कोटा। धर्म केवल श्रवण का विषय नहीं, बल्कि उसे जीवन के आचरण में उतारने की साधना है। गुरु के मुख से निकले वचनों को सुनकर हृदय में धारण करना और उनके अनुरूप जीवन जीना ही आत्मकल्याण का वास्तविक मार्ग है। यह संदेश गणधर मुनि विवर्धन सागर महाराज ने कुन्हाड़ी स्थित ऋद्धि-सिद्धि नगर के चंद्रप्रभु दिगंबर जैन जिनालय में विराग वर्धन पावन वर्षायोग-2026 के अंतर्गत आयोजित धर्मसभा में दिया।
मुनिश्री ने कहा कि साधु-संतों का जीवन त्याग, तपस्या, संयम और समभाव की अनुपम मिसाल होता है। वे प्रत्येक परिस्थिति में समान भाव बनाए रखते हैं। जिस प्रकार सागर सभी नदियों और नालों के जल को अपने भीतर समाहित कर लेता है, उसी प्रकार साधु का विशाल हृदय सभी के प्रति समभाव रखता है। जिनवाणी के चरणों में स्वयं को समर्पित करने वाला व्यक्ति जीवन में कभी दुखी नहीं होता। मनुष्य को जिनवाणी का श्रवण कर उसके दिव्य संदेशों को आत्मसात करना चाहिए।
आचार्य विराग सागर महाराज के जीवन दर्शन पर प्रकाश डालते हुए मुनिश्री ने कहा कि उनके आदर्शों और सिद्धांतों को अपनाकर जीवन को सार्थक बनाया जा सकता है। जीवन की वास्तविक सार्थकता आत्मकल्याण की साधना में निहित है। समाधिपूर्वक मरण जीवन का परम लक्ष्य है। साधु-संत आयु, विषय और परिस्थितियों से परे रहकर समभाव का आचरण करते हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति को आत्मशुद्धि और संयम के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।
मुनिश्री ने चार मूर्तियों का प्रेरक दृष्टांत प्रस्तुत करते हुए बताया कि पहली मूर्ति के एक कान में डाला गया धागा दूसरे कान से बाहर निकल गया। यह उन लोगों का प्रतीक है, जो धर्मसभा में प्रवचन सुनते तो हैं, लेकिन उसे आत्मसात नहीं करते।
दूसरी मूर्ति के कान में डाला गया धागा मुंह से बाहर निकल गया। ऐसे व्यक्ति सुनी हुई बातों को बिना समझे और आत्मसात किए दूसरों तक पहुंचा देते हैं। तीसरी मूर्ति में धागा मुंह से डालने पर बाहर नहीं निकला, लेकिन वह भीतर भी पूरी तरह आत्मसात नहीं हुआ। यह उन लोगों का प्रतीक है, जो गुरु के उपदेश सुनते हैं, मगर उन्हें आचरण में नहीं उतारते।
चौथी मूर्ति के कान में डाला गया धागा शरीर के भीतर ही रह गया। यह उस व्यक्ति का प्रतीक है, जो गुरु के वचनों को सुनकर हृदय की गहराइयों में धारण करता है और उनके अनुरूप अपने जीवन को ढालता है। मुनिश्री ने कहा कि गुरु के उपदेशों को केवल सुनना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें आत्मसात कर व्यवहार में उतारना आवश्यक है। यही सच्ची धर्म साधना और आत्मकल्याण का आधार है।

