Tuesday, July 14, 2026
Home Blog Page 5563

यस बैंक के एटीएम में न कार्ड की जरूरत होगी, न पिन की

नई दिल्ली। निजी क्षेत्र के यस बैंक ने फिनटेक क्षेत्र की स्टार्टअप नियरबाय टेक्नॉलजीज के साथ करार किया है। इसके तहत नियरबाय टेक बैंक को आधार आधारित ऐसा एटीएम उपलब्ध कराएगी जिसमें कार्ड या पिन की जरूरत नहीं होगी। ग्राहक रिटेलरों के पास पैसा जमा करा सकेंगे और निकाल सकेंगे।

यस बैंक ने बयान में कहा कि पेनियरबाय मोबाइल ऐप्लिकेशन का इस्तेमाल स्मार्टफोन पर किया जा सकेगा। इसमें कोई रिटेलर ग्राहकों के लिए आधार एटीएम-आधार बैंक शाखा के रूप में काम कर सकेगा और नकदी जमा कराने या निकालने की सुविधा दे सकेगा।

यस बैंक और नियरबाय ने इस सेवा को शुरू करने के लिए नैशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया के साथ नजदीकी में काम किया है। पेनियरबाय आधार एटीएम यस बैंक और बिजनेस कॉरस्पॉन्डेंट के जरिए उपलब्ध होगा। इसके नेटवर्क में 40,000 टच पॉइंट होंगे।

आधार नंबर और उंगली की छाप का इस्तेमाल कर ग्राहक उन स्थानों से नकदी निकाल सकेगा या किसी तरह का अन्य लेनदेन कर सकेगा।  नियरबाय ने आधार सेवाओं के बारे में जागरूकता और इसको लोकप्रिय बनाने के लिए रिटेलर्स असोसिएशन ऑफ इंडिया से करार किया है।

इसके तहत ग्राहकों को जागरूक किया जाएगा और यह सेवा देश के दूरदराज स्थानों तक पहुंचाई जाएगी। नियरबाय टेक्नोलॉजीज के संस्थापक आनंद कुमार बजाज ने कहा, ‘इस सेवा के साथ हमारा उद्देश्य भुगतान के लिए सुविधा प्रदान करना है। 

पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा जोन में ड्रोन कैमरे से निगरानी

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा, भोपाल और जबलपुर मंडल में संरक्षा के लिए ड्रोन कैमरे से निगरानी के बाद अब ड्रोन से रेल परिसरों में पड़े स्क्रैप का भी पता लगाया जाएगा। नॉन इंटरलॉकिंग कार्य की तैयारी और विशेष अवसरों पर उमडऩे वाली भीड़ की निगरानी भी अब रेलवे ड्रोन की सहायता से करेगा।

मुख्य जनसंपर्क अधिकारी गुंजन गुप्ता ने बताया कि अब जोन में राहत एवं बचाव अभियान की निगरानी करने, महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति का जायजा लेने के लिए भी ड्रोन की तैनातगी की जाएगी। इस तरह ड्रोन का उपयोग करने वाला पश्चिम मध्य रेलवे देश का पहला जोन है।

कोटा मंडल में अभी तक चंबल ब्रिज पर और डकानिया तलाब यार्ड पर की निगरानी के लिए ड्रोन का उपयोग किया जा रहा था।कोटा मंडल के लिए जल्द उच्च क्षमता का ड्रोन खरीदा जाएगा। यह सतह से 200 मीटर की ऊंचाई और 4 किमी की परिधि में उड़ सकेगा। पश्चिम मध्य रेलवे के जोन मुख्यालय जबलपुर में उच्च क्षमता के ड्रोन का प्रदर्शन किया गया।

अब कोटा में बनेगी महिला जेल, बढ़ी महिला बंदियों की संख्या

कोटा। केन्द्रीय कारागार (जेल) कोटा में महिला बंदियों की संख्या अधिक होने से जेल परिसर में ही पीछे की तरफ नई महिला जेल बन रही है। जिसका काम मार्च तक पूरा होने की संभावना है। जबकि बंधा धर्मपुरा में दूसरी जेल के लिए आवंटित जमीन का काम स्टे के कारण अटका हुआ है।

