हिंदी, लाइफ साइंस और भूगोल सबसे लोकप्रिय विषय, जयपुर संभाग से सर्वाधिक आवेदन
कोटा। राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। कोटा विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि इसके बाद किसी भी परिस्थिति में आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। वहीं, आवेदन पत्र में त्रुटि सुधार के लिए 2 अगस्त तक करेक्शन विंडो उपलब्ध रहेगी, जिसमें अभ्यर्थी निर्धारित नियमों के अनुसार एक बार संशोधन कर सकेंगे।
कोटा विश्वविद्यालय के अनुसार 27 जुलाई तक SET-2026 के लिए कुल 1,51,571 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जबकि अंतिम तिथि तक यह संख्या और बढ़ने की संभावना है।
विषयवार आवेदन आंकड़ों से स्पष्ट है कि अभ्यर्थियों की सबसे अधिक रुचि हिंदी (18,819) में रही है। इसके बाद लाइफ साइंसेज (16,120), भूगोल (15,812), इतिहास (15,674), राजनीति विज्ञान (14,059), अंग्रेजी (10,117), केमिकल साइंसेज (9,745), गणित (7,854) तथा कॉमर्स (6,024) प्रमुख विषय रहे। पहली बार शामिल किए गए
जनसंचार एवं पत्रकारिता विषय में 152 तथा संस्कृत (पारंपरिक) में 557 आवेदन प्राप्त हुए हैं। सबसे कम आवेदन पर्शियन (4), सिंधी (25) और पॉपुलेशन स्टडीज (33) विषयों में दर्ज किए गए हैं।
संभागवार आंकड़ों में जयपुर संभाग सर्वाधिक 66,887 आवेदन के साथ पहले स्थान पर है। इसके बाद जोधपुर (19,048), बीकानेर (18,959), उदयपुर (14,516), कोटा (12,392), अजमेर (11,701) तथा भरतपुर (7,070) संभागों से आवेदन प्राप्त हुए हैं।
कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत ने कहा कि SET-2026 उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने अभ्यर्थियों से अंतिम समय में सर्वर पर बढ़ने वाले दबाव से बचने के लिए समय रहते आवेदन पूरा करने तथा आवेदन संख्या प्राप्त होने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया को सफल मानने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जिन अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का संशोधन करना है, वे निर्धारित अवधि में ही कर लें, क्योंकि इसके बाद कोई परिवर्तन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
कॉर्डिनेटर घनश्याम शर्मा ने बताया कि यूजीसी के दिशा-निर्देशों के अनुसार मास्टर डिग्री के द्वितीय सेमेस्टर में अध्ययनरत अथवा परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थी भी SET-2026 के लिए आवेदन कर सकते हैं। हालांकि ऐसे अभ्यर्थियों को परीक्षा परिणाम घोषित होने की तिथि से दो वर्ष के भीतर अपनी स्नातकोत्तर डिग्री निर्धारित अंकों के साथ पूर्ण करनी होगी।
SET-2026 के समन्वयक डॉ. घनश्याम शर्मा ने बताया कि अभ्यर्थियों को आवेदन पत्र में केवल एक बार संशोधन का अवसर मिलेगा। अभ्यर्थी परीक्षा शहर, विषय, जन्मतिथि, लिंग, श्रेणी, उपश्रेणी (PwBD), पीजी विषय सहित निर्धारित विवरणों में संशोधन कर सकेंगे।
नाम, पिता का नाम अथवा माता का नाम—इनमें से केवल किसी एक विवरण में परिवर्तन की अनुमति होगी। संशोधन के बाद आवेदन फ्रीज हो जाएगा और दोबारा कोई बदलाव संभव नहीं होगा।
राजस्थान सरकार के उच्च शिक्षा विभाग द्वारा SET-2026 के आयोजन की जिम्मेदारी कोटा विश्वविद्यालय को सौंपी गई है। परीक्षा 13 सितंबर 2026 को ऑफलाइन (ओएमआर आधारित) आयोजित होगी। इस वर्ष पहली बार जनसंचार एवं पत्रकारिता तथा संस्कृत (पारंपरिक) विषय शामिल किए गए हैं, जिससे कुल विषयों की संख्या 37 हो गई है।

