बॉक्सर अरुंधति की सफलता देश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा: बिरला

0
9

कोटा। संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर देश, राजस्थान और कोटा-बून्दी का नाम रोशन करने वाली स्टार मुक्केबाज अरुंधति चौधरी के निवास पहुंचकर उन्हें और उनके परिवार को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर भी उपस्थित रहे।

बिरला ने कहा कि अरुंधति की यह ऐतिहासिक उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और अटूट संकल्प का परिणाम है। बचपन से अपने लक्ष्य के प्रति उनकी प्रतिबद्धता आज पूरे देश के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास जताया कि अरुंधति आने वाले समय में विश्व चैंपियनशिप और ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर भी भारत का गौरव बढ़ाएंगी।

उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीतकर अरुंधति ने न केवल देश का मान बढ़ाया है, बल्कि कोटा-बून्दी की बेटियों और युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है। उन्होंने कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर मेहनत के बल पर हर सपना साकार किया जा सकता है।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि कोटा-बून्दी में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप खेल सुविधाओं का विकास उनकी प्राथमिकता है, ताकि क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अरुंधति की सफलता से खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह और बढ़ेगा तथा क्षेत्र से और भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाएंगे।