Tuesday, July 14, 2026
Home Blog Page 5564

RBI जल्द जारी करेगा 10 का नया नोट, पुराना भी चलता रहेगा

नई दि‍ल्‍ली। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) जल्द ही 10 रुपए का नए नोट जारी करेगा। इससे पहले 50, 200, 500 और 2000 के नए नोट जारी किए जा चुके हैं। 10 के इस नए नोट का रंग चॉकलेट ब्राउन होगा। इसके पिछले हिस्से पर कोणार्क के सूर्य मंदि‍र की तस्‍वीर होगी। ये भी महात्मा गांधी सीरीज का होगा। इसके साथ ही 10 रुपए का पुराना नोट भी चलता रहेगा। 

 कैसा है 10 रुपए का नया नोट?

अगले हिस्से में
– नोट की वैल्यू (10) अंक में लिखी है।  
– देवनागि‍री भाषा में भी 10 लिखा है।  
– बीच में महात्‍मा गांधी की तस्‍वीर है। 
– छोटे अक्षरों में  ‘RBI’, ‘भारत ‘, ‘INDIA’  लि‍खा है  
– सि‍क्‍युरि‍टी थ्रेड पर भी भारत और RBI लि‍खा होगा। 
– दाईं तरफ अशोक चि‍न्‍ह है। 

पिछले हिस्से में
– नोट कब छपा उसका साल बाईं ओर लि‍खा है।  
– स्‍वच्‍छ भारत अभियान का लोगो और स्लोगन है। 
– लैंग्वेज पैनल
– कोणार्क के सूर्य मंदिर की तस्‍वीर है। 
– देवनागि‍री में 10 लि‍खा है। 
– नोट का आकार 65mmX23mm है। 
 
रिपोर्ट्स में दावा- छप चुके हैं 1 अरब नोट
– मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरबीआई ने 10 रुपए के करीब 1 अरब नए नोट छाप लि‍ए हैं।- अभी जो 10 का नोट चलन में है, उसमें 2005 में बदलाव हुआ था। इन नोटों के एक तरफ महात्‍मा गांधी की तस्‍वीर है और दूसरी तरफ हाथी, बाघ और गैंडे की मि‍लीजुली तस्‍वीरें होती हैं।

– ऐसी उम्‍मीद है कि‍ नए नोट पर नंबर स्टाइल 500 और 2000 के नए नोटों जैसी ही होगी, यानी बाएं से दाएं तरफ बढ़ते हुए साइज में।

इंस्टाग्राम स्टोरीज जल्द की जा सकेंगी वॉट्सऐप पर पोस्ट

0

मुंबई। फेसबुक ने हाल में एक ऐसा टेस्ट शुरू किया है जिसमें यूजर्स अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी को सीधे वॉट्सऐप स्टेटस के तौर पर पोस्ट कर सकते हैं। इस नए फीचर से यूजर्स वॉट्सऐप पर सजावटी फोटो, विडियो और जीआईएफ के रूप में स्टेटस पोस्ट कर सकेंगे जो 24 घंटे बाद अपने आप हट जाएगा।

टेकक्रंच की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ‘वॉट्सऐप स्टेटस के तौर पर पर पोस्ट की गई इंस्टाग्राम स्टोरी भी अन्य वॉट्सऐप मेसेज की तरह इनक्रिप्टेड होगी।’ फेसबुक के एक प्रवक्ता ने कहा, ‘हम इंस्टाग्राम पर हमेशा यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने पर काम करते हैं और आपके मोमेंट शेयर करने को आसान बनाते हैं।’

बता दें कि हाल में फेसबुक के सीईओ मार्क जकरबर्ग ने घोषणा की थी कि इंस्टाग्राम स्टोरीज और वॉट्सऐप स्टेटस को रोजाना 30 करोड़ यूजर्स इस्तेमाल करते हैं। वहीं, इनकी प्रतिद्वद्वी ऐप स्नैपचैट के यूजर्स लगभग इसके आधे लगभग 17 करोड़ हैं।

गौरतलब है कि फेसबुक ऐसा फीचर लॉन्च कर चुका है जिसमें यूजर्स अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज़ को सीधे फेसबुक पर शेयर कर सकते हैं। इंस्टाग्राम स्टोरीज को फेसबुक स्टोरीज पर सिंडिकेट करने का ऑपश्न अभी केवल यूएस के यूजर्स के लिए उपलब्ध है और यह जल्द ही दुनिया के सभी यूजर्स को उपलब्ध करा दिया जाएगा।

चारा घोटला: लालू यादव की सजा पर आ सकता है आज फैसला

रांची। चारा घोटाले से जुड़े एवं देवघर कोषागार से 89 लाख, 27 हजार रुपये की अवैध निकासी के मुकदमे में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव, आर के राणा, जगदीश शर्मा व तीन पूर्व आईएएस अधिकारियों समेत 16 दोषियों की सजा पर आज फैसला आ सकता है।

पिछली सुनवाई में कोर्ट ने इस फैसले को शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दिया था। सीबीआई के विशेष न्यायाधीश शिवपाल सिंह की अदालत में गुरुवार को दिन में ग्यारह बजे चारा घोटाले के इस मामले में दोषी करार दिए गए सभी 16 लोगों की सजा की अवधि पर बहस होनी थी, लेकिन कोर्ट ने कार्यवाही शुरू होने के बाद इसके लिए दोपहर बाद 2 बजे का समय तय किया।

इसके चलते सुरक्षा कारणों के मद्देनजर आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव को होतवार स्थित बिरसा मुंडा जेल से दोपहर पौने दो बजे सीबीआई अदालत में पेश किया गया। लालू के साथ इस मामले के सभी 16 अभियुक्तों को अदालत में पेश किया गया, जहां सभी की सजा की अवधि पर उनके वकीलों ने बहस की।

हालांकि, लालू की सजा की अवधि पर बहस शुरू नहीं हो सकी। उन्हें अदालत ने पौने तीन बजे के लगभग वापस न्यायिक हिरासत मे जेल भेजने के निर्देश दे दिए। इस मामले में सजा की अवधि पर अदालत ने फैसला शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दिया।

लालू की अदालत में पेशी को लेकर बिरसा मुंडा जेल से विशेष अदालत तक सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए थे। बाद में लालू विशेष न्यायाधीश शिवपाल सिंह की अदालत से निकल कर चारा घोटाले के दो अन्य मामलों में पेशी के लिए गए और फिर वापस बिरसा मुंडा जेल चले गए।

अदालत ने इस मामले में 22 आरोपियों में से 16 को दोषी करार देने के बाद उन्हें हिरासत में लेकर बिरसामुंडा जेल भेजने के निर्देश दिए थे। इससे पहले बुधवार को जैसे ही अदालत की कार्यवाही शुरू हुई थी, रांची बार असोसिएशन के पदाधिकारियों ने अदालत को सूचित किया था कि उनके सहयोगी बिंदेश्वरी प्रसाद का निधन हो गया है लिहाजा दोपहर बाद वकील अदालती कार्यवाही में हिस्सा नहीं लेंगे।

जिन आरोपियों को अदालत ने चारा घोटाले के इस मामले में दोषी करार दिया है, उनमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, आर के राणा, जगदीश शर्मा, तीन आईएएस अधिकारी तत्कालीन वित्त आयुक्त फूलचंद सिंह, पशुपालन विभाग के तत्कालीन सचिव बेक जूलियस एवं एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी महेश प्रसाद भी शामिल हैं।

विदेशी निवेशकों के समर्थन से सेंसेक्स, निफ्टी रिकॉर्ड ऊंचाई पर खुला

मुंबई। देर सुबह के कारोबार में शुक्रवार को सेंसेक्स 34,175.21 अंक की सर्वकालिक ऊंचाई पर और निफ्टी 10,562.80 अंक के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया।

ब्रोकरों के अनुसार इसकी प्रमुख वजह बैंकिंग, धातु और रीयल्टी क्षेत्र की कंपनियों के शेयरों का लाभ की स्थिति में रहना और विदेशी पूंजी का सतत निवेश होना है।

साथ ही घरेलू सांस्थानिक निवेशकों की लिवाली भी बढ़ी है। मुंबई शेयर बाजार का 30 कंपनियों के शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 205 अंक यानी 0.60% उछलकर 34,175.21 अंक के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गया।

इसने 27 दिसंबर को दिन में कारोबार के समय 34,137.97 अंक के पिछले उच्च स्तर को पीछे छोड़ दिया।पिछले सत्र के कारोबार में इसमें 176.26 की बढ़त देखी गई। सुबह-सुबह एकदम शुरुआती कारोबार में भी यह 100.48 अंक सुधरकर 34,070.12 अंक के स्तर पर खुला था।

इसी प्रकार नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 कंपनियों के शेयरों पर आधारित निफ्टी भी देर सुबह के कारोबार में 58 अंक यानी 0.54% चढ़कर 10,562.80 अंक के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया।

इसने भी 27 दिसंबर को दिन में कारोबार के समय 10,552.40 अंक के अपने पिछले रिकॉर्ड स्तर को धराशायी कर दिया। एकदम शुरुआती कारोबार में भी यह 29.45 अंक बढ़कर 10,534.25 अंक पर खुला था।

अब ड्राइवर का दिमाग पढ़ सकेगी कार!

नई दिल्ली। दुनिया की बड़ी से बड़ी कार कंपनियां और टेक्नॉलजी कंपनीज ड्राइवरलेस कारों पर करोड़ों डॉलर खर्च कर रही हैं। फेमस कार कंपनी निसान ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए ऐसी तकनीक पर काम शुरू किया है जिसके दम पर अब कार भी इंसानी दिमाग को पढ़ सकेगी।

सीधे शब्दों में कहें तो वाहनों को दिमाग से डायरेक्ट किया जा सकेगा। अगर निसान का यह प्रयोग सफल रहता है तो तकनीक क्षेत्र में यह अहम कदम साबित हो सकता है। आपने वी2वी यानी वीइकल टु वीइकल तकनीक के बारे में शायद सुना होगा। निसान ने इस तकनीक को बी2वी यानी ब्रेन टु वीइकल टेक्नॉलजी नाम दिया है।

यह एक ऐसा ड्राइविंग सिस्टम है जो कि ड्राइवर के दिमाग से सिग्नल्स लेकर इसी हिसाब से वाहन को आॅपरेट करने में मदद करता है। इससे ड्राइविंग रोचक और मजेदार बन जाती है। इस तकनीक की मदद से स्मार्ट कारों के सपने को बल मिलेगा।

निसान ने अपने एक शोध के बारे में खुलासा किया है जिसकी मदद से ड्राइवर के ब्रेन से निकलने वाली तरंगों को समझा जा सकेगा। इससे यह समझने में भी मदद मिलेगी कि ड्राइविंग के दौरान लोगों का दिमाग कैसे काम करेगा। निसान का दावा है कि ब्रेन-टु-वीइकल तकनीक के इस्तेमाल से कार का रिऐक्शन टाइम कम कर दिया जाएगा। इस स्पेशल तकनीक को निसान सीईएस 2018 में पेश करेगी।

ब्रेन कोडिंग पर बेस्ड निसान अपनी यह खास टेक्नॉलजी का डेमो सीईएस 2018 में देगी। यह टेक समारोह 9-12 जनवरी के बीच अमेरिकी शहर लास वेगास में आयोजित किया जाना है। कंपनी की मानें तो इस तकनीक के अमल में आने में अभी 5 से 10 साल तक का वक्त लग सकता है।

कैसे काम करती है तकनीक?
दरअसल, इस तकनीक के तहत ड्राइवर को एक खास तरह का डिवाइस पहनना होगा। इसे स्कलकैप कह सकते हैं। इसके जरिए ड्राइविंग के दौरान ड्राइवर्स की ऐक्टिविटीज पर नजर रखते हुए उनको होने वाली समस्याओं का पता लगाया जा सकता है। स्टीअरिंग घुमाने से लेकर ब्रेक लगाने, स्पीड घटाने या बढ़ाने तक की ऐक्टिविटीज के बारे में कार को पहले ही पता लग सकेगा।

रुपया ढाई साल के उच्चतम स्तर पर, डॉलर के मुकाबले10 पैसे मजबूत

मुंबई। शुरुआती कारोबार में डॉलर के मुकाबले रुपया 10 पैसे लाभ के साथ ढाई साल के उच्चतम स्तर 63.31 पर पहुंच गया। इसकी प्रमुख वजह निर्यातकों और बैंकों की ओर से डॉलर की बिकवाली करना है।

मुद्रा कारोबारियों के अनुसार विदेशी पूंजी के सतत प्रवाह और शेयर बाजारों की अच्छी शुरुआत से भी रुपया मजबूत हुआ है।  इसके अलावा अन्य विदेशी मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के कमजोर होने का लाभ भी रुपये को मिला है।

डॉलर के मुकाबले रुपया 63.35 पर खुला और जल्द ही सुबह के कारोबार में ढाई साल के उच्च स्तर 63.31 पर पहुंच गया। कल डॉलर के मुकाबले 12 पैसे लाभ के साथ रुपया 63.41 के स्तर पर बंद हुआ था जो कल तक पिछले ढाई साल का नया उच्च स्तर था।

चीन से सस्ते डिटर्जेंट रसायन आयात की डंपिंगरोधी जांच शुरू

नई दिल्ली। भारत ने डिटर्जेंट बनाने में उपयोग होने वाले रसायनों के चीन से आयात की डंपिंगरोधी जांच शुरू की है। इस संबंध में कुछ घरेलू कंपनियों की ओर से शिकायत की गई थी। गुजरात क्रेडो मिनरल इंडस्ट्रीज ऐंड केमिकल्स इंडिया ने डंपिंगरोधी एवं संबद्ध शुल्क महानिदेशालय से इस संबंध में जांच कराने के लिए कहा था।

कंपनी ने चीन से जियोलाइट 4ए (डिटर्जेंट ग्रेड) के आयात की शिकायत दर्ज कराई थी। महानिदेशालय ने एक अधिसूचना में कहा कि प्रथम दृष्टया इस रसायन की डंपिंग के पर्याप्त सबूत पाए गए हैं। यदि इस रसायन के आयात पर डंपिंगरोधी शुल्क लगाया जाता है तो इससे घरेलू उत्पादकों को सस्ते आयात से सुरक्षा देने में मदद मिलेगी।

अधिसूचना के मुताबिक, संबंधित प्राधिकारियों ने इस कथित डंपिंग के मामले में जांच शुरु की है जो घरेलू उद्योग को नुकसान पहुंचा रहा है। जांच के लिए अप्रैल 2016 से जून 2017 का 15 महीने का समय चुना गया है।

सरकार 50 लाख किसानों का कर्ज नहीं करेगी माफ

जयपुर। प्रदेश के 50 लाख किसानों का कर्ज माफी की घोषणा कर चुकी सरकार अब केरल मॉडल के नाम पर बदलाव करने की तैयारी में है। कर्ज माफी को लेकर चार माह पहले बनाई जलसंसाधन मंत्री रामप्रताप की अध्यक्षता वाली कमेटी ने केरल का अध्ययन कर लौटे दल की सिफारिशों के आधार पर सदस्यों से केरल मॉडल अपनाने पर सुझाव मांगे हैं।