हालांकि सरकार की ओर से प्रदेश के सभी 8 केन्द्रीय कारागारों में महिला जेल बनाने की योजना है। कोटा में जेल परिसर में ही पीछे की तरफ करीब 1500 वर्ग फीट क्षेत्र में नई महिला जेल बनाने का काम चल रहा है। सार्वजनिक निर्माण विभाग के माध्यम से चल रहे जेल निर्माण कार्य के तहत चारों तरफ की मुख्य सुरक्षा दीवार बनकर तैयार हो गई है। 

केन्द्रीय कारागार कोटा की बंदी क्षमता 1050 है लेकिन वर्तमान में यहां करीब 1500 बंदी रह रहे हैं। सौ से डेढ़ सो की होगी क्षमता नई बन रही महिला जेल की क्षमता करीब सौ से डेढ़ सौ के बीच होगी। जहां महिला बैरक समेत सभी तरह की सुविधाएं होंगी।

वर्तमान महिला जेल की क्षमता 24 की है जिसमें मंगलवार को करीब 50 महिला बंदी रह रही हैं। इनमें भी 10 तो सजायाफ्ता हैं। वर्तमान में महिला जेल में 20 महिला सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। जिनमें 5 हैड कांस्टेबल व 15 कांस्टेबल हैं। नई महिला जेल बनने के बाद अलग से महिला जेलर भी तैनात की जाएगी।

पुरुष जेल विस्तार का भी प्रस्ताव बंधा धर्मपुरा में जेल के लिए आवंटित जमीन पर अतिक्रमण के कारण जेल निर्माण में परेशानी को देखते हुए इसे निरस्त करने की योजना चल रही है। वहीं केन्द्रीय कारागार में ही पुरुष जेल के विस्तार की योजना है। जिसका प्रस्ताव जेल प्रशासन ने मुख्यालय को भेज रखा है।

जगह कम होने से बन रही नई जेल महिला जेल में वर्तमान में क्षमता से दोगुनी महिला बंदी हैं। जगह की कमी को देखते हुए जेल परिसर में ही पीछे की तरफ खाली जगह में नई महिला जेल बनाई जा रही है। जिसकी क्षमता सौ से डेढ़ सो की होगी। इसका काम तेजी से चल रहा है। करीब 6 माह में बनकर तैयार होने की उम्मीद है।

गांव के सरकारी स्कूल में सीसीटीवी कैमरों से क्लासरूम की मॉनिटरिंग

कोटा। क्लास रूम में बच्चे क्या कर रहे हैं आैर शिक्षक पढ़ा रहे हैं या नहीं। इसकी मॉनिटरिंग के लिए पहली बार जिले में बोरदा सेकंडरी स्कूल में 7 सीसीटीवी लगाए गए हैं। ये कैमरे भामाशाहों के सहयोग से क्लासरूम की निगरानी के लिए लगाए गए हैं। यह जिले का एकमात्र एेसा सरकारी स्कूल है जहां मॉनिटरिंग के लिए ऐसी व्यवस्था की गई है।

वर्ष 2015 में यहां संस्था प्रधान बाल मुकुंद नागर ने ज्वॉइन किया। उन्होंने स्कूल का हुलिया ही बदल दिया। इसका नतीजा यह रहा है कि यहां दो साल में ही बच्चों के नामांकन की संख्या 70 से 233 पहुंच गई है।

इसके अलावा 120 स्टूल-टेबल की व्यवस्था हो चुकी है। कक्षा 6 से 10वीं तक के बच्चों के लिए फर्नीचर हैं। डीईओ माध्यमिक एंजिलिका पलात ने बताया कि यह पहला स्कूल हैं, जिसमें सीसीटीवी की व्यवस्था है। यह सराहनीय प्रयास है। 

10वीं का रिजल्ट 100 प्रतिशत :संस्था प्रधानने बताया कि दो साल पहले यहां कक्षा 10वीं का रिजल्ट 33 प्रतिशत था। बच्चों के लिए पढ़ाई की बेहतर व्यवस्था समय-समय पर ध्यान देने से पिछले साल 100 प्रतिशत रिजल्ट रहा है।

