Thursday, June 18, 2026
Home Blog Page 5713

सेंसेक्स 322 अंक बढ़कर 31771 पर बंद

नई दिल्ली। बुधवार को शेयर बाजार बढ़त के साथ खुला और बंद भी हुआ। सेंसेक्स में जहां करीब 322 पॉइंट की बढ़त दर्ज हुई वहीं निफ्टी करीब 103 पॉइंट बढ़त के साथ बंद हुआ।

कारोबार बंद होने पर सेंसेक्स करीब 31771 और निफ्टी 9897 पॉइंट पर रहा। मेटल, फॉर्मा, ऑटो और एफएमसीजी के अच्छे कारोबार की वजह से सेंसेक्स और निफ्टी दिन में क्रमशः 31806 और 9904 पॉइंट तक पहुंचे।

निफ्टी में टेक महिंद्रा, सिप्ला, टाटा मोटर्स, बैंक ऑफ बड़ौदा, टाटा पावर, सन फार्मा, आईटीसी, वेदांता, हिंदुस्तान लीवर, हिंडाल्को और इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनैंस ने अच्छा मुनाफा कमाया।

इन सबने 2 फीसदी से अधिक की बढ़त दर्ज की। हालांकि पावर ग्रिड, एशियन पेंट्स, यस बैंक, एनटीपीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, ल्यूपिन और लारसन ऐंड टूब्रो को झटका लगा।

रिलायंस पर लगाया 1700 करोड़ का जुर्माना

सरकार ने लक्ष्य से कम नेचुरल गैस का उत्पादन करने पर लगाया जुर्माना 

नई दिल्ली। सरकार ने रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) और उसके साझेदारों पर 264 मिलियन (करीब 1700 करोड़ रुपए) का जुर्माना लगाया है। सरकार ने यह जुर्माना वर्ष 2015-16 में पूर्वी ऑफश्योर केजी (कृष्णा-गोदावरी बेसिन के फील्ड) डी6 से लक्ष्य से कम नेचुरल गैस का उत्पादन करने पर लगाया है।

पेट्रोलियम मंत्रालय के एक अधिकारी का कहना है कि कंपनी पर कुल जुर्माना, जो कि अप्रैल 2010 से छह वर्ष में इस परियोजना में उत्पादन लक्ष्य से पीछे रहने के कारण, 3.02 अरब डॉलर का लगाया जा चुका है।

प्रोडक्शन शेयरिंग कॉन्ट्रैक्ट (पीएससी) आरआईएल और उसके साझेदारों ब्रिटिश कंपनी बीपी और कनाडा की निको रिसोर्सेज को सरकार के साथ लाभ साझा करने से पहले गैस की बिक्री से हुई कमाई और परिचालन खर्चे डिडक्ट करने की अनुमति देता है।

इस परिेयोजना का विकास और परिचालन वसूलने पर रोक से उत्पादन लाभ में सरकार का हिस्सा बढ़ेगा। अधिकारी ने बताया है कि सरकार ने दावा किया है कि परियोजना विकास और परिचालन वसूलने पर रोक से उसे 175 मिलियन अमेरिकी डॉलर का अतिरिक्त लाभ हुआ है।

इस परियोजना के धीरूभाई अंबानी-1 और 3 गैस फील्ड में दैनिक 8 करोड़ क्यूबिक मीटर के उत्पादन के लक्ष्य से साथ परियोजना खर्च की मंजूरी दी गई थी।

शुद्ध गोल्ड के निर्यात पर सरकार ने लगाई रोक

नई दिल्ली । भारत ने ट्रेड में हो रही अनियमितओं पर लगाम लगाने के उद्देश्य से गोल्ड प्रोडक्ट्स, जिनकी शुद्धता 22 कैरेट से ऊपर है, के निर्यात को तुरंत प्रभाव से बैन कर दिया है। डाइरेक्टरट जनरल ऑफ फॉरेन ट्रेड ने एक नोटिस जारी किया है जिसमें 22 कैरेट से ऊपर की गोल्ड ज्वैलरी, कॉइन या मैडेलियन (पदक) के शिपमेंट को बैन कर दिया है।

इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन के ज्वाइंट सेक्रेटरी केतन श्रॉफ ने कहा, “सरकार ने यह फैसला सोने के ट्रेड में अनियमितओं को कम करने के लिए लिया है।  कुछ ट्रेडर्स भारत के कुछ देशों के साथ हुए व्यापार समझौते के आधार पर सोने का आयात कम टैक्स पर करते थे।

इसके बाद इस सोने को दूसरे देशों को एक्सपोर्ट कर देते थे। इसी तरह गहनों और सिक्कों की राउंड ट्रिपिंग गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने यह कदम उठाया है।”  उन्होंने यह भी बताया कि इससे निर्यातकों को फायदा होगा। उन्हें मौजूदा गोल्ड पर लगने वाला 10 फीसद इंपोर्ट टैक्स नहीं देना पड़ेगा।

माना जा रहा है कि सोने का भारतीय आयात बीते वर्ष की तुलना से दोगुना हो गया है। इसकी एक वजह दक्षिण कोरिया से सोने की खरीद में आई तेजी भी है।  भारत और दक्षिण कोरिया के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट हुआ है। मार्च में समाप्त हुए वित्तीय वर्ष में गोल्ड मैडेलियन और कॉइन देश के कुल गेम्स एंड ज्वैलरी के निर्यात का 15 फीसद हिस्सा था।

एनसीडीईएक्स के MD शाह का कार्यकाल बढ़ाने की मंजूरी

0

नयी दिल्ली। बाजार नियामक सेबी ने एनसीडीईएक्स के सीईओ तथा प्रबंध निदेशक समीर शाह का कार्यकाल छह महीने बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। इस बीच, जिंस बाजार से नये उम्मीदवार के चयन के लिये विग्यापन जारी किया है।

शाह को 2013 में पूर्व वायदा बाजार आयोग एफएमसी के नियामकीय मसौदे के तहत तीन साल के लिये 2016 में किया गया। बाद में उनका कार्यकाल 20 अगस्त 2017 तक के लिये बढ़ा दिया गया।

शाह ने कहा, सेबी ने दो साल के बजाए केवल छह महीने के लिये कार्यकाल बढ़ाया है क्योंकि नियामक चाहता है कि बोर्ड सेबी की मंजूरी वाली पारदर्शी चयन प्रक्रिया के जरिये मेरी नियुक्ति को मंजूरी दे।

बोर्ड ने पिछले साल शाह का कार्यकाल तीन साल के लिये बढ़ाया था। हालांकि अरंडी वायदा मामले में संदिग्ध गड़बड़ी के कारण एनसीडीईएक्स के निदेशक मंडल ने शेष दो साल के कार्यकाल पर शर्त लगा दी थी।

शाह ने कहा, अरंडी मामला अब सुलझा गया है। अगर बोर्ड चयन करता है तो सेबी शेष दो साल के लिये मंजूरी देने में खुश होगा। इस बीच, एनसीडीईएक्स ने नये प्रबंध निदेशक, सीईओ के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी है और 28 अगस्त तक उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गये हैं। शाह इसमें आवेदन कर सकते हैं।

बढ़ सकती है खुदरा, थोक मुद्रास्फीति : मोर्गन

नयी दिल्ली। खुदरा एवं थोक मुद्रास्फीति में जुलाई माह में वृद्धि हुई और आने वाले महीनों में इसमें वृद्धि बनी रह सकती है। इससे आगे मौद्रिक नीति में नरमी की गुंजाइश सीमित है। मार्गन स्टेनले ने एक रिपोर्ट में यह कहा।

वैश्विक वित्तीय सेवा कंपनी के अनुसार खुदरा एवं थोक मुद्रास्फीति जून में नरमी रही और आने वाले महीनों में इसमें वृद्धि की संभावना है। उल्लेखनीय है कि थोक मुद्रास्फीति जुलाई में बढ़कर 1.88 प्रतिशत हो गयी जो जून 2017 में 0.90 प्रतिशत थी।

