Crude Oil Price: कच्चे तेल में गिरावट, भाव गिरकर 80 डॉलर के करीब

0
6

नई दिल्ली। Crude Oil Price: कच्चे तेल की कीमतों में आज तेज गिरावट देखने को मिल रही है। WTI क्रूड 2 फीसदी से ज्यादा टूटकर 80 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया है। ब्रेंट क्रूड भी 2 फीसदी से ज्यादा नीचे कारोबार कर रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह होर्मुज को लेकर तनाव कम होने की उम्मीद है।

सुबह करीब 8 बजे WTI क्रूड का अक्टूबर वायदा 2 डॉलर यानी 2.43 फीसदी गिरकर 80.36 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था। वहीं ब्रेंट क्रूड का नवंबर वायदा 1.96 डॉलर यानी 2.25 फीसदी गिरकर 85.31 डॉलर प्रति बैरल के आसपास था।

कच्चा तेल में गिरावट क्यों
कच्चे तेल में गिरावट की सबसे बड़ी वजह होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर आई राहत की खबर है। ईरान और ओमान के बीच इस रास्ते से जहाजों की आवाजाही बेहतर करने को लेकर बातचीत चल रही है। इससे बाजार को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में यहां से तेल की सप्लाई आसान हो सकती है।

होर्मुज कच्चे तेल की सप्लाई के लिहाज से दुनिया के सबसे अहम समुद्री रास्तों में से एक है। यहां तनाव बढ़ने पर तेल ले जाने वाले जहाजों की आवाजाही प्रभावित होने का खतरा बढ़ जाता है। इससे बाजार में तेल की कमी का डर पैदा होता है और कीमतें चढ़ने लगती हैं।

अब अगर इस रास्ते से आवाजाही बेहतर होती है तो तेल की सप्लाई को लेकर डर कम होगा। यही वजह है कि पिछले दिनों तेजी से चढ़े कच्चे तेल में अब बिकवाली देखने को मिल रही है।

ईरान और ओमान की बातचीत
ईरान और ओमान एक अस्थायी समुद्री रास्ता तैयार करने पर बातचीत कर रहे हैं, जिससे जहाजों की आवाजाही आसान हो सके। समुद्र में मौजूद बारूदी सुरंगों को हटाने की दिशा में भी काम होने की खबर है। बाजार के लिए इसका सीधा मतलब है कि अगर बातचीत आगे बढ़ती है तो होर्मुज से तेल की सप्लाई बढ़ सकती है। इसी उम्मीद ने कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बढ़ा दिया है।