कोटा में सजेगी सुरों की महफिल, ‘गीतांजलि’ में गूंजेंगे गजल और बॉलीवुड के नगमे

0
11
ग़ज़ल गायक जाज़िम शर्मा

कोटा। शहर में संगीतप्रेमियों के लिए 3 अक्टूबर की शाम को सजेगी सुरों की महफ़िल। सृजन द स्पार्क कोटा एवं एक प्राइवेट स्कूल सोसायटी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को ‘गीतांजलि’ लाइव म्यूजिकल इवनिंग में ग़ज़ल गायक जाज़िम शर्मा अपनी प्रस्तुति देंगे।

सोमवार को इसका पोस्टर विमोचन अध्यक्ष डॉ. विजय सरदाना ने किया। इस अवसर पर सचिव संजीव अग्रवाल, उपाध्यक्ष अनिमेष जैन, कोषाध्यक्ष विकास अजमेरा, सह कोषाध्यक्ष अनिश बिरला मौजूद रहे।

अध्यक्ष सरदाना ने बताया कि कार्यक्रम में गजल, बॉलीवुड एवं सूफी गायक जाजिम शर्मा अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं कोटा की गायिका अलीना भारती ओल्ड बॉलीवुड क्लासिक्स, सूफी और गजल संगीत की प्रस्तुतियों से शाम को खास बनाएंगी।

अनिमेष जैन ने बताया कि ‘गीतांजलि’ का आयोजन 3 अक्टूबर को शाम 7:30 बजे से लॉरेंस एंड मेयो पब्लिक स्कूल, सेक्टर-ए, श्रीनाथपुरम स्थित महाराणा प्रताप ऑडिटोरियम में होगा। दर्शकों के प्रवेश के लिए गेट नंबर-2 निर्धारित किया गया है। आयोजन में ‘सोलफुल गजल्स’, ‘एवरग्रीन बॉलीवुड क्लासिक्स’ और ‘मेस्मराइजिंग सूफी रेंडिशन्स’ के माध्यम से संगीत की विविध विधाओं को मंच प्रदान किया जाएगा।

कौन है जाज़िम शर्मा
विकास अजमेरा ने बताया कि ग़ज़ल गायकी को नई पहचान देने वाले गायक जाज़िम शर्मा अपनी सुरीली आवाज़ और शास्त्रीय गायिकी को आधुनिक अंदाज़ में पेश करने के लिए जाने जाते हैं। वे हिंदी, उर्दू और पंजाबी, तीनों भाषाओं में गाते हैं। जाज़िम ठुमरी और ग़ज़ल में राष्ट्रीय स्तर के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। उन्होंने पंजाब से संगीत में स्नातक किया और मुंबई यूनिवर्सिटी से संगीत में एम.ए. की डिग्री हासिल की है। उन्होंने फ़िल्म ढेढ़ इश्किया के गाने “क्या होगा” से बॉलीवुड में क़दम रखा। बाद में मनमर्ज़ियाँ के दो लोकप्रिय गाने, “ग्रे वाला शेड” और “चोंच लड़ियाँ”, भी उनकी आवाज़ में आए।