नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने कॉकरोच जनता पार्टी को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन नहीं करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा है कि सीजेपी को छात्रों के लिए प्रदर्शन करना चाहिए। वहीं, उन्होंने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की तरफ से बुलाए गए प्रदर्शन पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाए हैं कि अराजकता फैलाने की कोशिश की जा रही है।
आठवले ने रविवार को कहा कि सीजेपी के लिए आंदोलन करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा, ‘कॉकरोच जनता पार्टी वालों को मेरा कहना है कि आपकी पार्टी स्थापित हुई थी नीट एग्जाम में जो पेपर लीक हुई थी, उसके लिए आपकी पार्टी स्थापित हुई थी। आपने धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा, मोदी जी इस्तीफा ले लिया और सारी मांगें आपकी पूरी कर दीं। अब ज्ञानेश कुमार के इस मामले में पड़ने की आपको क्या जरूरत है।’
उन्होंने आगे कहा, ‘आंदोलन करो, लेकिन छात्रों के लिए आंदोलन करो। छात्रों को कैसी शिक्षा नीति मिलनी चाहिए, कैसे परीक्षा होनी चाहिए और क्या कारण हैं। उसके लिए आंदोलन करो। ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर उन्हें आंदोलन करने की जरूरत नहीं है।’
केंद्रीय मंत्री ने मुख्य चुनाव आयुक्त का बचाव किया है। उन्होंने कहा, ‘…ज्ञानेश कुमार ने जो 13 करोड़ वोट काटे हैं। वो वोट ऐसे हैं, 6 करोड़ ऐसे हैं जिनका स्थानांतरण हो गया है। मतलब एक जगह से दूसरी जगह नौकरी बिजनेस के लिए गए हैं। ऐसे लोगों का काटा है। 1 करोड़ लोग ऐसे हैं, जिनका नाम दो जगहों पर है। उनमें एक नाम काटा है। …3 करोड़ लोग लापता हैं।’
रामदास आठवले ने कहा, ‘इसलिए वोट चोरी के संबंध में जिस तरह राहुल गांधी बोल रहे हैं। मेरा सवाल राहुल गांधी जी से है कि तुम जहां से चुनकर आए, वहां हमारा वोट चोरी हुई है। तुम्हारे लोग 42 से 99 हो गए हैं। मतलब हमारा वोट चोरी हो गया है, ऐसा बोलेंगे क्या। इसलिए लोकतंत्र में जब आने के साथ कांग्रेस को सत्ता मिली है, तब आप वोट चोरी करते थे क्या।’
उन्होंने कहा, ‘जब हमारी सरकार आई और लोगों ने वोट दिया इसलिए आई है। इसलिए मुझे लगता है कि चुनाव आयुक्त का इस्तीफा मांगने का आंदोलन बेबुनियाद है। जानबूझकर अराजकता को निमंत्रण देने का काम कर रहे हैं और लोगों को तकलीफ दे रहे हैं।’
CJP को पहले भी चेता चुके
3 अक्तूबर को आठवले ने कहा था, ‘अभिजीत दीपके ने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के बारे में गलत बयान दिया है। वह प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री फडणवीस के बारे में भी बेहद आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणियां करते रहे हैं। उन्हें इस तरह के बयान देना बंद कर देना चाहिए। नहीं तो रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।’

