सेंसेक्स 1000 अंक से अधिक लुढ़क कर बंद, निवेशकों के 3.11 लाख करोड़ रुपये डूबे

0
174

मुंबई। सेंसेक्स और निफ्टी हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन गिरावट के साथ बंद हुए। सेंसेक्स करीब 1016.84 अंक या 1.84% की गिरावट के साथ 54,303.44 पर और निफ्टी 276.30 अंक या 1.68% की गिरावट के साथ 16,201.80 पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में इंफोसिस, बजाज फाइनेंस, विप्रो, कोटक बैंक और HDFC में 2 से 4% की गिरावट रही। दिन चढ़ने के साथ उनमें गिरावट बढ़ती गई। दोपहर बाद 2.45 बजे सेंसेक्स 1057.28 अंक यानी 1.91% गिरावट के साथ 54,263.00 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी भी 287.50 यानी 1.74% गिरावट के साथ 16,190.60 पर आ गया। इस गिरावट से निवेशकों के 3.11 लाख करोड़ रुपये स्वाहा हो गए। बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप गिरकर 251 लाख करोड़ रुपये रह गया।

आईटी, बैंकिंग और वित्तीय शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई है। साथ ही देश की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज में भारी गिरावट ने भी प्रमुख सूचकांकों को नुकसान हुआ। सेंसेक्स आज 560.03 अंक या 1.01% की गिरावट के साथ 54,760.25 पर और निफ्टी 184.70 अंक या 1.12% की गिरावट के साथ 16,283.95 पर खुला था।

सभी सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट
निफ्टी के सभी सेक्टोरल इंडेक्स में गिरावट है। सबसे ज्यादा 1.81% की गिरावट IT इंडेक्स में है। इसके बाद बैंक फाइनेंशियल सर्विस, मेटल और प्राइवेट बैंक में 1% तक की गिरावट है। वहीं ऑटो FMCG, मीडिया, फार्मा, PSU बैंक और रियल्टी में मामूली गिरावट है।

रुपया 77.82 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर
शुक्रवार को शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 8 पैसे टूटकर 77.82 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर आ गया। इंटर बैंक विदेशी मुद्रा में, रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 77.81 पर कमजोर नोट पर खुला था। गुरुवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 6 पैसे गिरकर 77.74 पर बंद हुआ था। वहीं ग्लोबल ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड फ्यूचर 0.66% गिरकर 122.26 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।