23 करोड़ में बनी ‘The Accidental Prime Minister’ फिल्म रिलीज

750

नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह पर आधारित फिल्म ‘ The Accidental Prime Minister’आज रिलीज होने जा रही है। यह फिल्म पॉलिटिकल कमेंटेटर संजय बारू की कंट्रोवर्शियल किताब ‘ द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ पर बेस्ड है। फिल्म में मनमोहन सिंह का किरदार अनुपम खेर ने और सोनिया गांधी का किरदार जर्मन एक्ट्रेस सुजैन बर्नेट ने निभाया है। राहुल गांधी की भूमिका में अर्जुन माथुर नजर आएंगे।

ट्रेलर लाॅन्च होने के बाद से ही यह फिल्म विवादों में रही है। ट्रेलर से साफ है कि इस फिल्म में कांग्रेस के अंदर का टकराव बताया गया है। लगभग 23 करोड़ के बजट में बनी यह फिल्म पूर्व प्रधानमंत्री डॉ मनमोहन सिंह की बायोग्राफी है इसमें कई कांग्रेसी चेहरों को देखा जाएगा। यह फिल्म11 जनवरी 2019 यानी कल रिलीज होगी।

फिल्म रिलीज होने का रास्ता हुआ साफ
दिल्ली हाईकोर्ट ने फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ के प्रोमो और फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की मांग करने वाली जनहित याचिका खारिज की। कोर्ट ने कहा कि इस मामले में प्रभवित लोग ही याचिका दाखिल करने का अधिकार रखते हैं।

इसलिए यह जनहित से जुड़ा मामला नहीं है, लिहाज़ा हम इस PIL को खारिज कर रहे हैं। ट्रेलर रिलीज होते ही इस फिल्म पर विवाद जोर पकड़ने लगा। इसमें भाजपा सांसद किरण खेर के प्रसिद्ध अभिनेता पति अनुपम खेर और भाजपा सांसद रहे चर्चित अभिनेता विनोद खन्ना के बेटे अक्षय खन्ना ने प्रमुख भूमिका निभाई है।

सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह का तकरार देखने को मिलेगा
इस ट्रेलर में सोनिया गांधी द्वारा प्रधानमंत्री बनाए जाने के बाद मनमोहन सिंह देशभर में उठने वाले सवालों के जवाब देते नजर आएंगे। ट्रेलर में सोनिया गांधी की छवि को निगेटिव दिखाया गया है। मनमोहन के किरदार में अनुपम खेर बोलते है कि देश के विकास के लिए हमको न्यूक्लियर एनर्जी चाहिए, वहीं सोनिया गांधी का मानना होता है कि यह पार्टी को स्वीकार नहीं है।

फिल्म की शूटिंग लंदन और दिल्ली में हुई है
अनुपम की राजनीतिक विचारधारा जगजाहिर है, जिसे देखते हुए यह देखना दिलचस्प होगा कि वह फिल्म में मनमोहन सिंह का किरदार कैसे निभाते हैं। अक्षय खन्ना अहम किरदार में दिखेंगे, हंसल मेहता इसके क्रिएटिव प्रोड्यूसर होंगे। फिल्म की शूटिंग लंदन के अलावा इंडिया के अलग-अलग हिस्सों में की गई है।