मुख्य रूप से खाद्य वस्तुओं खासकर सब्जियों के दाम बढ़ने से मुद्रास्फीति में तेजी आयी। चीनी और कनफेक्शनरी पदार्थों, पान, तंबाकू आदि के दाम बढ़ने से खुदरा मुद्रास्फीति भी आलोच्य महीने में बढ़कर 2.36 प्रतिशत हो गयी।

मोर्गन स्टेनले ने एक शोध रिपोर्ट में कहा, हमारा अनुमान है कि अगस्त में खुदरा मूल्य सूचकांक और थोक मूल्य सूचकांक अधारित मुद्रास्फीति अगस्त में बढ़कर क्रमशः  3.0 प्रतिशत और 2.1 प्रतिशत हो जाने का अनुमान है।

खाद्य पदार्थों की कीमतों तथा वैश्विक जिंसों के दाम की प्रवृत्ति को देखते हुए यह अनुमान लगाया गया है। रिजर्व बैंक इस महीने की शुरूआत में मौद्रिक नीति समीक्षा के बाद मुद्रास्फीति दबाव के कमजोर बने रहने की उम्मीद में नीतिगत दरों में कटौती को लेकर चर्चा जारी है।

मुद्रास्फीति के कम होने से केंद्रीय बैंक के पास नीतिगत दर में कटौती की गुंजाइश बनती है। हालांकि मोर्गन स्टेनले ने कहा कि मुद्रास्फीति के धीरे-धीरे 4 प्रतिशत के लक्ष्य की ओर बढ़ने की आशंका है, ऐसे में रिजर्व बैंक द्वारा नीतिगत दर में कटौती की संभावना कम है।

एटीएम की जगह ले रही है नई टेक्नोलॉजी

0

कभी बैंकिंग उद्योग का महत्वपूर्ण घटक माने जाने वाले एटीएम अब मार्जिन नहीं होने से बंद हो रहे हैं।

मुंबई। कभी उदारीकरण का चेहरा रहे एटीएम की संख्या लगातार कम होती जा रही है। बीते पांच सालों में जहां एटीएम लगाने की संख्या तेजी से बढ़ रही थी, वहीं बीते छह महीने में इसमें कोई वृद्धि नहीं देखी जा रही है।

जहां साल 2012-13 में देश में 1.1 लाख एटीएम थे, वहीं साल 2016-17 में इनकी संख्या 2.2 लाख तक पहुंच गई थी। हिताची पेमेंट सर्विस भारत में मनी स्पॉट के नाम से ऑपरेट करती है और देश में कैश निकालने के काम आती है।

कई सालों से इस सर्विस में रहने के बावजूद पिछले एक साल में इसके आधे से अधिक यानी करीब 700 मनी स्पॉट आउटलेट्स बंद हो गए हैं। ऑटोमेटेड टेलर मशीन (एटीएम) का बिजनेस संकट में है। कभी बैंकिंग उद्योग का महत्वपूर्ण घटक माने जाने वाले एटीएम अब मार्जिन नहीं होने से बंद हो रहे हैं।

एचडीएफसी बैंक के चीफ एक्जिक्यूटिव आदित्य पुरी के अनुसार जैसे-जैसे हम डिजिटल पेमेंट की ओर बढ़ते हैं, हम एटीएम से होने वाले लेन-देन में कमी देखते हैं। शुरुआती दिनों में एटीएम के जरिये एचडीएफसी बैंक ग्राहकों को अधिक संख्या में खुद से जोड़कर सबसे मूल्यवान बैंक बन गया था।

एटीएम की संख्या साल 2012 में करीब एक लाख थी, जो साल 2015 तक दोगुनी होकर करीब 2 लाख तक पहुंच गई। मगर, पिछले छह महीनों में इसमें कोई वृद्धि नहीं देखी गई है। एटीएम से डेबिट कार्ड लेन-देन की संख्या 75 करोड़ प्रतिमाह से गिरकर 66 करोड़ लेनदेन प्रतिमाह तक पहुंच गई है।