संस्था प्रधान नागर ने बताया कि उन्होंने स्कूल विकास के लिए कुल 62 भामाशाहों से सहयोग लिया। इनमें 46 हजार 400 रुपए एकत्रित हुए। इसके बाद जनसहभागिता योजना से 69 हजार रुपए यानी कुल एक लाख 16 हजार रुपए कुल राशि एकत्रित हुई।

इसके बाद स्कूल के लिए सात सीसीटीवी के अलावा रिनोवेशन कार्य सहित अन्य सुविधाएं करवाई हैं। उन्होंने बताया कि एक भामाशाह के 11 हजार रुपए सीसीटीवी के लिए दिए, जिससे यह पूरी प्रक्रिया हुई है।

अब स्मार्ट क्लास बनवाने की प्रक्रिया
पहले स्कूल की स्थिति जीर्ण-शीर्ण बनी हुई थी। यहां 70 बच्चों का नामांकन था। उस समय 12 स्टूल-टेबल 10वीं के बच्चों के लिए थे, लेकिन भामाशाहों ने स्कूल के लिए सहयोग किया और अब स्कूल का हुलिया ही बदल गया। अब स्मार्ट क्लास बनवाने की प्रक्रिया है।
-बालमुकंद नागर, संस्था प्रधान, गवर्नमेंट बोरदा सेकंडरी स्कूल

उद्योगों को प्रोत्साहन देने के लिए जयपुर में इण्डिया इण्डस्ट्रीयल फेयर शुरू

जयपुर। गृहमंत्री  गुलाब चंद कटारिया ने लघु एवं मझौले उद्योगों को रोजगार का सशक्त माध्यम बनाते हुए नौकरी मांगने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले युवा उद्यमी तैयार करने की आवश्यकता प्रतिपादित की है। युवाओं में उद्यमी बनने की ललक पैदा करनी होगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास में लघु एवं कुटीर उद्योगों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कटारिया शुक्रवार को सीतापुरा के जेईसीसी परिसर में उद्योग विभाग व लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित इण्डिया इण्डस्ट्रीयल फेयर उद्योग दर्शन के उद्घाटन समारोह को संबोधित कर रहे थे।  इस अवसर पर केन्द्रीय वाणिज्य मंत्री सुरेश प्रभु और केन्द्रीय युवा एवं सूचना प्रसारण राज्य मंत्री राजवर्द्धन सिंह ने वीडियो संदेश के माध्यम से इसे सराहनीय प्रयास बताते हुए शुभकामनाएं दी। 

उन्होंने वनोपज और किसानों की उपज के सहउत्पाद तैयार करने के उद्योग स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि जहां एक और इन उत्पादों को देश ही नहीं विदेशों में भी बाजार मिल सकेगा वहीं आदिवासियों और काश्तकारों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिल सकेगा। 

कटारिया ने युवाओं व महिलाओं को लघु व कुटीर उद्योगों से जोड़ने के लिए एक अलग से विंग बनाकर उनके प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और बाजार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने उद्योग विभाग व लघु उद्योग भारती द्वारा इस तरह के फेयर आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इससे साझा मंच उपलब्ध हो पाता है।

उर्जा मंत्री पुष्पेन्द्र सिंह ने बताया कि राज्य में एक माह में औद्योगिक कनेक्शन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने रीको औद्योगिक क्षेत्रों में केवल 2 प्रतिशत हानि को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि पिछले चार साल में उर्जा क्षेत्र के सभी क्षेत्रों में उपलब्धिों के नए आयाम स्थापित किए गए हैं। 

 उर्जा मंत्री  ने उद्योगों को भी सोलर सिस्टम अपनाने का सुझाव दिया। उन्होंने बताया कि उर्जा के क्षेत्र मेें राजस्थान को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत किया गया । हरियाणा के श्रम एवं नियोजन मंत्री नायाब सिंह ने कहा कि बड़े उद्योगों की सफलता के लिए लघु उद्योगों को मजबूत करना होगा। छत्तीसगढ़ औद्योगिक विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष छगन मूंदडा ने छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश के बेहतर वातावरण की चर्चा करते हुए निवेश के लिए आमंत्रित किया।