सदस्यों को लिखे पत्र ने मंशा साफ कर दी है कि सभी किसानों का एक साथ कर्ज माफ नहीं किया जाएगा। राज्य स्तरीय एक आयोग गठित करने की तैयारी है, जिसमें एक-एक कर्जदार किसान को अपने कर्ज को माफ कराने के लिए जयपुर आकर आयोग में आवेदन करना होगा।

इसके लिए पहले उसको खुद को डिफाल्टर घोषित करना पड़ेगा, जिससे उसको बाद में अन्य कर्ज में दिक्कतें आएंगी। डिफाल्टर घोषित होने पर आयोग उसके कर्ज के गुण-अवगुण के आधार पर कर्ज माफी पर फैसला करेगा। ऐसे सरकार की कर्ज माफी की घोषणा चुनावी साल में किसानों के साथ सरकार के लिए भी बड़ा मुद्दा बन सकती है।

प्रदेश के 50 लाख किसानों पर करीब 27 हजार करोड़ रुपए का कर्ज है। केरल में एक आयोग गठित कर रखा है, जिससे पिछले चार साल में एक-एक किसान की सुनवाई के बाद मात्र सात साल में मात्र 183 करोड़ रुपए के कर्ज ही माफ किए गए हैं।

गौरतलब है कि पिछले डेढ़ साल से किसान महापंचायत के पूरे प्रदेश में आंदोलन और किसान महासभा के शेखावाटी में किसान आंदोलन के बाद किसानों की कर्ज माफी पर सिंचाई मंत्री डॉ. रामप्रताप की अध्यक्षता में हाईपावर कमेटी बनाई गई थी। कमेटी ने अभी तक अपनी सिफारिशें सरकार को नहीं दी है। 

केरल में यह है फार्मूला
केरल में किसान को कर्ज माफी के लिए किसान आयोग में प्रस्तुत होना पड़ता है। उसके कर्ज की हालत और फसल-मौसम की स्थिति आदि की रिपोर्ट के आधार पर औसतन 11 हजार से 20 हजार रुपए तक के ही कर्ज माफ किए जाते हैं। अधिकतम कर्जमाफी सीमा भी एक लाख रुपए हैं।

वहां पहले से आयोग का प्रारूप होने से किसान कर्ज कम लेने लगे हैं। वहीं राजस्थान में 30 लाख किसान सहकारी बैंकों से कर्ज ले चुके हैं। 20 लाख से अधिक किसान अन्य बैंकों संस्थाओं से कर्ज ले रखे हैं।

यह कहना है कमेटी के सदस्यों का
कमेटी ने माकपा नेता अमरा राम और कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह डोटासरा को भी हाईपावर कमेटी ने चिट्ठी लिखकर सुझाव देने को कहा है। किसानों की कर्ज माफी को लेकर आंदोलन कर चुके माकपा नेता अमरा राम और कांग्रेस विधायक गोविंद सिंह डोटासरा केरल मॉडल के पक्ष में नहीं हैं। माकपा और कांग्रेस ने कर्ज माफी के लिए कमिशन बनाए जाने के विचार को सिरे से खारिज कर दिया है।

कोटा में गुरुवार की रात सबसे सर्द रही, न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री

कोटा। कोहरे के बाद स्टेशन क्षेत्र नए कोटा का तापमान लगातार गिरता जा रहा है। गुरुवार की रात सबसे सर्द रही। दिन में धूप खिलने के बावजूद रात में कड़ाके की सर्दी ने जनजीवन को प्रभावित किया है। सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। स्टेशन क्षेत्र का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री से गिरकर 3.4 डिग्री पर गया है। अधिकतम तापमान 22.6 पर गया है।

