Market Update: सेंसेक्स 617 अंक उछल कर 77121 पर, निफ्टी 24 हजार के पार

0
10

नई दिल्ली। Stock Market Update: भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को भारी गिरावट आई थी लेकिन आज यह तेजी के साथ खुला है। एशियाई बाजारों में तेजी का असर घरेलू शेयर बाजार पर देखने को मिल रहा है। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 600 अंक से अधिक उछल गया जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 इंडेक्स भी फिर से 24,000 अंक के पार पहुंच गया।

सुबह 10 बजे सेंसेक्स 617.50 अंक यानी 0.81% तेजी के साथ 77,121.10 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी भी 185.55 अंक यानी 0.78% ऊपर 24,067.60 अंक पर पहुंच गया। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और ऑटो शेयरों में खरीदारी के दम पर Sensex और Nifty50 दोनों प्रमुख सूचकांक बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। हालांकि, निवेशकों की नजर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव और उसके वैश्विक बाजारों पर पड़ने वाले असर पर बनी हुई है।

सुबह 11:00 बजे तक Nifty50 147.05 अंक (0.62%) की बढ़त के साथ 24,029.10 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं, Sensex 447.14 अंक (0.58%) चढ़कर 76,950.74 पर पहुंच गया। Nifty50 इंडेक्स में भारती एयरटेल, सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज और इटरनल के शेयर सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले शेयरों में शामिल रहे।

मुख्य सूचकांकों के साथ-साथ ब्रॉडर मार्केट में भी सकारात्मक रुख देखने को मिला। Nifty MidCap इंडेक्स 1.14% और Nifty SmallCap इंडेक्स 1.50% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, जिससे व्यापक स्तर पर निवेशकों की खरीदारी का संकेत मिला।

सेक्टोरल इंडेक्स का हाल
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो Nifty Consumer Durables में सबसे ज्यादा तेजी दर्ज की गई। दूसरी ओर, Nifty IT इंडेक्स पर दबाव बना रहा और यह सबसे ज्यादा गिरावट वाले सेक्टर के रूप में कारोबार करता दिखा।

ग्लोबल मार्केट का हाल

  • गिफ्ट निफ्टी
    बाजार खुलने से पहले GIFT Nifty करीब 78 अंक की बढ़त के साथ 23,988.50 के स्तर पर कारोबार करता दिखाई दिया। इससे संकेत मिल रहे हैं कि Nifty50 की शुरुआत सकारात्मक रह सकती है।
  • एशियाई बाजारों में बढ़त
    एशियाई शेयर बाजारों में गुरुवार को खरीदारी का माहौल देखने को मिला। चिप कंपनियों के शेयरों में तेजी से बाजार को समर्थन मिला। दक्षिण कोरिया का Kospi करीब 2.3 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा था। वहीं, Hang Seng में हल्की कमजोरी रही और यह करीब 0.37 प्रतिशत नीचे कारोबार करता दिखा। निवेशक अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बाजार पर पड़ने वाले असर का आकलन कर रहे हैं।
  • अमेरिकी बाजारों में मिला-जुला कारोबार
    अमेरिकी शेयर बाजारों में बुधवार को उतार-चढ़ाव देखने को मिला। Dow Jones Industrial Average में 1.09 प्रतिशत और S&P 500 में 0.28 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई। वहीं, तकनीकी शेयरों के दम पर Nasdaq Composite 0.20 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ।
  • कच्चे तेल की कीमतों में तेजी
    अमेरिका द्वारा लगातार दूसरे दिन ईरान पर हमले किए जाने के बाद वैश्विक तेल आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ गई है। खासकर Strait of Hormuz के जरिए होने वाली सप्लाई पर असर पड़ने की आशंका से कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है। इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज (ICE) पर जुलाई डिलीवरी वाला क्रूड ऑयल वायदा 78.73 डॉलर प्रति बैरल के आसपास कारोबार करता दिखा।