नई दिल्ली। हुंडई भारतीय मार्केट में आने वाले समय में कई नई गाड़ियां लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। कंपनी की इस लिस्ट में इलेक्ट्रिक कार से लेकर पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड और CNG मॉडल तक शामिल हैं। इनमें नई इलेक्ट्रिक SUV HE1i, अगली जनरेशन की क्रेटा, i20 और ग्रैंड i10 निओस शामिल हैं।
इसके अलावा, कंपनी बेयॉन का CNG मॉडल भी लाने की तैयारी कर रही है। इन सभी गाड़ियों में डिजाइन, फीचर्स और इंजन के मामले में कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। कुछ मॉडल 2027 में मार्केट में दस्तक दे सकते हैं। आइए इन पांचों अपकमिंग गाड़ियों के बारे में जानते हैं।
- हुंडई बेयॉन CNG
हुंडई बेयॉन का CNG मॉडल अगले साल लॉन्च हो सकता है। इसमें 1.5-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन के साथ फैक्ट्री-फिटेड CNG किट दी जा सकती है। सीएनजी टैंक को गाड़ी के नीचे लगाया जा सकता है, जिससे बूट स्पेस पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। इसे सिर्फ मैनुअल गियरबॉक्स के साथ पेश किए जाने की उम्मीद है। - हुंडई HE1i इलेक्ट्रिक SUV
हुंडई की आने वाली इलेक्ट्रिक SUV को फिलहाल HE1i कोडनेम दिया गया है। इसका डिजाइन बॉक्सी होगा और इसमें बड़ी विंडो, इलेक्ट्रिक सनरूफ और प्रीमियम केबिन मिलेगा। इसमें प्लियोस कनेक्ट सिस्टम, पतला ड्राइवर डिस्प्ले, लेदरेट और वेंटिलेटेड सीटें, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और ADAS जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। इसमें 42kWh, 49kWh या 51.4kWh का बैटरी पैक दिया जा सकता है। - नई जनरेशन हुंडई क्रेटा
नई जनरेशन क्रेटा को पूरी तरह नए डिजाइन में पेश किया जाएगा। यह K3 प्लेटफॉर्म पर तैयार होगी, जिसका इस्तेमाल नई किआ सेल्टोस में भी किया गया है। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल, 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल और 1.5-लीटर डीजल इंजन के ऑप्शन मिल सकते हैं। पहली बार इस SUV में 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन पर बेस्ड स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन भी दिया जा सकता है। इसे 2027 की पहली छमाही में लॉन्च किए जाने की उम्मीद है। - नई जनरेशन हुंडई i20
हुंडई की चौथी जनरेशन आई20 को इस साल ब्राजील में दिखाया गया था। इसका डिजाइन मौजूदा मॉडल से काफी अलग है। इसमें डुअल-पॉड पिक्सल LED हेडलैंप, Y-शेप LED DRL और पूरी चौड़ाई में LED लाइट बार मिलेगी। केबिन में दो 10.25-इंच स्क्रीन वाला कर्व्ड डिस्प्ले दिया गया है। इसमें 1.2-लीटर पेट्रोल और 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिल सकते हैं। भारत में इसे 2027 में लाया जा सकता है। - नई जनरेशन हुंडई ग्रैंड i10 निओस
हुंडई ने कन्फर्म किया है कि नई जनरेशन ग्रैंड आई10 निओस को अगले साल लॉन्च किया जाएगा। इसमें नए प्लेटफॉर्म के साथ एक्सटीरियर और केबिन में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसमें 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ मैनुअल और AMT गियरबॉक्स दिए जा सकते हैं। इसका CNG और CNG-AMT मॉडल भी आ सकता है।