नए कोटा में भी तापमान लुढ़ककर 6.8 डिग्री पर गया है। बुधवार को तापमान 7.5 डिग्री दर्ज किया गया था। अधिकतम तापमान 23 डिग्री से बढ़कर 23.1 डिग्री पर पहुंच गया है। सुबह की आर्द्रता का प्रतिशत 84 शाम का 35 डिग्री दर्ज किया गया। आर्द्रता का प्रतिशत 95 से अधिक होने पर घने कोहरे की संभावनाएं बनती है।

तीन दिन पहले आर्द्रता का प्रतिशत 97 तक चला गया था। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों धूप खिली रहेगी न्यूनतम तापमान आठ अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंच सकता है।

रिश्वतखोर जेईएन के पास मिले 6 बैंक खाते, 11 तोला सोना

कोटा। एसीबी की टीम ने गुरुवार को जिस रिश्वतखोर जेईएन विमल माहेश्वरी को गिरफ्तार किया, उसके पास वीर सावरकर नगर (147ए) में दो मंजिला मकान है। पत्नी के नाम स्वामी विवेकानंद नगर में प्लॉट है। घर से 11 तोला सोना और 300 ग्राम चांदी मिली है। खुद और परिजनों के कुल 6 बैंक खाते हैं। सीआई रमेश आर्य के नेतृत्व में उसके घर पर छापा मारा। पत्नी रितू सरकारी टीचर हैं। 

एसीबीने गुरुवार दोपहर यूआईटी जेईएन विमल माहेश्वरी को 5 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। घूस की यह रकम ऑटो चालक के मकान की एनओसी जारी करने की एवज में ली गई थी। 8 महीने में यूआईटी में भ्रष्टाचार का यह दूसरा मामला सामने गया। जेईएन बहाने बनाकर 10 दिन से पहले से चक्कर कटवा रहा था।

जैसे ही उन्होंने 5 हजार रुपए दिए, उसके सुर बदल गए। बोला-15 मिनट रुको, तुम्हारी फाइल अभी पास करवाता हूं। लेकिन, 5 मिनट बाद ही एसीबी ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यूआईटी के भ्रष्ट अधिकारी गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों के काम बिना रिश्वत के नहीं कर रहे।

यूआईटी में भ्रष्टाचार किस कदर पैर पसार चुका है, इसको देखकर एसीबी अधिकारी भी हैरान रह गए। अधिकारियों ने बताया कि पहले लोग रिश्वत की राशि लेने में घबराते थे आैर खुद के ऑफिस, घर पर नहीं लेते थे। लेकिन, यूआईटी में भ्रष्टाचार खुलेआम चल रहा है। माहेश्वरी ने खुद की टेबल पर बेखौफ रिश्वत की राशि ले ली।

वह मना करता रहा कि उसने पैसे नहीं लिए हैं। लेकिन, एसीबी ने उसके पास से रिश्वत की रकम जब्त की। जेईएन इतना शातिर था कि उसने फोन पर पैसे की डिमांड नहीं रखी। हालांकि ऑटो चालक का दोस्त विक्रम सिंह हाड़ा उसे 26 दिसंबर से फोन कर मिलने के लिए कहता रहा।

जेईएन का कहना था कि एनओसी बनाने के लिए पहले साइड को देखनी पड़ेगी। जब साइड देखने के लिए हाड़ा ने उसे फोन किया वह साइड में होने का बहाना बनाता रहा।  एसीबी सीआई विवेक सोनी ने बताया कि फरियादी हरिओम नगर कच्ची बस्ती निवासी राजेंद्र राठौड़ ने 2 दिन पहले लिखित शिकायत दी। उसने कहा कि मकान पर लोन लेना था। 

एसीबी टीम में एएसपी ठाकुर चंद्रशील, सीआई विवेक सोनी, अजीत बागडोलिया, दिलीप सिंह, मोहम्मद खालिक, हेमंत सिंह, सत्येंद्र सिंह, मोहम्मद असलम, नरेंद्र सिंह, मनोज शर्मा, शबाना, सरोज गौड़ शामिल रहे।