टेंट एंड डेकोर एक्सपो 2026 6 सितम्बर से कोटा में, तैयारियों को अंतिम रूप दिया

0
35

कोटा। TENT & DECOR EXPO 2026: राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति, जयपुर, ऑल इंडिया टेंट डेकोरेशन वेलफेयर एसोसिएशन, नई दिल्ली तथा कोटा टेंट डीलर्स समिति के संयुक्त तत्वावधान में राजस्थान का 16वां प्रांतीय महाअधिवेशन एवं टेंट एंड डेकोर एक्सपो 2026 का आयोजन 6, 7 एवं 8 सितम्बर को फेज-2 ग्राउंड, दशहरा मैदान, सी.ए.डी. सर्किल, कोटा में किया जायेगा।

कोटा टेंट डीलर समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, सचिव गुरमीत सिंह सन्नी एवं हाडोती टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल ने बताया कि इस महा अघिवेशन के समस्त आयोजनों को अंतिम रूप देने के लिए एक बैठक का आयोजन मंगलवार को कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी की अध्यक्षता मे छावनी स्थित एक होटल में किया गया।

बैठक में जयपुर संभाग के अध्यक्ष अतुल शर्मा, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष विनोद शर्मा, कोषाध्यक्ष रामअवतार एवं हाडोती टेन्ट डीलर्स समिति के कोषाध्यक्ष मोरमान सिंह सहित कई पदाधिकारी मौजूद थे ।

इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि कोटा की पावन धरा पर 24 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद दूसरी बार यह आयोजन होने जा रहा है। कोटा के लिए यह अत्यंत गौरव का विषय है।

इस महाअधिवेशन में देशभर से टेंट, डेकोर एवं इवेंट उद्योग से जुड़े 300 से अधिक प्रदर्शक एवं 10,000 से अधिक टेंट व्यवसायी, निर्माता, सप्लायर्स एवं उद्योग प्रतिनिधि भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि यह महाअधिवेशन केवल एक व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि उद्योग जगत के लिए विचार-विमर्श नवाचार, तकनीकी आदान-प्रदान, व्यापार विस्तार एवं राष्ट्रीय स्तर पर नेटवर्किंग का एक महत्वपूर्ण मंच होगा।

इस आयोजन के माध्यम से कोटा एवं हाड़ौती क्षेत्र को राष्ट्रीय व्यापारिक मानचित्र पर एक नई पहचान एवं प्रतिष्ठा प्राप्त होगी। उन्होंने कहा कि होटल फेडरेशन आफ राजस्थान एवं कोटा व्यापार महासंघ इसमे में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करेगा।

वर्तमान में हाड़ोती में पर्यटन विकास की संभावनाओं को देखते हुए आने वाले समय में कोटा डेस्टीनेशन मेरिज के रूप में भी विकसित हो सकता है। उन्होंने बताया कि इस महा अधिवेशन में आने वाले अतिथियों को जो तीन दिन तक कोटा मे प्रवास करेंगे, उनके आतिथ्य सत्कार के माध्यम से कोई कमी नहीं रखी जाएगी। समस्त कार्य योजना को अंतिम रूप दिया गया है।

महाअधिवेशन में होटल फेडरेशन द्वारा भी एक बड़ा पांडाल लगाया जाएगा। जिसके माध्यम से हाड़ोती के पर्यटन स्थलों का प्रचार प्रचार और प्रमोशन किया जाएगा। इस तरह के आयोजन हाड़ोती की अर्थव्यवस्था एवं पर्यटन को एक नई गतिशीलता प्रदान करेंगे।

इस अवसर पर कोटा टेन्ट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, सचिव गुरमीत सिंह सन्नी एवं हाडोती टेन्ट डीलर समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल ने बताया कि यह हाड़ोती क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।

इस महा आयोजन में इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े सभी क्षेत्रों को एक मंच पर लाने का संगठित प्रयास है, जिसके माध्यम से टेंट लाइट कैटरिंग होटल डेकोरेशन फर्नीचर हैंडीक्राफ्ट आइटम जनरेटर आर्टिफिशियल फ्लावर सहित अनेक क्षेत्रों के उत्पादन का प्रदर्शन किया जाएगा।

इस महा अधिवेशन में देश भर के करीब 15000 टेन्ट वेडिंग से जुड़े प्रतिनिधि भाग लेंगे, जिससे हाड़ोती डेस्टिनेशन वेडिंग के रूप में भी तेजी से उभरेगा। उन्होंने बताया कि इसके आयोजन की तैयारी को इस बैठक मे अन्तिम रूप दिया गया है।

इस महाअधिवेशन के लिए 250 से अधिक स्टाले आवंटित हो चुकी हैं। साथ 12 ए.सी डोम लगाये जाएगे। दिल्ली से आने वाले अतिथियो के लिए आवास एवं भोजन के साथ साथ उन्हे हाड़ोती के पर्यटन स्थलों के भ्रमण की भी व्यापक व्यवस्थाएं की जाएंगी।