उद्योग आयुक्त व सीएसआर सचिव कुंजी लाल मीणा ने कहा कि इण्डिया इण्डस्ट्रीयल फेयर समूचे देश में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने बताया कि उद्योग विभाग द्वारा उद्योगों को प्रोत्साहन, मार्गदर्शन और बाजार उपलब्ध कराने के लिए बायर-सेलर मीट सहित जिला स्तर तक मेला प्रदर्शनियां आयोजित कर लाभान्वित किया जा रहा है।

 लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष जितेन्द्र गुप्ता ने बताया कि लघु उद्योग भारती की देशभर में 465 इकाइयां है। उन्होंने बताया कि देशभर में 3 करोड़ 62 लाख एमएसएमई इकाइयां है पर जहां तक पंजीयन का प्रश्न है केवल 40 लाख इकाइयां ही पंजीकृत है। उन्होंने प्रशिक्षण व विपणन सहयोग की जरुरत बताई। 

राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष योगेश गौतम ने बताया कि मेले में सेमिनार, फैशन शो सहित विभिन्न आयोजन भी रखे गए हैं। इस अवसर पर एसबीआई के सीजीएम विजय रंजन, लघु उद्योग भारती के ताराचंद गोयल, विमल कटियार, सहित गणमान्य नागरिक, अधिकारीगण व उद्यमी उपस्थित थे।

चारा घोटाला: सजा का ऐलान कल, लालू ने लगाई रहम की गुहार

रांची। चारा घोटाले से जुड़े एवं देवघर कोषागार से 89 लाख, 27 हजार रुपये की अवैध निकासी के मुकदमे में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव, आर के राणा, जगदीश शर्मा व तीन पूर्व आईएएस अधिकारियों समेत 16 दोषियों की सजा पर फैसला शुक्रवार को फिर टल गया।

अब जज शनिवार को दोपहर 2 बजे फैसला सुनाएंगे। इससे पहले शुक्रवार को सीबीआई कोर्ट में सजा पर बहस पूरी हो गई। लालू के वकील कोर्ट रूम में मौजूद थे। जज लालू प्रसाद यादव समेत सभी दोषियों को विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सजा सुनाएंगे।

इससे पहले लालू प्रसाद यादव ने जज से खराब स्वास्थ्य का हवाला देकर कम सजा देने की गुहार लगाई। लालू के वकील की ओर से कहा गया है कि लालू प्रसाद यादव को डायबिटीज और सांस संबंधी परेशानी है। ऐसे में उन्हें इस हालत में जेल में रखना ठीक नहीं है।

लालू के वकील ने कहा कि उन्हें इस मामले में सजा दी गई है, जबकि जगन्नाथ मिश्र जैसे लोगों को रिहा कर दिया गया है। वह इस मामले में एक साल की सजा भी काट चुके हैं। बता दें कि पिछली सुनवाई में कोर्ट ने इस फैसले को शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दिया था।

इसके चलते सुरक्षा कारणों के मद्देनजर आरजेडी चीफ लालू प्रसाद यादव को होतवार स्थित बिरसा मुंडा जेल से दोपहर पौने दो बजे सीबीआई अदालत में पेश किया गया। लालू के साथ इस मामले के सभी 16 अभियुक्तों को अदालत में पेश किया गया, जहां सभी की सजा की अवधि पर उनके वकीलों ने बहस की।

हालांकि, लालू की सजा की अवधि पर बहस शुरू नहीं हो सकी। उन्हें अदालत ने पौने तीन बजे के लगभग वापस न्यायिक हिरासत मे जेल भेजने के निर्देश दे दिए। इस मामले में सजा की अवधि पर अदालत ने फैसला शुक्रवार तक के लिए स्थगित कर दिया।

