कोटा। KPL 2026: कोटा प्रीमियर लीग 2026 का खिताबी मुकाबला रविवार को कोटा टीम ने जीआर जयपुर को हरा कर 26 रनों से जीत लिया।
कोटा जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सीनियर टी-20 क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में कोटा टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम की ओर से बल्लेबाजी करने उतरे सलामी बल्लेबाज दिव्यप्रताप सिंह हाड़ा और सुमित गोदारा ने पहले विकेट के लिए 98 रन जोड़े तथा टीम ने 198 रनों का चुनौती पूर्ण लक्ष्य खड़ा किया।

कोटा टीम की ओर से बल्लेबाजी करते हुए कप्तान दिव्यप्रताप सिंह हाडा ने 38 गेंद पर 67 रन की अर्धशतकीय पारी खेली जबकि सुमित गोदारा ने 46 रन और शुभम गढ़वाल ने 27 रनों का महत्वपूर्ण योगदान किया।
जीआर जयपुर की ओर से गेंदबाजी करते हुए कार्तिकेय सिंह ने तीन विकेट, रोहित खींचड़ ने दो विकेट तथा कुलवंत खेजरोलिया और आशीष चोपड़ा ने एक-एक विकेट लिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी जीआर जयपुर की टीम के बल्लेबाजों ने संघर्षपूर्ण पारियां खेली परंतु टीम खिताब जीतने से 26 रन दूर रह गई।
टीम की ओर से बल्लेबाजी करते हुए रोहन राजभर ने 45 रन रोहित खींचड़ ने 40 रन तथा महिपाल लोमरोर ने 22 रनों का योगदान किया। कोटा टीम की ओर से गेंदबाजी करते हुए हिमांशु नेहरा ने 4 विकेट, विशाल गोदारा ने दो विकेट तथा गणेश सुथार, शिवम शुक्ला और दिव्यप्रताप सिंह ने एक-एक विकेट लिया।
कोटा टीम ने 26 रनों से खिताबी मुकाबला जीत लिया तथा प्लेयर ऑफ द फाइनल हिमांशु नेहरा रहे। प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी एवं सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज दिव्यप्रताप सिंह हाड़ा रहे। इसके साथ ही सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज रोहित खींचड़, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षक अशोक सिंह, सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर हर्ष यादव तथा प्रतियोगिता का उभरता हुआ खिलाड़ी प्रखर शर्मा रहे।
शिल्पा शेट्टी ने किया खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में स्टेडियम में मौजूद सभी दर्शकों और देशभर से आए हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने के लिए सुप्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने स्टेडियम पहुंचकर सभी दर्शकों और खिलाड़ियों का अभिवादन कर उत्साहवर्धन किया।
बिरला ने विजेता टीमों को ट्रॉफी भेंट की
फाइनल मुकाबले के दौरान मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी भेंट कर पारितोषिक प्रदान किया। इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष कोटा शहर राकेश जैन, कोटा बूंदी सरस डेयरी चेयरमैन चैन सिंह राठौड़ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

