लाइव बैंड, डांस ग्रुप और कॉमेडी नाइट ने बनाई यादगार नववर्ष संध्या

0
8

कोटा। नववर्ष 2026 के स्वागत के उपलक्ष्य में 31 दिसंबर को शहर में भव्य ‘स्टार नाइट न्यू ईयर पार्टी 2026 का आयोजन उल्लास के साथ किया गया।इस विशेष कार्यक्रम में कला, मनोरंजन और चैरिटी का प्रभावशाली संगम देखने को मिला। आयोजक रॉकी शर्मा के बताया कि कार्यक्रम में लाइव बैंड, कॉमेडी नाइट, ऊर्जावान डांसिंग ग्रुप तथा इंडिया गॉट टैलेंट से जुड़े कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।

कार्यक्रम का मंच संचालन अरुण सिंह चौहान ने किया। आयोजकों ने बताया कि इस स्टार नाइट से प्राप्त आय का उपयोग मूक-बधिर बच्चों की सुविधाओं और आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने में किया जाएगा, जिससे मनोरंजन के साथ सामाजिक दायित्व भी निभाया गया।

संगीत साधना के बिना सफलता अधूरी है: मेहंदी
अपने संबोधन में जे.डी. मेहंदी ने युवाओं और उभरते कलाकारों को संगीत साधना का महत्व समझाते हुए कहा कि केवल कुछ दिनों के रियाज से एल्बम तो बन सकती है। लेकिन सच्चा कलाकार वही है जो निरंतर साधना करे। उन्होंने अच्छे गीत सुनने, अच्छे लोगों के सान्निध्य में रहने और संगीत की मूल आत्मा को समझने पर जोर दिया। मेहंदी ने वर्तमान में पंजाबी गीतों में बढ़ती हिंसक शब्दावली पर चिंता जताते हुए कहा कि कट्टा, बंदूक और धौंसबाजी जैसे शब्द समाज को गलत संदेश देते हैं। पहले के गीत प्रेम और भावनाओं से भरपूर होते थे, जो दिलों को छू जाते थे।

त्योहार मिलजुल कर मनायें: प्रताप फौजदार
नववर्ष की संध्या पर कोटा आए राष्ट्रीय हास्य कवि प्रताप सिंह फौजदार ने कहा कि कोटा उनका पसंदीदा शहर है और यहां के लोग कलाकारों की सच्ची कद्र करते हैं। उन्होंने कोटा के दशहरा मेले को याद करते हुए कहा कि वहां काव्य पाठ के दौरान उन्हें अपार स्नेह मिला। युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी तीज-त्योहार मिलजुल कर मनाने चाहिए, किसी में छोटा-बड़ा नहीं होता। जीवन का समय सीमित है, इसलिए उत्सवों का आनंद लेना चाहिए।