक 14 फीसदी रह जाएंगे हिंदू: प्यू रिसर्च रिपोर्ट

0
13

दुनिया में तेजी से बढ़ रही है ईसाइयों और मुसलमानों की आबादी

नई दिल्ली। Pew Research Report: पिछले कुछ दशकों में भारत में सभी धर्मों की कुल प्रजनन में तेजी से गिरावट आई है लेकिन मुसलमानों की प्रजनन दर अन्य धार्मिक समुदायों की तुलना में अधिक है। यानी मुस्लिम परिवारों में औसतन बच्चों की संख्या अन्य समुदायों से अधिक है।

प्यू रिसर्च सेंटर द्वारा जारी अनुमानों के मुताबिक भारत की कुल आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी 2020 के 15.4 फीसदी से बढ़कर 2070 तक 19.6 फीसदी हो जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार 2020 में भारत की आबादी में हिंदुओं की हिस्सेदारी 79.4 फीसदी थी जो 2070 तक मामूली रूप से घटकर 75.8 फीसदी रह जाएगी।

प्यू ने कहा कि दुनिया में ईसाइयों और मुसलमानों की आबादी बढ़ रही है लेकिन मुसलमानों की आबादी ज्यादा तेजी से बढ़ रही है। अनुमान है कि 2035 तक मुसलमानों की संख्या ईसाइयों से अधिक हो जाएगी। नवीनतम अनुमानों के अनुसार 2020 में दुनियाभर में 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुसलमान थे।

प्यू के नए अनुमानों के मुताबिक 2035 तक दुनियाभर में मुसलमानों की आबादी बढ़कर 2.57 अरब और ईसाइयों की आबादी 2.52 अरब हो जाएगी। मौजूदा रुझान जारी रहे तो 2070 तक दुनिया में मुसलमानों की आबादी 3.6 अरब से अधिक और ईसाइयों की आबादी 3 अरब से कुछ कम होगी।

इसकी प्रमुख वजह मुसलमानों की अपेक्षाकृत अधिक प्रजनन दर बताई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक 2020-2025 के दौरान मुस्लिम महिलाओं की प्रजनन दर प्रति महिला 3.1 बच्चे थी। इसके बाद ईसाई महिलाओं की प्रजनन दर 2.5 रही। अन्य सभी धार्मिक समूहों की महिलाओं में यह औसतन 1.6 थी। यह 2.1 के प्रतिस्थापन स्तर से कम है। प्रतिस्थापन स्तर वह प्रजनन दर है जिस पर प्रत्येक पीढ़ी अपनी आबादी को एक स्तर पर बनाए रखने के लिए पर्याप्त संतान पैदा करती है।

आने वाले दशकों में बौद्धों की आबादी और विश्व की कुल आबादी में उनकी हिस्सेदारी दोनों में गिरावट आने की संभावना है। इसकी एक वजह चीन, दक्षिण कोरिया और जापान की कुल आबादी में अनुमानित गिरावट है। प्यू के अनुमानों के अनुसार यदि मौजूदा जनसांख्यिकीय रुझान जारी रहे तो 2020 से 2070 के बीच भारत में हिंदुओं की आबादी में 17.6 करोड़ की वृद्धि होगी।

रिपोर्ट में कहा गया है कि हिंदुओं की संख्या में कुल मिलाकर वृद्धि हो रही है लेकिन वैश्विक आबादी में उनकी हिस्सेदारी 2020 के 15 फीसदी से घटकर 2070 में 14 फीसदी रह जाने का अनुमान है।

भारत और दुनिया में हिंदुओं की कुल आबादी 2020 के 1.2 अरब से बढ़कर 2070 तक 1.4 अरब हो जाएगी। वहीं भारत के बाहर हिंदुओं की आबादी में अनुमानित वृद्धि का बड़ा हिस्सा पाकिस्तान (50 लाख से अधिक) और अमेरिका (40 लाख से अधिक) से आएगा।

यदि हालिया रुझान जारी रहे तो 2070 तक पाकिस्तान दुनिया में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश बन जाएगा। इसके बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया का स्थान होगा। अनुमानों के मुताबिक, अमेरिका में दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी हिंदू आबादी होगी।

2070 तक दुनिया के आधे से अधिक ईसाई उप-सहारा अफ्रीका में रहेंगे। तब कांगो गणराज्य ईसाइयों की सबसे बड़ी आबादी वाले देश के रूप में अमेरिका से आगे निकल जाएगा।

2070 तक यूरोप में रहने वाले लोगों की संख्या 17 फीसदी घट जाएगी। इस दौरान वहां ईसाइयों की आबादी भी एक-तिहाई कम होकर 50.5 करोड़ से घटकर 32.4 करोड़ रह जाने का अनुमान है। इसी अवधि में यूरोप की कुल आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी 6 फीसदी से बढ़कर 13 फीसदी हो सकती है।

अनुमान है कि अमेरिका में ईसाइयों की आबादी 2020 के लगभग 21.7 करोड़ से घटकर 2070 में करीब 17.4 करोड़ रह जाएगी। अगले 40 वर्षों में अमेरिका में ईसाई बहुसंख्यक नहीं रह जाएंगे।

अभी अमेरिका की आबादी में ईसाइयों की हिस्सेदारी 62 फीसदी है जो 2065 तक घटकर 50 फीसदी से नीचे आ जाएगी। कनाडा में भी 2030 तक ईसाइयों की आबादी 50 फीसदी से कम हो जाने का अनुमान है।