नई दिल्ली। हुंडई ने अपनी 5th जेनरेशन टूसॉन (Tucson) को ग्लोबली रिवील कर दिया है। कंपनी ने 1 अक्टूबर को न्यूयॉर्क में इस एसयूवी को रिवील किया। नई टूसॉन में फुली न्यू डिजाइन, बड़ा साइज, अपडेटेड केबिन और नई हाइब्रिड टेक्नोलॉजी दी गई है। कंपनी के मुताबिक, इसे साउथ कोरिया में 2026 के आखिर तक लॉन्च किया जाएगा। इसके बाद 2027 में इसकी एंट्री नॉर्थ अमेरिका, यूरोप और दूसरे ग्लोबल मार्केट्स में होगी। भारत में नई टूसॉन कब लॉन्च होगी, इसकी अभी कोई ऑफिशियल जानकारी नहीं दी गई है।
नई टूसॉन के डिजाइन में बड़े बदलाव किए गए हैं। हुंडई ने इसके लिए ‘आर्ट ऑफ स्टील’ डिजाइन फिलॉसफी अपनाई है। नई एसयूवी पहले के मुकाबले ज्यादा बॉक्सी और मस्कुलर है। इसमें बड़े व्हील आर्च और शार्प बॉडी लाइन्स के साथ आपको दमदार रोड प्रेजेंस देखने को मिलेगा। लॉन्ग-व्हीलबेस वर्जन की लंबाई 4,700mm, चौड़ाई 1,905mm और ऊंचाई 1,685mm है। इसका व्हीलबेस 2,785mm है। यानी पुरानी टूसॉन के मुकाबले यह 60mm लंबी, 40mm चौड़ी और 20mm ज्यादा ऊंची है। जबकि, व्हीलबेस 30mm बढ़ा है।
लाइटिंग डिजाइन और XRT PRO वेरिएंट
नई टूसॉन में हुंडई की नई H-Edge लाइटिंग दी गई है, जो एसयूवी को सामने से ज्यादा चौड़ा लुक देती है। रियर में 3D डिजाइन वाले नए प्रिज्म रियर लैंप मिलते हैं। कंपनी इसमें 25,600 अलग-अलग एलईडी पिक्सल वाली माइक्रो पिक्सल लाइटिंग भी ऑफर करने वाली है, जो अलग-अलग लाइटिंग पैटर्न और वेलकम-फेयरवेल ऐनिमेशन जैसे फंक्शन दे सकती हैं। नई टूसॉन का रगेड XRT Pro वेरिएंट भी लाया गया है। इसमें ऑल-व्हील ड्राइव, ऑल-टेरेन टायर, रिकवरी हुक और एक्स्ट्रा बॉडी प्रोटेक्शन मिलता है। इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 210mm है। इसके अलावा हुंडई ने इसमें स्मार्ट टेरेन असिस्ट जैसे ऑफ-रोड फीचर्स भी ऐड किए हैं।
टचस्क्रीन और डिजिटल केबिन
एसयूवी का केबिन भी नए डिजाइन वाला है। इसमें टू-लेयर डैशबोर्ड, बड़ा ओपन स्टोरेज एरिया और नया D-कट स्टीयरिंग व्हील ऑफर किया जा रहा है। इसके साथ स्लिम 9.9-इंच डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया गया है। सेंटर में मिलने वाला टचस्क्रीन अलग-अलग मार्केट और वेरिएंट के हिसाब से 12.9 इंच से 17 इंच तक का हो सकता है।
खास बात यह है कि हुंडई ने स्क्रीन के नीचे क्लाइमेट कंट्रोल और ऑडियो जैसे जरूरी फंक्शन के लिए फिजिकल बटन भी रखे हैं। फीचर्स में ड्यूल 15W वायरलेस चार्जिंग पैड, 100W यूएसबी-सी चार्जिंग, 3-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और मसाज के साथ रिलैक्सेशन सीट्स जैसे ऑप्शन शामिल हैं। नई टूसॉन हुंडई के Pleos कनेक्ट इन्फोटेनमेंट सिस्टम के साथ आएगी। यह ऐंड्रॉयड ऑटोमोटिव ओएस पर बेस्ड है और ओवर-द-एयर अपडेट, थर्ड-पार्टी ऐप्स और कनेक्टेड सर्विसेज को सपोर्ट करता है।
टर्बो-पेट्रोल और हाइब्रिड पावरट्रेन
नई टूसॉन अलग-अलग मार्केट्स में अलग पावरट्रेन के साथ आएगी। साउथ कोरिया वाले मॉडल में 1.6-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 193bhp की पावर और 265Nm का टॉर्क देता है। इसे 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ पेयर किया गया है। हाइब्रिड वर्जन में इसी 1.6-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ हुंडई का नेक्स्ट-जेनरेशन हाइब्रिड सिस्टम दिया जाएगा। कोरियाई मॉडल में यह करीब 242bhp और 380Nm का आउटपुट देता है। जबकि, अमेरिकी वर्जन में 233bhp का आउटपुट मिलता है। इसमें 1.49kWh बैटरी और 6-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है। कोरिया वाले हाइब्रिड वर्जन की फ्यूल एफिशिएंसी 17.4kmpl तक बताई गई है। कुछ मार्केट्स में टूसॉन का प्लग-इन हाइब्रिड वर्जन भी मिलेगा। इसमें 17.1kWh बैटरी के साथ 1.6-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर्स है। यह सेटअप 288bhp और 380Nm का आउटपुट देता है।
नए ADAS और ऑफ-रोड फीचर्स
सेफ्टी के लिए नई टूसॉन में 9 एयरबैग तक, नेविगेशन-बेस्ड अडैप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन फॉलोइंग असिस्ट, इमर्जेंसी स्टॉप और इन-कैबिन मॉनिटरिंग सिस्टम जैसे फीचर्स मिलेंगे। इसके अलावा मेमरी रिवर्सिंग असिस्ट, ग्राउंड व्यू मॉनिटर और ट्रेलर रिवर्स असिस्ट भी दिए गए हैं। नई स्मार्ट टेरेन असिस्ट टेक्नोलॉजी सड़क और ट्रैक्शन की कंडीशन को रियल टाइम में समझकर ड्राइवर को ऑफ-रोडिंग में मदद करती है। वहीं, टारगेट स्पीड कंट्रोल कम स्पीड पर 2 से 25kmph के बीच ऐक्सलरेशन और ब्रेकिंग को कंट्रोल कर सकता है।

