स्पीकर बिरला होंगे मुख्य अतिथि; डिस्पोजल फ्री आयोजन में समाजबंधु करेंगे परोसगारी
कोटा। भक्ति, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं के संगम के रूप में श्री माहेश्वरी समाज कोटा एवं श्री माहेश्वरी पंचायत कोटा के संयुक्त तत्वावधान में 15 नवंबर को अन्नकूट महाप्रसादी एवं भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा।
अध्यक्ष केजी जाखेटिया ने शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के स्तर पर आयोजित होने वाले इस महोत्सव में कोटा, बूंदी, बारां, झालावाड़ और रावतभाटा के 5 हजार से अधिक समाजबंधु सपरिवार शामिल होकर ठाकुरजी के छप्पन भोग के दर्शन, भजनामृत और महाप्रसादी का आनंद लेंगे।
उन्होंने बताया कि मंत्री रामचरण धूत ने बताया कि यह आयोजन आर्ट हिल सिटी पार्क में होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ सायं 5:15 बजे तथा भव्य भजन संध्या का आगाज सायं 6:15 बजे से होगा। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए गोल्फ कार्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाज के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला तथा कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार लिमिटेड के अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला उपस्थित रहेंगे।
समाज अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की प्रेरणा से अन्नकूट महोत्सव को पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ आयोजित किया जा रहा है। आमंत्रण ई-कार्ड के माध्यम से भेजे गए हैं, जिससे कागज की बचत के साथ डिजिटल माध्यम को प्रोत्साहन मिला है।
महाप्रसादी वितरण की व्यवस्था पूर्णतया डिस्पोजल फ्री रहेगी, जिससे कचरे और गंदगी पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल समाज के पर्यावरण के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी का प्रतीक है। सामाजिक आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान तक सीमित नहीं होते, बल्कि समाज में एकता, सहभागिता और आपसी जुड़ाव को सशक्त बनाते हैं।
पंचायत अध्यक्ष जाखेटिया ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव में ठाकुरजी की नयनाभिराम झांकी सजाई जाएगी। भगवान को 56 भोग अर्पित किया जाएगा। हरिनाम संकीर्तन और भक्तिमय वातावरण के बीच भजन संध्या का आयोजन होगा। भजन प्रवाहक गोविंद माहेश्वरी अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर करेंगे।
पंचायत अध्यक्ष जाखेटिया ने कहा कि माहेश्वरी समाज का यह सामूहिक आयोजन प्रतिवर्ष एकता, भक्तिभाव, सांस्कृतिक गौरव और समाज की खुशहाली की मंगलकामना के साथ आयोजित किया जाता है। यह आयोजन समाजबंधुओं को एक सूत्र में पिरोने तथा पारस्परिक स्नेह और आत्मीयता को मजबूत करने का माध्यम है।
पूर्वी राजस्थान प्रादेशिक माहेश्वरी सभा के अध्यक्ष महेशचंद अजमेरा ने बताया कि महाप्रसादी वितरण की संपूर्ण परोसगारी समाजबंधुओं द्वारा की जाएगी। इसका उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को आयोजन से जोड़ना, आपसी मेलजोल एवं परिचय बढ़ाना तथा युवा वर्ग और युवतियों की सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।
महाप्रसादी वितरण में माहेश्वरी प्रगति मंडल (दादाबाड़ी), श्री माहेश्वरी सेवा संस्थान (नया कोटा), श्री माहेश्वरी पंचायत (रामपुरा), श्री माहेश्वरी सेवा समिति (कुन्हाड़ी), महिला मंडल (कोटा एवं कुन्हाड़ी), कोटा नगर माहेश्वरी युवा संगठन तथा माहेश्वरी नवोदिता मंडल सहयोग करेंगे।
कोषाध्यक्ष बृजगोपाल भराडिया ने समाजबंधुओं से आर्थिक सहयोग के साथ परोसगारी में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि आयोजन में पहले करें परोसगारी, फिर लें अपनी बारी और इतना ही लें थाली में, व्यर्थ न जाए नाली में के संदेश को आत्मसात किया जाएगा। उन्होंने पारंपरिक परिधान में सपरिवार शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने का आह्वान किया।
पुरातन मंदिरों की परंपरा से जुड़ा अन्नकूट महोत्सव: समाज के मंत्री बिट्ठल दास मूंदड़ा ने बताया कि प्रातः 6 से 8 बजे तक श्री गोविंद देवजी मंदिर मे अभिषेक किया जाएगा एवं अन्नकूट महोत्सव के अवसर पर श्री चारभुजा जी को विमान से आयोजन स्थल पर विराजमान कराया जाएगा । राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकी सजाकर छप्पन भोग अर्पित करने के बाद भजन संध्या के साथ महाप्रसादी वितरित की जाएगी।

