कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने अपने दो दिवसीय कोटा मंडल निरीक्षण कार्यक्रम के तहत मंडल में चल रहे विकास कार्यों, यात्री सुविधाओं और तकनीकी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण से पहले उन्होंने सभागार में मंडल रेल प्रबंधक, मंडल के सभी मुख्य परियोजना प्रबंधकों एवं शाखा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति एवं परियोजनाओं की स्थिति की जानकारी ली गई।
महाप्रबंधक ने संबंधित अधिकारियों को विकास कार्यों में अपेक्षित गति बनाए रखते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में तेजी के साथ सुरक्षा एवं गुणवत्ता मानकों का भी पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए। इसके बाद उन्होंने मंडल कार्यालय स्थित वार रूम एवं कंट्रोल कार्यालय का निरीक्षण किया।

आईओएच डिपो का उद्घाटन
समीक्षा बैठक के बाद महाप्रबंधक श्री दिलीप कुमार सिंह ने नवनिर्मित आईओएच डिपो के शिलापट्ट का अनावरण कर विधिवत उद्घाटन किया। डिपो में कंप्यूटर ऑपरेटेड सिंगल कार टेस्ट रिग, कंप्यूटर ऑपरेटेड ऑटोमेटिक डैम्पर टेस्टिंग मशीन, हाइड्रोलिक प्रेस, डिजिटल व्हील गेज, डिजिटल 3-लेग माइक्रोमीटर, डिजिटल टॉर्क टेस्टर, डिजिटल न्यूमेटिक टॉर्क रिंच एवं सीसीटीवी सर्विलांस सिस्टम सहित आधुनिक डिजिटल मशीनें एवं उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
इस दौरान एलएचबी कोच के जनरेटर रूम साइड स्थित ट्रेन मैनेजर रूम में मॉडिफाई किए गए हैंड ब्रेक इंडिकेटर के बारे में भी महाप्रबंधक को जानकारी दी गई।
उन्होंने आधुनिक उपकरणों एवं तकनीकी नवाचारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन सुविधाओं से कोचों के अनुरक्षण एवं परीक्षण कार्यों में तकनीकी दक्षता बढ़ने के साथ-साथ गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
न्यू कोटा में निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश
इसके बाद महाप्रबंधक ने न्यू कोटा स्टेशन का निरीक्षण किया तथा वहां चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने फुट ओवर ब्रिज, वेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म एवं कॉन्कोर्स के निर्माण कार्यों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं आगामी कार्ययोजना के बारे में जानकारी प्राप्त की।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की गति बढ़ाने तथा उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों में तेजी के साथ निर्माण की गुणवत्ता, यात्री सुविधाओं और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि परियोजनाओं का लाभ यात्रियों को समय पर मिल सके।
आरआरआई एवं फूड एग्रीगेटर आउटलेट का निरीक्षण
महाप्रबंधक ने कोटा स्टेशन का निरीक्षण कर लेआउट प्लान एवं विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली। उन्होंने विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ कार्यों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात उन्होंने कोटा स्टेशन पर स्थित स्विगी फूड एग्रीगेटर आउटलेट का निरीक्षण किया। इस आउटलेट के माध्यम से रेल यात्रियों को ट्रेनों में भोजन की सुविधा मिलेगी।
इसके बाद महाप्रबंधक ने कोटा रूट रिले इंटरलॉकिंग (आरआरआई) का निरीक्षण किया तथा सिग्नलिंग एवं परिचालन से संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने यात्री सुविधाओं, रेल सुरक्षा और अनुरक्षण कार्यों में गुणवत्ता एवं तकनीकी दक्षता को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए संबंधित कार्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि चल रहे विकास एवं निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जाए और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित की जाए, ताकि परियोजनाएं समय पर पूरी होकर यात्रियों एवं रेल उपयोगकर्ताओं को उनका लाभ मिल सके। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक अनिल कालरा सहित मंडल के सभी शाखा अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

