मुकेश अंबानी भारत के सबसे अमीर, अडानी से वापस लिया नंबर-1 का ताज

0
8

नई दिल्ली। Forbes Real-Time Billionaires: फोर्ब्स रियल टाइम बिलियनेयर्स लिस्ट में मुकेश अंबानी एक बार फिर से भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। रिलायंस के चेयरमैन ने भारत के नंबर वन अरबपति का ताज अडानी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडानी ने वापस लिया है। वहीं, एलन मस्क दुनिया के पहले खरबपति बने हुए हैं। मस्क का नेटवर्थ 1.007 ट्रिलियन डॉलर है।

फोर्ब्स की इस लिस्ट के मुताबिक मुकेश अंबानी दुनिया के अरबपतियों की लिस्ट में 25वें नंबर पर हैं। इनका नेटवर्थ 78.8 अरब डॉलर है। जबकि, गौतम अडानी 74.9 अरब डॉलर है। भारत के टॉप-5 अरबपतियों में सावित्रि जिंदल 36.6 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं। जबकि, दुनिया के अरबपतियों में ये 64वें स्थान पर हैं। भारत में इनके बाद लक्ष्मी मित्तल (30.6 अरब डॉलर) और शिव नादर (27.4 अरब डॉलर) हैं।

गौतम अडानी और मुकेश अंबानी को पछाड़ते हुए चीन के झांग यिमिंग एक बार फिर से एशिया के सबसे अमीर शख्स बन गए हैं। टिकटॉक की मूल कंपनी बाइटडांस के मालिक यिमिंग का नेटवर्थ 84 अरब डॉलर है। इनके बाद एशिया में दूसरे नंबर पर मुकेश अंबानी और तीसरे पर अडानी हैं।

हर दिन कैसे बदलती है अरबपतियों की संपत्ति
दुनिया के सबसे अमीर लोगों की संपत्ति में होने वाले बदलाव पर नजर रखने के लिए फोर्ब्स की Real-Time Billionaires List एक प्रमुख स्रोत है। इस सूची में अरबपतियों की अनुमानित नेटवर्थ, उनकी रैंकिंग और पिछले कारोबारी दिन के मुकाबले संपत्ति में हुई बढ़ोतरी या गिरावट देखी जा सकती है।

फोर्ब्स की रियल-टाइम लिस्ट में शामिल कई अरबपतियों की संपत्ति का बड़ा हिस्सा कंपनियों के शेयरों में लगा होता है। ऐसे में शेयर बाजार में होने वाले उतार-चढ़ाव का सीधा असर उनकी अनुमानित नेटवर्थ पर पड़ता है।

उदाहरण के लिए, यदि किसी अरबपति के पास किसी कंपनी के 10 करोड़ शेयर हैं और एक शेयर की कीमत 1,000 रुपये है, तो उन शेयरों का कुल मूल्य 10,000 करोड़ रुपये होगा। यदि शेयर की कीमत 1,100 रुपये हो जाती है, तो उसी हिस्सेदारी का मूल्य बढ़कर 11,000 करोड़ रुपये हो जाएगा।

यानी शेयर की कीमत में 10 फीसदी की बढ़ोतरी से हिस्सेदारी का मूल्य 1,000 करोड़ रुपये बढ़ जाएगा। हालांकि, यह बढ़ोतरी कागजों पर संपत्ति के मूल्य में इजाफा है। इसका मतलब यह नहीं है कि अरबपति के बैंक खाते में इतनी नकदी आ गई है।

हर पांच मिनट में अपडेट होती है नेटवर्थ
फोर्ब्स के मुताबिक, शेयर बाजार खुला रहने के दौरान सार्वजनिक कंपनियों में अरबपतियों की हिस्सेदारी के मूल्य को हर पांच मिनट में अपडेट किया जाता है। शेयर की कीमतों में लगभग 15 मिनट की देरी हो सकती है। इस वजह से शेयर बाजार में तेजी या गिरावट के साथ अरबपतियों की अनुमानित संपत्ति में भी बदलाव दिखाई देता है। शेयरों के भाव बढ़ने पर उनकी नेटवर्थ बढ़ सकती है, जबकि भाव गिरने पर इसमें कमी आ सकती है।