श्री माहेश्वरी समाज कोटा की वार्षिक साधारण सभा आज, विकास योजनाओं पर होगा मंथन

0
9

कोटा। श्री माहेश्वरी समाज, कोटा की वार्षिक साधारण सभा एवं प्रधान सभा का आयोजन रविवार को प्रातः 11:15 बजे माहेश्वरी भवन झालावाड़ रोड पर होगी। समाज के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला एवं मंत्री बिट्ठलदास मूंदड़ा ने समाज के सभी सदस्यों से अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर सभा को सफल बनाने की अपील की है।

समाज की ओर से जारी सूचना के अनुसार सभा में पिछले अधिवेशन की कार्यवाही की पुष्टि, वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के आय-व्यय विवरण का अनुमोदन, समाज की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा तथा आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। अध्यक्ष की अनुमति से अन्य महत्वपूर्ण विषय भी विचारार्थ रखे जाएंगे।

इससे पूर्व मंडाना स्थित एक फार्म हाउस के अतिथि गृह में कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आमसभा में प्रस्तुत किए जाने वाले लेखों का परीक्षण एवं अनुमोदन किया गया। बैठक में अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने कहा कि समाज की निरंतर प्रगति सभी सदस्यों के सहयोग और सहभागिता से ही संभव है।

उन्होंने बताया कि समाज द्वारा संचालित श्रीनाथपुरम स्थित माहेश्वरी पब्लिक स्कूल परिसर में आधुनिक वातानुकूलित ऑडिटोरियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है। कोषाध्यक्ष राजेंद्र शारदा ने कार्यकारिणी के समक्ष आय-व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया, जबकि सह मंत्री घनश्याम मूंदड़ा ने महेश नवमी महोत्सव के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया।

पूर्वी राजस्थान माहेश्वरी समाज के प्रदेशाध्यक्ष महेशचंद अजमेरा ने बताया कि समाज को भूमि आवंटन के संबंध में प्रकरण की समीक्षा के लिए फाइल जयपुर भेजी गई है और सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा है।

बैठक में उपाध्यक्ष नंदकिशोर काल्या, सह मंत्री घनश्याम मूंदड़ा, सुरेश काबरा, के.जी. जाखेटिया, प्रमोद कुमार भंडारी, ओमप्रकाश गट्टानी, रामचरण धूत, अविनाश अजमेरा, बृजगोपाल भराड़िया, सरिता मोहता सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।