Market: शेयर मार्केट में 3 दिन अवकाश, एमसीएक्स पर सोने-चांदी की ट्रेडिंग भी बंद

0
12

नई दिल्ली। Stock Market Holiday: शुक्रवार 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के चलते शेयर बाजार बंद रहेगा। NSE और BSE पर ट्रेडिंग नहीं होगी। इसके बाद शनिवार और रविवार की छुट्टी होने से बाजार में लगातार तीन दिन कारोबार नहीं होगा। दूसरी ओर कमोडिटी एक्सचेंज MCX पर 2 अक्टूबर को सुबह और शाम दोनों सत्रों में कारोबार बंद रहेगा। यानी यहां भी सोने-चांदी की ट्रेडिंग बंद रहेगी।

NSE के 2026 के आधिकारिक हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक, 2 अक्टूबर शुक्रवार को महात्मा गांधी जयंती के कारण शेयर बाजार बंद रहेगा। इसके बाद शेयर बाजार में अगली छुट्टी 20 अक्टूबर, मंगलवार को दशहरा के मौके पर होगी।

NSE के कैलेंडर के अनुसार 8 नवंबर 2026, रविवार को दिवाली लक्ष्मी पूजन के कारण नियमित ट्रेडिंग हॉलिडे रहेगा। इसी दिन मुहूर्त ट्रेडिंग होगी, लेकिन इसका समय अभी एक्सचेंज ने अलग सर्कुलर के जरिए घोषित नहीं किया है।

ग्लोबल मार्केट के हाल
शेयर बाजार की छुट्टी के दौरान भारतीय बाजार में ट्रेडिंग नहीं होगी, लेकिन विदेशी बाजारों में होने वाले उतार-चढ़ाव का असर अगली ट्रेडिंग ओपनिंग पर दिखाई दे सकता है। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव दोबारा बढ़ने की आशंका से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। शुक्रवार को एशियाई शेयर बाजारों में दबाव देखने को मिला। MSCI एशिया पैसेफिक इंडेक्स करीब 0.4 फीसदी नीचे रहा।

जापान और दक्षिण कोरिया के प्रमुख बाजारों में गिरावट रही। शुक्रवार को जापान का टॉपिक्स करीब 0.9 प्रतिशत नीचे रहा, जबकि ऑस्ट्रेलिया का S&P/ASX 200 करीब 0.3 फीसदी ऊपर था। एसएंडपी 500 फ्यूचर्स में करीब 0.1 फीसदी की बढ़त दिखी। दूसरी ओर गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजार उतार-चढ़ाव के बीच मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। दूसरी ओर जापानी येन 157.90 प्रति डॉलर के आसपास पहुंच गया। वहीं बिटकॉइन करीब 84,790 डॉलर और एथर करीब 2,704 डॉलर पर कारोबार कर रहे थे।