स्कोडा स्लाविया का नया फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च, जानिए कीमत एवं फीचर्स

0
5

नई दिल्ली। भारतीय कार लवर्स और सेडान प्रेमियों के लिए एक बेहद शानदार खबर सामने आई है। स्कोडा ऑटो इंडिया ने देश में अपनी पॉपुलर सेडान स्कोडा स्लाविया (Skoda Slavia) का नया फेसलिफ्ट मॉडल पेश कर दिया है।

बता दें कि 2026 मॉडल ईयर के लिए अपडेट की गई इस सेडान में कई नए डिजाइन एलिमेंट्स, नया केबिन लेआउट और शानदार फीचर्स शामिल किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव इसमें मिलने वाला नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स है। कंपनी ने आज से ही इस नई कार की प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। जल्द ही इसकी कीमतों का भी ऐलान कर दिया जाएगा।

10 कलर ऑप्शन
नई स्कोडा स्लाविया फेसलिफ्ट में ग्राहकों को कुल 10 कलर ऑप्शंस मिलेंगे। इनमें से ‘आर्कटिक सिल्वर’ और ‘कैपुचिनो बेज’ दो बिल्कुल नए रंग हैं। यह कार पांच स्टैंडर्ड ट्रिम्स के साथ-साथ टॉप-ऑफ-द-लाइन ‘मोंटे कार्लो’ ट्रिम में उपलब्ध होगी। हालांकि, कैपुचिनो बेज कलर की डिलीवरी दिसंबर, 2026 से शुरू होगी। डिजाइन की बात करें तो इसमें नए फ्रंट ग्रिल, स्लीक फॉग लाइट्स, नई एलईडी हेडलाइट्स, नया DRL सिग्नेचर और सीक्वेंशियल टर्न इंडिकेटर्स दिए गए हैं। इसके मोंटे कार्लो वेरिएंट में स्पोर्टी रेड ब्रेक कैलीपर्स, ग्रिल पर रेड स्ट्रिप्स और ऑल-ब्लैक इंटीरियर मिलता है।

केबिन और फीचर्स
कार के अंदर का डैशबोर्ड लेआउट काफी हद तक पहले जैसा ही है। हालांकि, अब इसमें कई मॉडर्न फीचर्स जोड़ दिए गए हैं। इसमें नया 10.25-इंच का डिजिटल TFT क्लस्टर दिया गया है, जो टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन को सपोर्ट करता है। इसके अलावा, 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो एंड ऐप्पल कारप्ले को सपोर्ट करता है। नई स्लाविया में 360-डिग्री कैमरा दिया गया है, जो पार्किंग को बेहद आसान बनाएगा।

8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स
परफॉर्मेंस के मामले में स्कोडा स्लाविया फेसलिफ्ट को और ज्यादा रिफाइंड बनाया गया है। इसमें 1.0-लीटर TSI इंजन के साथ एक नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है, जो 115bhp की पावर और 178Nm का टॉर्क जनरेट करता है। यह इंजन 6-स्पीड मैनुअल और नए 8-स्पीड ऑटोमैटिक दोनों ऑप्शन में उपलब्ध है। इसके अलावा, कार में पावरफुल 1.5-लीटर TSI इंजन का भी ऑप्शन है, जो 148 bhp की पावर और 250 Nm का टॉर्क देता है।

सेफ्टी और मिसिंग फीचर्स
सुरक्षा के लिहाज से नई स्लाविया में 6-एयरबैग्स, कूल्ड ग्लवबॉक्स, क्रूज कंट्रोल, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, सिंगल-पैन सनरूफ, वायरलेस चार्जर, ऑटो-डिमिंग IRVM और रियर एसी वेंट्स जैसे कई जरूरी फीचर्स पहले की तरह ही मिलते रहेंगे। हालांकि, इस अपडेट में ग्राहकों को ADAS, रियर वेंटिलेटेड सीट्स या रियर सन ब्लाइंड्स जैसे फीचर्स की कमी महसूस हो सकती है। फिर भी, अपनी बेहतरीन ड्राइविंग डायनामिक्स, नए गियरबॉक्स और प्रीमियम लुक के दम पर यह लोगों के बीच जाने के लिए तैयार है।