परिवहन व्यवस्था में गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं, जनता को मिले बेहतर सुविधा: ऊर्जा मंत्री

0
54

कोटा। राजस्थान सरकार के ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने शनिवार को कोटा सर्किट हाउस में प्रादेशिक परिवहन कार्यालय और राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (रोडवेज) के उच्चाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक ली।

इस बैठक में मुख्य रूप से सांगोद क्षेत्र में निजी बस संचालकों और रोडवेज बस संचालकों के बीच उपजे हालिया विवाद और परिवहन व्यवस्था में आ रही अनियमितताओं पर गहन चर्चा की गई। बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी सांगोद नगर के प्रमुख पदाधिकारी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

​बैठक में सांगोद में निजी और रोडवेज बस संचालकों के बीच के विवाद का मामला प्रमुखता से उठा। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने इस पर सख्त नाराजगी जाहिर करते हुए अधिकारियों को दोटूक शब्दों में कहा कि परिवहन क्षेत्र में किसी भी प्रकार की दादागिरी या गुंडागर्दी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि माहौल खराब करने वाले और कानून हाथ में लेने वाले ऐसे असामाजिक तत्वों को तुरंत चिन्हित कर पाबंद किया जाए। क्षेत्र में शांति व्यवस्था और सुचारू परिवहन पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।

समय सारणी में सुधार और महिलाओं की सुरक्षा सर्वोपरि
​मंत्री नागर ने बसों के संचालन में आ रही अनियमितताओं को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर ही आरटीओ मनीष शर्मा से फोन पर बात की और बसों की समय सारणी में देखी जा रही गड़बड़ियों को तुरंत दुरुस्त करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि बसों का संचालन पूरी तरह से समय पर और आम जनता की भावनाओं के अनुरूप होना चाहिए। विशेष रूप से महिलाओं को यात्रा के दौरान हर संभव सुविधा और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जाए। जनता को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

​जनता की सुविधा के अनुसार चलेंगी नई बसें
​ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि क्षेत्र में जो भी नई बसें शुरू की जा रही हैं, उनका रूट और समय सारणी पूरी तरह से आम जनता की सहूलियत को ध्यान में रखकर तय किया जाए। उन्होंने रोडवेज प्रबंधन को बसों के फेरे बढ़ाने और यात्रियों को बेहतर सेवाएं देने के निर्देश दिए।

बैठक के अंत में अधिकारियों ने मंत्री जी को आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों की पालना में तुरंत कार्रवाई की जाएगी और जनता की सुविधा के लिए समय सारणी को पारदर्शी बनाया जाएगा।

बैठक में जिला कोषाध्यक्ष कृष्ण कुमार गर्ग, भाजपा नगर अध्यक्ष चन्द्रप्रकाश सोनी, महामन्त्री प्रवीण गर्ग, बुद्धिप्रकाश राठौर, उपाध्यक्ष प्रदीप सोनी, रामावतार वर्मा, शिवप्रसाद गौत्तम, हेमन्त गर्ग आदि सभी मौजूद रहे।