लालू की अदालत में पेशी को लेकर बिरसा मुंडा जेल से विशेष अदालत तक सुरक्षा के खास इंतजाम किए गए थे। बाद में लालू विशेष न्यायाधीश शिवपाल सिंह की अदालत से निकल कर चारा घोटाले के दो अन्य मामलों में पेशी के लिए गए और फिर वापस बिरसा मुंडा जेल चले गए। अदालत ने इस मामले में 22 आरोपियों में से 16 को दोषी करार देने के बाद उन्हें हिरासत में लेकर बिरसामुंडा जेल भेजने के निर्देश दिए थे।

कोर्ट ने जिन आरोपियों को चारा घोटाले के इस मामले में दोषी करार दिया है, उनमें बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव, आर के राणा, जगदीश शर्मा, तीन आईएएस अधिकारी तत्कालीन वित्त आयुक्त फूलचंद सिंह, पशुपालन विभाग के तत्कालीन सचिव बेक जूलियस एवं एक अन्य वरिष्ठ अधिकारी महेश प्रसाद भी शामिल हैं। लालू प्रसाद यादव ने जेल जाने से पूर्व कहा था कि उन्हें राजनीतिक साजिश के तहत फंसाया गया है और इस फैसले के खिलाफ वह हाई कोर्ट जाएंगे।

नए साल में जियो का एक ओर धमाकेदार ऑफर्स

0

नई दिल्ली। नए साल में रिलायंस जियो अपने यूजर्स के लिए एक बार फिर धमाकेदार ऑफर लेकर आया है। अपने हैपी न्यू इयर प्लान के तहत जियो अपने 1 GB डेटा प्रतिदिन इस्तेमाल करने वाले सभी यूजर्स के लिए दो तरह के ऑफर्स लेकर आया है।

रिलायंस के नए ऑफर के तहत आप या तो अपने 1 GB डेटा प्रतिदिन वाले सभी पैक्स को 50 रुपये कम में रिचार्ज करवा सकते हैं या फिर 1 GB वाले पुराने प्लान्स के लगभग कीमत में ही हर दिन 50 फीसदी ज्यादा डेटा पा सकते हैं।

नए रिचार्ज प्लान्स 9 जनवरी 2018 से यूजर्स के लिए उपलब्ध रहेंगे। जियो के पहले ऑफर के तहत 199 रुपये का 28 दिन की वैधता और 28 GB डेटा वाला प्लान अब केवल 149 में उपलब्ध होगा। इस ऑफर में 70 दिनों की वैधता और 70 GB डेटा वाला 399 रुपये का रिचार्ज केवल 349 रुपये में आप करा सकते हैं।

459 रुपये में 84 दिन की वैलिडिटी और 84 GB डेटा वाला रिचार्ज 399 रुपये में यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा। 499 रुपये में 91 दिन की वैधता और 91 GB डेटा वाला प्लान 449 रुपये में आपको मिलेगा।

कंपनी के दूसरे ऑफर के तहत अब हर दिन आप 1 GB की जगह 1.5 GB डेटा पा सकते हैं। नए ऑफर में 198 रुपये और 28 दिन की वैलिडिटी वाले पैक में 28 GB की जगह अब 50 फीसदी ज्यादा यानी 42 GB डेटा मिलेगा। इसी तरह से 398 रुपये में 70 दिन की वैलिडिटी वाले प्लान में 70 GB की जगह 105 GB डेटा यूजर्स को मिलेगा।

448 रुपये में 84 दिन वैधता वाले प्लान में अब 84 की जगह 126 GB डेटा यूजर्स को मिलने जा रहा है। कंपनी के अनुसार 498 रुपये में 91 दिन वैलिडिटी वाले रीचार्ज प्लान में अब 136 GB डेटा मिलेगा। कंपनी ने अपने जारी बयान में कहा की साल 2018 में भी कंपनी अपने ग्राहकों पर ऑफर्स की बरसात करना जारी रखेगी।

