कोटा। Fake TTE in Sirsa-Kota Express: यात्रियों की सतर्कता और कोटा मंडल के वाणिज्य विभाग की त्वरित कार्रवाई से गाड़ी संख्या 19814 सिरसा-कोटा एक्सप्रेस में फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों के टिकट जांचने और जुर्माना मांगने वाले एक व्यक्ति को पकड़ा गया।
31 अगस्त की रात्रि करीब 1:40 बजे जयपुर-सवाई माधोपुर रेलखंड पर ट्रेन के शयनयान कोच एस-2 में दो व्यक्ति यात्रियों के टिकट जांचकर जुर्माना मांग रहे थे। उनकी गतिविधि पर संदेह होने पर यात्रियों ने इसकी सूचना वाणिज्य नियंत्रण कक्ष को दी। सूचना मिलते ही ट्रेन में कार्यरत टीटीई भवानी सिंह मीना को तत्काल अवगत कराया गया।
भवानी सिंह मीना ने टीटीई मुकेश मीना एवं मेघराज मीना के साथ एस-2 कोच में पहुंचकर एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया, जबकि उसका दूसरा साथी अगले स्टेशन पर उतरकर फरार हो गया। पकड़े गए व्यक्ति को सवाई माधोपुर में आरपीएफ के सुपुर्द किया गया, जहां नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि यात्रियों की जागरूकता, वाणिज्य नियंत्रण कक्ष की तत्परता और टिकट जांच स्टाफ की त्वरित कार्रवाई से फर्जी टीटीई को पकड़ा जा सका।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि टिकट जांच करने वाले किसी व्यक्ति की पहचान अथवा गतिविधि संदिग्ध लगे तो उससे विवाद न करें। इसकी सूचना तत्काल ट्रेन में मौजूद अधिकृत रेलवे कर्मचारी, आरपीएफ अथवा रेल मदद 139 पर दें। यात्रियों की सतर्कता ऐसी गतिविधियों पर अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

