राहुल गांधी को पुलिस ने कंधे पर उठाया, तो गाड़ी पर पैर अड़ाया, ऐसे हिरासत में लिए
दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर जा रही दिल्ली पुलिस की बस को समर्थकों ने पंचर कर दिया है। राहुल गांधी को बाराखंभा मार्ग पुलिस थाने लेकर जा रहा है। राजधानी दिल्ली में इस समय मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ हल्ला बोल जारी है।
बुधवार को कार्यकर्ताओं और विपक्षी नेताओं के साथ सड़क पर उतरे राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस ने डिटेन कर लिया। प्रियंका गांधी को भी कार्यकर्ताओं ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद दिल्ली पुलिस की बस राहुल गांधी और कार्यकर्ताओं को लेकर कुछ दूर चली, लेकिन हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में बस की रफ्तार कम थी। इसी बीच टॉलस्टाय मार्ग पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली पुलिस की बस को पंचर कर दिया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस उसी पंचर बस में राहुल गांधी को लेकर गई है। प्रियंका गांधी को छत्रसाल स्टेडियम लेकर जाया गया है। वहीं राहुल गांधी को पुलिस बाराखंभा पुलिस थाने लेकर जा रही थी।
चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान लोकसभा सांसद राहुल गांधी को जंतर-मंतर के पास पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इंडिया ब्लॉक के सांसदों का कहना है कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें विरोध स्थल की ओर जाने से रोक दिया गया। राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के दौरान मौके पर काफी हंगामा देखने को मिला। सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी उन्हें अपने कंधों पर उठा लेते हैं और गाड़ी के अंदर धकेल देते हैं।
न्यूज एजेंसी के एक वीडियो में दिख रहा है कि राहुल गांधी जब गाड़ी के अंदर नहीं बैठ रहे थे, तो पुलिस वालों ने उन्हें जबरन उठा लिया। हालांकि, तब भी राहुल ने जोर आजमाइश की और गाड़ी के गेट के ऊपर पैर अड़ा दिए। लेकिन आखिरकार पुलिस उन्हें गाड़ी में अंदर धकेलने में कामयाब हो जाती है।
सड़क पर लेट गईं प्रियंका गांधी
उधर दूसरी तरफ कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी भी सड़क पर लेट गईं। कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “ये लोग चुनाव आयुक्त से मिलने की गुहार लगाने वाले सांसदों के साथ ऐसा बर्ताव करते हैं। हमारे साथ भी ऐसा ही बर्ताव करते हैं। सांसदों को पीट रहे हैं। पुलिसकर्मियों ने मुझे जगह-जगह खरोंच दिया है। हमें जमीन पर पटक दिया है। अब हम यहां से नहीं हटेंगे। चाहे वे अपने बल वापस बुला लें, मैं यहां से नहीं हटूंगी।”
दरअसल कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से आयोजित दोपहर के भोज के बाद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए रवाना हुए ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के सांसदों को बुधवार को बीच में ही रोक दिया गया। विपक्षी सांसद तीन बसों में सवार होकर जंतर-मंतर के लिए रवाना हुए थे, लेकिन पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों ने अशोक रोड पर संगरीला होटल के सामने बैरिकेड लगाकर उन्हें रोक दिया। विपक्षी सांसद निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए जंतर-मंतर जाना चाहते थे।