2017-18 में सरकार ने जीडीपी का अनुमान घटाकर 6.5 फीसदी किया

नई दिल्ली। देश की जीडीपी ग्रोथ साल 2017-2018 के बीच 6.5 प्रतिशत रहने का अनुमान है। साल 2016-17 में जीडीपी की ग्रोथ रेट 7.1% थी। सेंट्रल स्टैटिस्टिक्स ऑफिस (CSO) के द्वारा जारी आंकड़ों से यह बात सामने आई है। नोटबंदी और जीएसटी के बाद अर्थव्यवस्था की खराब हालत का आरोप झेल रही सरकार के लिए यह आंकडे़ किसी झटके से कम नहीं है। नए आकड़ों से अर्थव्यवस्था की रफ्तार धीमी होने की अटकलों को बल मिला है।

CSO द्वारा जारी इस वित्त वर्ष के इन आंकड़ों से सरकार के लिए एक अच्छी खबर भी आई। CSO की इस रिपोर्ट में साल 2017-18 के दौरान प्रतिव्यक्ति आय में 5.3 फीसदी बढ़ोतरी का अनुमान जताया गया है। नए आंकड़े में साल 2017-18 के लिए जीवीए यानी ग्रॉस वैल्यू ऐडेड का अनुमान भी घटाकर 6.1 फीसदी कर दिया गया है।

पहले आरबीआई ने साल 2017-18 के लिए जीवीए के 6.7 होने का अनुमान लगाया था। जीडीपी में से टैक्स को घटाकर जीवीए निकाला जाता है। ताजा आंकड़े देश की अर्थव्यवस्था के लिए शुभ संकेत नहीं दे रहे हैं। नए आंकड़े सरकार के लिए इसलिए भी चिंताजनक हैं क्योंकि सरकार अब साल 2018-19 के लिए बजट बनाने में लगी हुई है।

इस बीच आए ये आंकड़े सरकार को इस साल के बजट में नई रणनीति अपनाने को मजबूर कर सकते हैं। आपको बता दें कि लगभग 2 महीने पहले सरकार ने ईज ऑफ डूइंग बिजनस में भारत की रैकिंग में सुधार को लेकर जमकर वाहवाही बटोरी थी, लेकिन ताजा आंकड़े सरकार के लिए परेशानी का सबब बन सकते हैं।

वैश्विक संकेतों से सोना फिर चमका, चांदी हुई 40 हजारी

नई दिल्ली/कोटा। सोने की कीमतों में शुक्रवार को एक बार फिर से उछाल देखने को मिला है।  दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 135 रुपए के उछाल के साथ 30,500 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर बंद हुआ है। सोने की कीमतों में आई यह तेजी मजबूत वैश्विक संकेतों और स्थानीय ज्वैलर्स की ओर से तेज खरीदारी के कारण देखने को मिली है।

वहीं गुरुवार के कारोबार में सोना 85 रुपये गिरकर 30365 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया था। इसी तरह चांदी 210 रुपये कमजोर होकर 39640 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर बंद हुई थी।

सोने की ही तरह चांदी की कीमतों में भी उछाल देखने को मिला है। चांदी ने एक बार फिर से 40,000 के स्तर को छू लिया। चांदी की कीमतों में यह तेजी औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं की ओर से तेज उठान के कारण देखने को मिली है।

 वैश्विक स्तर पर न्यूयॉर्क में सोना बीते दिन के कारोबार में 0.72 फीसद के उछाल के साथ 1,322 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.58 फीसद के उछाल के साथ 17.20 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर बंद हुई। इसके अलावा घरेलू बाजार में घरेलू ज्वैलर्स की खरीदारी में आई तेजी ने सोने की कीमतों में उछाल का समर्थन किया है।

वहीं दिल्ली में 99.9 फीसद और 99.5 फीसद शुद्धता वाला सोना 135 रुपए के उछाल के साथ 30,500 रुपए और 30,350 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया है। सोने में यह स्तर 2 दिसंबर को देखा गया था।

कोटा सर्राफा
चांदी 39600 रुपये प्रति किलोग्राम। 
सोना केटबरी 30400 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 35460 रुपये प्रति तोला। 
सोना शुद्ध 30550 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 35630 रुपये प्रति तोला। 