एटीएम लगाने वाले आठ वाइट लेबल ऑपरेटर्स (गैर-बैंकिंग संस्थान) में से महज तीन ही उचित संख्या में मशीनों को स्थापित किया है, जो करीब 10,000 के आस-पास हैं। उन में सक्रिय कई एटीएम घाटे का सौदा बन रहे हैं। सबसे बड़ी चुनौती पेमेंट्स और स्मार्टफोन्स के टेक्नोलॉजिकल डेवलपमेंट्स की वजह से मिल रही है।

इसके अलावा रेगुलेटरी इश्यू भी एटीएम के लिए घातक साबित हो रहे हैं। नोटबंदी के फैसले के बाद से ज्यादातर यूजर्स डिजिटल ट्रांजेक्शन्स कर रहे हैं। ऐक्सिस बैंक के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर राजीव आनंद ने बताया कि मोबाइल फोन पर होने वाला लेन-देन, अब एटीएम से होने वाले लेन-देने से अधिक हो गया है।

एयर इंडिया : सिर्फ 425 रुपए में मिलेगा हवाई सफर का मौका

0

नई दिल्ली। एयरलाइन कंपनी एयर इंडिया ‘फ्रीडम सेल’ लेकर आई है। इस ऑफर के तहत कुछ चुनिंदा घरेलू रूट्स पर सिर्फ 425 रुपए में हवाई यात्रा करने का मौका मिलेगा। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय फ्लाट्स पर भी डिस्काउंट दिया जा रहा है इसके लिए टिकट की शुरुआती कीमत 6000 रुपए रखी गई है।

एयर इंडिया की फ्रीडम सेल के तहत यात्री 20 अगस्त 2017 तक टिकट बुक कर सकते हैं। डिस्काउंस अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के बिजनेस और इकोनॉमी क्लास दोनों पर लागू है। इस ऑफर का फायदा उठाने के लिए यात्रियों को 16 सितंबर 2017 से 30 नवंबर 2017 और 25 जनवरी 2018 से 31 मार्च 2018 के बीच के यात्रा करनी होगी।

यह ऑफर काठमांडू, ढाका, माले, कोलंबो जैसे दक्षिण एशियाई शहरों के लिए इकनॉमी क्लास के फ्लाइट्स टिकट 7,000 रुपये से शुरू हो रहे हैं।

जान बूझकर कर्ज नहीं चुकाने वालों पर बैंकों का 92000 करोड़ बकाया

बकाया ऋण  2016-17 के आखिर में  92,376 करोड़ रुपये हो गया जो  20.4 % की सालाना बढ़ोतरी दिखाता है।

नयी दिल्ली। सार्वजनिक बैंकों का कहना है कि जान बूझकर कर्ज नहीं चुकाने वालों कर्जदारों विलफुल डिफाल्टरों पर उनके बकाया कर्ज में 20 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और यह इस साल मार्च के आखिर में कुल मिलाकर बढ़कर 92000 करोड़ रुपये से अधिक हो गया।

ऐसे कर्जदारों का बकाया ऋण वित्त वर्ष 2016-17 के आखिर में बढ़कर 92,376 करोड़ रुपये हो गया जो कि 20.4 प्रतिशत की सालाना बढ़ोतरी दिखाता है। यह कर्ज मार्च 2016 के आखिर में 76,685 करोड़ रुपये था।

इसके साथ ही सालाना आधार पर ऐसे कर्जदारों की संख्या में लगभग 10 प्रतिशत बढोतरी दर्ज की गई। वित्त मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार जान बूझकर कर्ज नहीं चुकाने वालों की संख्या मार्च के आखिर में 8,915 हो गई जो कि पूर्व विा वर्ष में 8167 रही थी।

