कोटा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के सचिव शिवकान्त नंदवाना ने गुरुवार को एक बयान जारी करते हुए रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में 60 रुपये की वृद्धि और बिजली बिलों में 1 रुपये प्रति यूनिट रेगुलेटरी चार्ज बढ़ाए जाने के निर्णय की तीखी आलोचना की है।
उन्होंने इस फैसले को आम जनता के साथ विश्वासघात करार देते हुए कहा कि महंगाई की दोहरी मार झेल रहे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए यह बढ़ोतरी असहनीय और पूरी तरह से अस्वीकार्य है।
नंदवाना ने कहा कि रसोई गैस आज के समय में हर घर की बुनियादी जरूरत है। इसकी कीमतों में एकाएक की गई इस वृद्धि से न केवल रसोई का बजट बिगड़ेगा, बल्कि इसका सबसे बुरा प्रभाव समाज के मजदूर, किसान और निम्न आय वर्ग के लोगों पर पड़ेगा।
उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ जनता को राहत देने के बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी जेबों पर डाका डाला जा रहा है। महंगाई पहले से ही चरम पर है और ऐसे में गैस के दाम बढ़ाना संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है।
पीसीसी सचिव नंदवाना ने कहा कि बढ़ी हुई कीमतों के साथ-साथ वर्तमान में गैस सिलेंडरों की भारी अनुपलब्धता ने संकट को और गहरा कर दिया है। लोगों को बुकिंग के बाद कई-कई दिनों तक सिलेंडर के लिए इंतजार करना पड़ रहा है। जिससे घरों में चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है।
उन्होंने कहा कि इस कुप्रबंधन की सबसे ज्यादा मार महिलाओं पर पड़ रही है। जिनका घरेलू कामकाज पूरी तरह बाधित हो गया है। सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि जब कीमतें बढ़ाई जा रही हैं, तो आपूर्ति सुनिश्चित करने में सिस्टम विफल क्यों है?
नंदवाना ने कहा कि बिजली की दरों में रेगुलेटरी चार्ज के नाम पर की गई बढ़ोतरी पर आपत्ति जताते हुए शिवकान्त नंदवाना ने कहा कि प्रति यूनिट 1 रुपये की वृद्धि कोई छोटी राशि नहीं है। यह घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे दुकानदारों और किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालेगी।
उन्होंने कहा कि बिजली की लागत बढ़ने से बाजार में वस्तुओं के दाम भी बढ़ेंगे। जिससे महंगाई का एक नया चक्र शुरू होगा। सरकार की ये नीतियां आम आदमी के जीवन को सुगम बनाने के बजाय और अधिक कठिन बना रही हैं।
नंदवाना ने सरकार को चेतावनी देते हुए मांग की है कि बिजली और गैस की बढ़ी हुई दरों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार को अपने इस जनविरोधी निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रदेश में रसोई गैस की कालाबाजारी रुके।
उन्होंने कहा कि समय पर पर्याप्त मात्रा में सिलेंडरों की आपूर्ति हो। यदि सरकार ने समय रहते राहत प्रदान नहीं की, तो जनता के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस की ओर से सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।