स्टॉक मार्केट रिकॉर्ड हाई पर, निफ्टी पहली बार 10,550 के पार

नई दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार कारोबारी हफ्ते के आखिरी दिन शुक्रवार को रिकॉर्ड लेवल पर बंद हुए। पॉजिटिव ग्लोबल संकेतों से बढ़त के साथ शुरुआत के बाद सभी सेक्टोरल इंडेक्स में तेजी से बाजार को सपोर्ट मिला। जिससे मार्केट रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए।

 सेंसेक्स 184 अंक बढ़कर 34,153 अंक और निफ्टी 54 अंक चढ़कर 10,558 अंक पर बंद हुए। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने जहांं 34,175 प्वाइंट्स को छुआ। वहीं,  निफ्टी 10,562.80 के हाई टाइम लेवल पर देखा गया। इससे पहले, 27 दिसंबर 2017 को सेंसेक्स 34137.97 और निफ्टी 10,552.40 प्वाइंट्स तक पहुंच चुका था। 

 शेयर बाजार में तेजी क्यों देखी गई? 
– फॉर्च्यून फिस्कल के डायरेक्टर जगदीश ठक्कर का कहना है कि अमेरिकी बाजारों में तेजी से मार्केट को सपोर्ट मिला है। डाओ जोंस पहली बारी 25000 के पार बंद हुआ है। इससे एशियाई बाजारों में मजबूती आई है। एशियाई बाजारों से मिले संकेतों से घरेलू मार्केट मजबूत हुआ है।

– वहीं, नॉर्थ कोरिया अमन के लिए साउथ कोरिया से बातचीत को तैयार हो गया हैं। डिप्लोमैटिक लेवल पर 2 साल से इस बातचीत की कोशिश चल रही थी। इससे जियोपॉलिटिकल टेंशन में कमी आई है। 

– मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि फॉरेन फंड इन्फ्लो में लगातार बढ़ोत्तरी और सरकार द्वारा बैंक रिकैपिटलाइजेशन प्रोग्राम को बूस्ड मिलने से डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स दवारा खरीददारी बढ़ने से मार्केट में लिक्विडिटी बढ़ी है।

–  हेवीवेट टाटा स्टील, मारुति, टीसीएस, एसबीआई, आईटीसी, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज में मजबूती से मार्केट को सपोर्ट मिला है।
 
निफ्टी पर 31 शेयरों में रही तेजी
– शुक्रवार को बढ़त के साथ कारोबार में निफ्टी50 पर 31 शेयर्स में बढ़त रही। वहीं 19 शेयर्स गिरावट के साथ बंद हुए। सबसे ज्यादा तेजी यस बैंक में 4.98 फीसदी दर्ज की गई। इसके अलावा बजाज फाइनेंस, अडानी पोर्ट्स, इंडसइंड बैंक, भारती एयरटेल, ल्यूपिन, डॉ रेड्डीज और आयशर मोटर्स में 3.65-2.38 फीसदी तक बढ़त देखने को मिली।

– गिरनेवाले शेयरों में भारती इंफ्राटेल, हिंडाल्को, यूपीएल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, आईओसी, सिप्ला, बीपीसीएल, विप्रो, एसबीआई 1.75-0.41 फीसदी तक गिरे।

मिडकैप-स्मॉलकैप इंडेक्स भी रिकॉर्ड हाई पर बंद
– छोटे और मझोले शेयरों में खरीददारी से मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी रिकॉर्ड हाई लेवल पर बंद हुए। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.69 फीसदी की तेजी के साथ 18070 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान मिडकैप इंडेक्स ने 18098.24 का हाई बनाया था।

मिडकैप शेयरों में आईडीबीआई बैंक, यूबीएल, इंडियन होटल, अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी पावर, आरबीएल बैंक, एबीएफआरएल, अजंता फार्मा, फेडरल बैंक, अमारा राजा बैट्रीज, मुथूट फाइनेंस, एमआरएफ 6.98-2.39 फीसदी तक बढ़े।
– वहीं बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.92 फीसदी की उछाल के साथ 19695 अंक पर बंद हुए। कारोबार में स्मॉलकैप इंडेक्स ने 19723.72 के रिकॉर्ड लेवल को छुआ।