नई दिल्ली। Jantar Mantar Protest: दिल्ली पुलिस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई दलों और संगठनों के 500 से अधिक नेताओं को हिरासत में लिया है।
सौरभ भारद्वाज ने लोगों से अपील की है कि प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचें और उनके इस्तीफे की मांग करें। वहीं दिल्ली पुलिस ने आज जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए बैरिकेड्स लगा दिए हैं और जंतर-मंतर रोड को ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया है।
इसके साथ ही जंतर-मंतर पर बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी गई है। ‘आप’ सहित तमाम विपक्षी दल वोटर लिस्ट की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत वोटर्स के नाम हटाए जाने और अन्य मुद्दों को लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने गांधी जयंती पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी गई है और नई दिल्ली तथा उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही, लोगों के इकट्ठा होने के अनुमान को देखते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों को तैनात किया गया है।
जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर तैनात किसी पुलिसकर्मी के घायल होने के बारे में पूछे जाने पर नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा, “कुछ लोगों को चोटें आई है। जंतर-मंतर इलाके के आस-पास इंटरनेट सेवा बाधित है।
टेलीकॉम कंपनियों को सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक इंटरनेट बंद करने के आदेश मिले हैं। जंतर-मंतर इलाके में 1.5 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट बंद रहेगा। पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग कर रखी है। लोगों को जांच के बाद आगे जाने दिया जा रहा है।

