Stock Market में तूफानी तेजी, निवेशकों को 13 लाख करोड़ रुपये का फायदा

0
9

नई दिल्ली। Stock Market Update: एशियाई बाजारों से पॉजिटिव रुख के बीच भारतीय शेयर बाजार नए वित्त वर्ष 2026-27 के पहले दिन यानी बुधवार (1 अप्रैल) को बढ़त के साथ खुले। अरसे बाद शेयर मार्केट में रौनक लौटी है। सेंसेक्स-निफ्टी में तूफानी तेजी से निवेशकों को 13 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ। 

सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों में 2 प्रतिशत से अधिक की तेजी दर्ज की गई। सेंसेक्स 2,000 अंकों से अधिक उछलकर 73,965 के लेवल पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी 50 में 600 अंकों से अधिक का उछाल देखा गया और यह 22,941 के डे हाई पर जा पहुंचा।

बीएसई के मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी 4 प्रतिशत तक की तेजी आई। इस तेजी के चलते बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप 412 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 425 लाख करोड़ रुपये हो गया, जिससे निवेशकों को 13 लाख करोड़ रुपये का फायदा हुआ।

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 73,762 अंक पर खुला। जबकि सोमवार को यह 71,947 पर बंद हुआ था। सुबह 9:22 बजे यह 1830.45 अंक या 2.54 फीसदी की बढ़त लेकर 73,778 पर कारोबार कर रहा था।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी-50 (Nifty-50) 22,899 पर खुला। यह सोमवार को 22,331 पर बंद हुआ था। सुबह 9:24 बजे यह 563.50 अंक या 2.52 प्रतिशत की जोरदार तेजी के साथ 22,894 पर ट्रेड कर रहा था।

अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध दो या तीन हफ्तों में समाप्त हो सकता है। इसका बाजार के सेंटीमेंट्स पर पॉजिटिव असर पड़ा। बाजार में हालिया गिरावट के बाद निचले स्तर पर खरीदारी से भी सपोर्ट मिला है। इंडेक्स हैवीवेट एचडीएफ़सी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एलएंडटी के शेयरों में तेजी से इंडेक्स को चढ़ने में मदद मिली।

ग्लोबल मार्केट के संकेत
एशियाई बाजारों में तेजी देखी गई। कोस्पी इंडेक्स सबसे आगे रहा और इसमें 5 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज हुई। जापान का निक्केई 225 और चीन का सीएसआई 300 क्रमशः 3.9 प्रतिशत और 1.3 प्रतिशत ऊपर कारोबार कर रहे थे।

अमेरिकी शेयर बाजारों में एसएंडपी 500 और डॉव जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज में क्रमशः 2.5 प्रतिशत और 2.9 प्रतिशत की तेजी आई। नैस्डैक कंपोजिट 3.8 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ। आंकड़ों के अनुसार, अमेरिका में कच्चे तेल का उत्पादन फरवरी 2025 के बाद सबसे ज्यादा घटा है।