Wednesday, July 15, 2026
Home Blog Page 5558

रेकॉर्ड नई ऊंचाई पर बाजार, सेंसेक्स पहली बार 34,500 के पार

नई दिल्ली। बुधवार को शेयर बाजार में तेजी दिखी और सेंसेक्स पहली बार 34500 के पार पहुंचा। वहीं निफ्टी की शुरुआत भी अच्छी रही, मार्केट खुलने पर वह 10,638.10 पर था। इस बढ़त की वजह मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में जोरदार खरीदी को बताया जा रहा है।

9 बजकर 25 मिनट पर सेंसेक्स 34,460 पर था, उससे पहले वह 34,500 का आंकड़ा छू चुका था। वहीं निफ्टी 10,637.35 पर रहा। सेंसेक्स के स्टॉक्स में ओएनजीसी 1.4 प्रतिशत की बढ़त के साथ बीएसई पर 199.25 रुपये से ट्रेडिंग कर रहा है। वहीं कोल इंडिया के रेट भी 1.09 प्रतिशत उठकर 307.35 पहुंच गए।

भारती एयरटेल, सन फार्मा और अडानी पोर्ट्स में भी बढ़त देखी गई। वहीं टाटा स्टील, एशियन पेंट्स और एचडीएफसी के शेयर्स नीचे गिरे हैं। बता दें कि इससे पहले आठ जनवरी को पहली बार निफ्टी ने भी 10,600 का आंकड़ा छुआ था। यह बढ़त तब से अबतक बरकरार भी है।

राज्य सेवा के अफसरों की प्रॉपर्टी रिटर्न ऑनलाइन जमा होगी

0

जयपुर। राज्य सेवा के 67 हजार से अधिक अधिकारियों के लिए यह सूचना बेहद महत्वपूर्ण है। उन्हें अब अपना प्रॉपर्टी रिटर्न ऑनलाइन भरना होगा। इसके लिए कार्मिक विभाग ने रिटर्न भरने की अंतिम तिथि 31 जनवरी तय की है।

तय तिथि के बाद किसी भी अफसर की हार्ड कापी स्वीकार नहीं की जाएगी। ऑनलाइन प्रॉपर्टी की सूचना देने वाले अधिकारियों का इंक्रीमेंट रोका जाएगा।

कार्मिक विभाग की ओर से राजपत्रित अधिकारियों के अचल संपत्ति का ब्योरा जमा कराने के लिए आईपीआर माॅडल तैयार किया गया है। इसके जरिए राज्य सेवा के हर अधिकारी को प्रॉपर्टी रिटर्न की सूचना ऑनलाइन देनी होगी।

पहली बार ऐसा प्रयोग किया जा रहा है। इससे पहले राज्य सेवा के अधिकारियों को 31 मार्च तक प्रॉपर्टी रिटर्न जमा कराना होता था।

रात में मंडी बंद रहने पर किसानों में रोष, मंडी सचिव का किया घेराव

कोटा। रात में भामाशाह मंडी बंद रहने पर किसानों में रोष व्याप्त है। नाराज किसानों ने मंगलवार को मंडी सचिव का घेराव किया। इससे पहले किसान मोर्चा की बैठक मंडी के किसान भवन में हुई। बैठक में सभी पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि मंडी गेट 24 घंटे खुला रहना चाहिए।

बैठक के बाद सभी पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं ने सात दिन का समय दिया कि अगर इसमें मंडी रात में बंद करने का निर्णय नहीं बदला तो आंदोलन करेंगे।  किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री मुकुट नागर ने बताया कि प्रशासन ने 5 जनवरी को आदेश जारी किया कि रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक मंडी के मुख्य गेट बंद रहेंगे।

इसके पीछे मंडी प्रशासन ने तर्क दिया कि मंडी में चोरी की वारदातें बढ़ रही हैं, इसलिए गेट बंद का निर्णय लिया गया। मंडी सचिव आरपी कुमावत से कार्यकर्ताओं की बहस भी हुई।  जिलाध्यक्ष राकेश चौहान ने बताया कि मंडी प्रशासन द्वारा 5 लाख रुपए सिक्योरिटी गार्डों पर खर्चा किया जा रहा है। साथ ही मंडी परिसर में 40 कैमरे लगे हुए हैं फिर भी अगर मंडी प्रशासन मुख्य गेट बंद कर के अपनी नाकामी छुपाना चाहता है।

