कोटा। World Heart Day Celebrated: विश्व हृदय दिवस के अवसर पर इनर व्हील क्लब कोटा की ओर से मंगलवार सुबह ट्रैफिक गार्डन में हृदय स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में हृदय रोग विशेषज्ञ एवं हार्ट वाइज के कन्वीनर डॉ. साकेत गोयल ने बदलती जीवनशैली और हृदय रोग के बीच संबंध पर चर्चा करते हुए लोगों को स्वस्थ दिनचर्या अपनाने के लिए प्रेरित किया।
क्लब अध्यक्ष डॉ. नीता जैन ने बताया कि डॉ. गोयल ने कहा कि शारीरिक गतिविधियों में कमी, असंतुलित खान-पान और लगातार बढ़ता तनाव हृदय स्वास्थ्य के लिए चुनौती बन रहे हैं। धूम्रपान व तंबाकू सेवन के साथ उच्च रक्तचाप, मधुमेह, बढ़ा हुआ कोलेस्ट्रॉल और मोटापा भी हृदय रोग के प्रमुख जोखिम कारकों में शामिल हैं।
डॉ. गोयल ने कहा कि हृदय को स्वस्थ रखने के लिए जीवनशैली में बड़े बदलाव करने के बजाय रोजमर्रा की आदतों में सुधार करना अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों को नियमित व्यायाम करने, बैठने का समय कम करने और खान-पान पर नियंत्रण रखने की सलाह दी। वजन नियंत्रित रखने के लिए नियमित वॉकिंग और संतुलित आहार को दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर दिया
उन्होंने कहा कि रोजाना अधिक कदम चलना शारीरिक सक्रियता बढ़ाने का एक आसान तरीका है। यदि मोबाइल फोन या अन्य तकनीक के कारण लंबे समय तक बैठे रहने की आदत बन रही है तो इसे कम करने के लिए बीच-बीच में उठकर चलना और दैनिक गतिविधियों में पैदल चलने को शामिल करना चाहिए। उन्होंने आहार एवं व्यवहार में सकारात्मक बदलाव के साथ नियमित शारीरिक गतिविधि को हृदय स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
कार्यक्रम में इंडियन रेडक्रॉस के स्टेट चेयरमैन एवं कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश बिरला सहित ट्रैफिक गार्डन में मौजूद लोगों ने सहभागिता की। उन्होंने भी स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
क्लब सदस्यों के परिजन भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे और लोगों ने विशेषज्ञ से हृदय स्वास्थ्य से जुड़े सवाल पूछकर जानकारी प्राप्त की। सचिव अर्चना गोयल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन एवं बीपी सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें नि:शुल्क की गईं।

