संसार के लिए पथ प्रदर्शक है मुनि सुधासागर जी का जीवन: बिरला

0
5

सागर में 42वें दीक्षा दिवस समारोह में सम्मिलित हुए स्पीकर बिरला

सागर। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को मध्यप्रदेश के सागर स्थित भाग्योदय तीर्थ में आयोजित 42वें दीक्षा दिवस समारोह में सम्मिलित होकर परम पूज्य निर्यापक श्रमण मुनि पुंगव श्री 108 सुधा सागर जी का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मुनिश्री के सानिध्य में हजारों श्रद्धालुओं के लिए आयोजित आत्मसाधना शिविर में बिरला ने कहा कि गुरुदेव का आशीर्वाद मिलना सौभाग्य का विषय है, उनका सानिध्य हमेशा नई आध्यात्मिक चेतना और मार्गदर्शन प्रदान करता है।

अपनी कठिन तपस्या और साधना से श्रद्धेय मुनिवर ने अध्यात्म का शिखर छुआ है, वे अपने कृतित्व से जीव जगत का कल्याण कर रहे हैं। परोपकार के लिए समर्पित जैन परंपरा के महान तीर्थंकर सुधा सागर जी महाराज का जीवन सम्पूर्ण संसार के लिए पथ प्रदर्शक है। जीवमात्र के प्रति दया, करुणा, शांति और विनय जैसे महान मूल्य ही वैश्विक उन्नति को प्रशस्त करते हैं।

महावीर के संदेश की विश्व को जरूरत
बिरला ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी के उपदेशों ने सदैव भारत को राह दिखाई है। वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में भी अहिंसा परमोधर्म के प्राणमंत्र की महती आवश्यकता है। यही एक नारा है जो प्राणिमात्र के हित में है, यही मानव सभ्यता की अंतिम आशा है, यही संसार में शांति की स्थापना कर सकता है। जैन समाज ने भारत के सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक उत्थान में सदैव अपनी महती भूमिका निभाई है।

वटवृक्ष के जैसा है जीवन
भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन ने कहा कि मुनि सुधासागर जी महाराज का जीवन वटवृक्ष के समान है जिससे हमें सरलता, प्रेम और ज्ञान रूपी छाया मिलती है। महाराजश्री के विचार और शिक्षाएं केवल जैन धर्मावलम्बियों के लिए नहीं बल्कि सभी के लिए मार्गदर्शक हैं। गुरुदेव की प्रेरणा से कोटा ,झालावाड़, बूंदी ही नहीं अनेक राज्यों में भी निःशुल्क विद्यालय, चिकित्सा संस्थान, गौशाला सहित सामाजिक सरोकारों की सैकड़ों संस्थाएं प्रण पन से समाज हित और देश हित में कार्य कर रही हैं।