उन्होंने बताया कि अगर यह तुगलकी फरमान सोमवार तक वापस नहीं लिया गया तो सोमवा 15 जनवरी से अनिश्चितकाल के लिए मंडी बंद करेंगे। इस दौरान जिला प्रभारी रमेश पाटीदार, हुसैन देशवाली, धर्मेंद्र त्रिपाठी, शंकर लाल सुमन, योगेश सामरिया, हेमराज जोशी, गुड्डू चौधरी, जिला प्रवक्ता अर्जुन नगर उपस्थित रहे।

एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के सभी विज्ञान केंद्र बनाएंगे सीप मोती प्रोजेक्ट

कृषि अनुसंधान केंद्र उम्मेदगंज में मेडिसिन गार्डन वेजीटेबल हब होगा स्थापित

कोटा/झालावाड़। एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी कुलपति प्रो. जीएल केशवा ने कहा कि यूनिवर्सिटी के सभी छह कृषि विज्ञान केंद्र सीप मोती फार्मिंग प्रोजेक्ट बनाएंगे। जो फिजिबल होगा, वहां सीप मोती फार्मिंग शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी ने उम्मेदगंज कृषि अनुसंधान केंद्र पर मेडिसिन गार्डन वेजीटेबल उत्पादन हब स्थापित करने की योजना बनाई है।

कुलपति झालावाड़ के उद्यानिकी वानिकी कॉलेज में वरिष्ठ अधिकारी परिषद की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सभी कृषि विज्ञान केंद्र पर एक फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी तैयार की जाएगी। जो किसानों के हित में काम करेगी। अनुसंधान केंद्र के बीज उत्पादन कार्यक्रम के अंतर्गत सर्टिफाइड सीड तैयार किया जाएगा।

उसे किसानों को उपलब्ध करवाया जाएगा। यूनिवर्सिटी की हॉर्टिकल्चर विंग को हाईटेक कर स्टूडेंट्स को उद्यानिकी के क्षेत्र में कुशल बनाया जाएगा। इस बैठक में कुलपति प्रो. केशवा ने पूर्व बैठक की कार्यवाही का विवरण पढ़ा, कार्य की अनुशंसा कर उनके क्रियान्वयन पर चर्चा की।

इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों ने वर्ष 2017 की उपलब्धियां, वार्षिक प्रगति और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई। इस मौके पर कुलपति ने यूनिवर्सिटी से सरकार को भेजे एग्रीकल्चर कॉलेज के प्रस्ताव पर चर्चा करते संभावना जताई कि इस वर्ष विश्वविद्यालय में कृषि महाविद्यालय की स्थापना होगी।

इस मौके पर यूनिवर्सिटी के वार्षिक कलेंडर का विमोचन किया गया। बैठक की मेंबर सेक्रेट्री डॉ. ममता तिवारी ने विश्वविद्यालय की योजनाओं की जानकारी दी।

बैठक में झालावाड़ कॉलेज के डीन डॉ. पीके दशोरा, निदेशक प्रसार डॉ. केएम गौतम, निदेशक अनुसंधान डॉ. प्रताप सिंह धाकड़, निदेशक मानव संसाधन विकास डॉ. केएन ओझा, निदेशक स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. एमसी जैन, कुलसचिव एसआर मीणा वित्त नियंत्रक डॉ. विधि शर्मा समेत सभी कृषि विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

कोटा में कड़ाके की सर्दी, न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री

कड़ाके की सर्दी में भी सुबह 8 बजे ठिठुरते हुए स्कूल जा रहे हैं बच्चे

कोटा। इन दिनों शहर में कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। शहर का न्यूनतम तापमान मंगलवार को 3.5 डिग्री रहा। ऐसी सर्दी में भी नन्हें मासूमों को सुबह जल्दी उठकर स्कूल जाना पड़ रहा है। जयपुर में 7.5 डिग्री के तापमान पर ही स्कूलों का समय बदलकर दस बजे का कर दिया।