बैंकों ने जान बूझकर कर्ज नहीं चुकाने के 8915 मामलों में से 32,484 करोड़ रुपये के बकाया कर्ज वाले 1914 मामलों में प्राथमिकी एफआईआर दर्ज करवाई है।

वित्त वर्ष 2016-17 में एसबीआई व इसके पांच सहयोगी बैंकों सहित 27 सार्वजनिक बैंकों ने 81,683 करोड़ रूपये को बट्टे खाते में डाला। यह बीते पांच साल में सबसे बड़ी राशि है। पूर्व वित्त वर्ष की तुलना में यह राशि 41 प्रतिशत अधिक है।

 

 

कम नकदी वाली अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाना है : नरेंद्र मोदी

नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देशवासियों से पुरानी सोच छोड़कर कम नकदी वाली अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी के बाद देश में डिजिटल लेनदेन में 34 प्रतिशत वृद्धि हुई है और प्रीपेड भुगतान भी करीब 44 प्रतिशत बढ़ा है।

प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं को नये भारत के निर्माण में आगे आकर नेतृत्व करने और डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने के लिये कहा। उन्होंने कहा कि आज जो कागज के नोट चल रहे हैं डिजिटल करेंसी उसका स्थान लेने वाली है। सब बदलने वाला है।

स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लालकिले की प्राचीर से राष्ट्र को संबोधित करते हुये प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘दुनिया में हमारी पहचान सूचना प्रौद्योगिकी से है, डिजिटल वर्ल्ड के द्धारा है। क्या अब भी हम उसी पुरानी सोच में रहेंगे।

एक जमाने में चमड़े के सिक्के चलते थे, धीरे धीरे लुप्त हो गये, कोई पूछने वाला नहीं रहा। आज जो कागज के नोट हैं, समय आते जाते यह भी पूरा डिजिटल करेंसी में परिवर्तित होने वाला है।

हम नेतृत्व करें, हम डिजिटल लेनदेन की तरफ जायें, हम भीम एप को अपनायें और आर्थिक कारोबार का हिस्सा बनायें।’’ उन्होंने कहा कि हमें प्रीपेड कार्ड को भी बढ़ावा देना चाहिये।

‘‘मुझे खुशी है कि डिजिटल लेनदेन बढ़ा है। पिछले साल के मुकाबले इसमें 34 प्रतिशत इजाफा हुआ है और प्रीपेड भुगतान में करीब 44 प्रतिशत वृद्धि हुई है। हमें कम नकदी वाली अर्थव्यवस्था को लेकर आगे बढ़ना चाहिये।’’

अवधिपार ऋणियों का 50 प्रतिशत तक ब्याज होगा माफ

0

राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने की कई महत्वपूर्ण घोषणाएं, राजस्थान सम्पर्क हैल्पलाइन ’181’ का शुभारंभ 

जयपुर। मुख्यमंत्री वसुन्धरा राजे ने एसएमएस स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में प्रदेश के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य के सहकारी भूमि विकास बैंकों के अवधिपार ऋणियों का एकमुश्त समझौता योजना के अन्तर्गत 50 प्रतिशत तक ब्याज माफ किया जायेगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनता की तकलीफों और समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ और समयबद्ध रूप में दूर करने के लिए एक अभिनव पहल के रूप में राजस्थान सम्पर्क हैल्पलाइन ’181’ का शुभारंभ किया। 

राजे ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार ने पूरी संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ लोगों को सुशासन दिया है। हमने राजस्थान सम्पर्क पोर्टल की शुरूआत की थी।

इसी दिशा में आगे बढ़ते हुए आज से सम्पर्क हैल्पलाइन शुरू कर रहे हैं। आपको सिर्फ 181 नम्बर डायल कर अपनी समस्या बतानी है और उसके बाद उस वाजिब समस्या के संतोषजनक निराकरण की जिम्मेदारी सरकार की होगी। 

इस हैल्पलाइन पर सरकारी दस्तावेज बनाने में देरी, सड़क, बिजली, पानी जैसी समस्याएं बताकर उनका त्वरित समाधान प्राप्त किया जा सकता है। 

