घरेलू एलपीजी सिलेंडर नहीं हुआ सस्ता, कमर्शियल की कीमत 209 रुपये तक घटी

0
11

नई दिल्‍ली। LPG commercial cylinder: देश की सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में कमी नहीं की, जबकि 19 किलो वाले कमर्शियल या हलवाई सिलेंडर की कीमत में 209 रुपये तक की कटौती की है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक इस कटौती के बाद कोलकाता में अब इसका रेट 2,872.50 रुपये रह गया है। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव की सूचना नहीं है।

ANI के मुताबिक आज से दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में 192 रुपये की कमी हुई है। अब इसकी नई कीमत 2738 रुपये रह गई है। इससे पहले दिल्ली में इसका दाम 2930 रुपये था। पटना में इस सिलेंडर की कीमत 3018 रुपये रह गई है। वहां पहले इसकी कीमत 3227 रुपये थी। इस सिलेंडर का उपयोग होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, कैटरिंग सर्विसेज आदि देने वाले कारोबारी करते हैं।

जुलाई में घटी थी कीमतें
इससे पहले बीते एक जुलाई को भी 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में कटौती हुई थी। तब दिल्ली में इसके दाम में 183.50 रुपये की कटौती की गई थी। उस समय भी घरों में यूज होने वाले 14.2 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

खूब बढ़ी कीमतें
इस साल जनवरी से ही लगातार 19 किलो वाले सिलेंडर की कीमतों में इजाफा हो रहा है। पिछले साल 1 दिसंबर को इस सिलेंडर की कीमत 1580.50 रुपये थी। इस साल एक जनवरी में यह बढ़कर 1691.50 रुपये हो गई। फिर फरवरी में इसे बढ़ाकर 1740.50 रुपये कर दिया गया। मार्च में अमेरिका-ईरान युद्ध की वजह से इसकी कीमत में दो बार बढ़ोतरी की गई थी। एक मार्च को इसकी कीमत बढ़ कर 1768.50 रुपये हुई और 7 मार्च को 1883 रुपये पहुंच गई। फिर 1 अप्रैल को इसका दाम 2078.50 रुपये हो गया। मई में इसमें फिर इसकी कीमत में 993 रुपये की भारी बढ़ोतरी की गई। तब दिल्ली में इसकी कीमत 3,071.50 रुपये पर पहुंच गई थी। जून में इसकी कीमत में 42 रुपये का इजाफा किया गया था।