सहकारी समितियों से जुड़ी महिलाओं को कम ब्याज पर 200 करोड़ के ऋण
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजीविका के प्रयास से करीब 100 ‘सर्वांगीण महिला सहकारी समितियों‘ का पंजीयन कर लाखों महिलाओं को सहकारिता आन्दोलन से जोड़ा गया है।

इन समितियों से जुड़ी महिलाओं की आजीविका के लिए इन समूहों को सहकारी बैंकों के माध्यम से 200 करोड़ रुपये के ऋण वाणिज्यिक बैंकों की तुलना में कम ब्याज दर पर उपलब्ध कराये जाएंगे। इससे लगभग 3.5 लाख महिलाएं लाभान्वित होंगी।

महिला दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों को अतिरिक्त दुग्ध संग्रहण पर बोनस
श्रीमती राजे ने कहा कि महिला दुग्ध उत्पादक सहकारी समितियों को सम्बल प्रदान करने के लिए एक प्रोत्साहन योजना लाई जायेगी, जिसमें अतिरिक्त दुग्ध संग्रहण करने पर राज्य सरकार की ओर से उन्हें बोनस दिया जायेगा।

सहकार किसान कल्याण योजना में 2 प्रतिशत ब्याज अनुदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की वित्तीय आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए सहकार किसान कल्याण योजना के अन्तर्गत उनकी कृषि उपज को सहकारी समितियों में रहन रखे जाने पर ऋण देने की योजना लागू की गयी है। इस योजनान्तर्गत राज्य सरकार द्वारा 2 प्रतिशत ब्याज अनुदान उपलब्ध कराया जाएगा।

 

शहीद परिवारों के कृषि कनेक्शन के लिए आवेदन की समय सीमा हटाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार ने शहीद परिवारों को कृषि विद्युत कनेक्शन हेतु आवेदन एवं भूमि स्वामित्व की समय सीमा समाप्त कर दी है और अब शहीद के परिवारों को कृषि कनेक्शन आवदेन के साथ ही मिलेगा।

वर्तमान में शहीदों के परिवारों को कृषि कनेक्शन तभी मिल पाता है, जब ऎसे परिवार के पास कृषि भूमि का स्वामित्व कम से कम 2 वर्ष पुराना हो और वो शहीद होने के 12 वर्ष के अन्दर कृषि कनेक्शन का आवेदन प्रस्तुत करें। 

100 एमटी क्षमता के 96 गोदाम बनेंगे
राजे ने कहा कि राज्य की ग्राम सेवा सहकारी समितियों में ‘‘राष्ट्रीय कृषि विकास योजना‘‘ के अन्तर्गत 100 मीट्रिक टन क्षमता के 96 गोदामों का निर्माण किया जायेगा।

अन्नपूर्णा योजना अब प्रदेश के सभी शहरी क्षेत्रों में
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभी प्रदेश के 12 शहरों में अन्नपूर्णा रसोई योजना संचालित की जा रही है। अब इसे प्रदेश के सभी शहरी क्षेत्रों में 500 स्मार्ट फूड वैन के माध्यम से शुरू किया जा रहा है। इस योजना में जरुरतमंद लोगों को 5 रुपये में नाश्ता, 8 रुपये में भोजन दिया जा रहा है।

ग्रामीण गौरव पथ का तृतीय चरण-बनेंगी 2000 सीसी सड़कें
राजे ने कहा कि ग्रामीण गौरव पथ के तृतीय चरण में लगभग 1,200 करोड़ रुपए की लागत से 2,000 सीमेंट की पक्की सड़कों तथा मिसिंग लिंक्स का निर्माण कार्य नवम्बर 2017 से प्रारम्भ किया जायेगा। आगामी वर्ष में लगभग 1,500 करोड़ रुपये खर्च कर शेष ग्राम पंचायतों में गामीण गौरव पथ कार्य कराया जाएगा।