इधर, स्टेशन क्षेत्र का तापमान 3.5 डिग्री पर पहुंचने के बावजूद स्कूलों का समय नहीं बदला जा रहा है। वहीं, नए कोटा का तापमान भी 7.5 के आसपास ही है। शहर अधिकांश प्राइवेट स्कूलों का समय 8 से 9 बजे है। इस समय सर्द हवाओं को भी जाेर रहता और गलन बनी रहती है।

इसके बावजूद बच्चों की पीड़ा का जिला प्रशासन नहीं समझ पा रहा है। सुबह 6 बजे उठकर बच्चों के तैयार होने से ऑटो बस के इंतजार करने में बच्चों के हाल खराब हो रहा है।

तापमानमें गिरावट का दौर जारी : मौसम विभाग कोटा के अनुसार नए कोटा का न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री से गिरकर 7.6 डिग्री पर गया।

-अधिकांश स्कूल सुबह 8 से 9 बजे के बीच ही खुल रहे हैं। उस समय धूप निकल जाती है। प्रशासन कोई आदेश जारी करेगा तो स्कूल समय बदल दिया जाएगा।-प्रदीप सिंह गौड़, अध्यक्ष सहोदया स्कूल कॉम्प्लेक्स

-अभी सरकारी स्कूलों का समय 9.30 बजे कहा है। अभी तक कलेक्टर की तरफ से समय बदलने कोई आदेश नहीं मिले हैं। –एंजीलिका पलात, जिला शिक्षाधिकारी, माध्यमिक 

आपका चेहरा पहचान कर अनलॉक हो जाएगी कार

चीन की कंपनी बाइटन ने एक ऐसी इलेक्ट्रिक कार पेश की है जो चेहरा पहचान कर खुद ही अनलॉक हो जाएगी। कंपनी ने इस इलेक्‍ट्रि‍क कॉन्‍सेप्‍ट कार को लास वेगास में चल रहे CES 2018 में शोकेस कि‍या। BMW और ऐपल के पूर्व इंजिनियरों द्वारा तैयार की गई इस कार में और भी कई कमाल के फीचर्स हैं। आइए जानें इसकी खासियत और कीमत…

इस कार में 71 कि‍लोवॉट बैटरी पैक है जो एक बार चार्ज होने पर 402 कि‍मी तक की दूरी तय कर सकती है। कार का एक महंगा वर्जन भी है, जो एक बार चार्ज होने पर 523 कि‍मी तक का सफर तय कर सकती है। कंपनी का दावा है कि 15 से 30 मिनट में ही इसकी बैटरी फुल चार्ज हो जाएगी।

बात की जाए इसके इंटीरियर की तो, एक बार सीट पर बैठने पर आपको लग्जूरिअस लिविंग रूम में बैठने जैसा महसूस होगा। ऐमजॉन ऐलेक्सा के साथ इसमें वॉइस और जेस्चर कंट्रोल की फसिलटी भी मौजूद होगी।डिजाइन की बात की जाए तो कार के दरवाजे में इन्विज़िबल हैंडल लगाए गए हैं।

साइड व्यू के लिए कार में शीशे की जगह कैमरे का इस्तेमाल किया गया है। इसकी कार की सबसे बड़ी खासियत यह है कि आपका चेहरा पहचान कर यह खुद ही अनलॉक भी हो जाएगी। कंपनी का दावा है कि दुनिया की यह पहली कार होगी जिसके स्टीरिंग वील पर ही टचस्क्रीन है।

साथ ही इस इलेक्ट्रिक कार में 49 इंच का डैशबोर्ड टचस्क्रीन डिस्प्ले लगा है। यह डि‍स्‍प्‍ले नेवि‍गेशन, एंटरटेनमेंट और कार में बैठे लोगों के हेल्‍थ तक को मॉनि‍टर करेगा।इसके फीचर्स को देखते हुए इसे अगर पहिए पर चलने वाला स्मार्टफोन कहा जाए तो गलत नहीं होगा।

5G इंटरनेट कनेक्टिविटी से लैस इस कार में आप टीवी शोज और गेम खेलने के साथ-साथ विडियो चैट भी कर सकते हैं।
इसकी कीमत 45,000 डॉलर (करीब 28.6 लाख रुपये) से शुरू होगी। 2019 में यह कार चीन में बिक्री के लिए उपलब्ध होगी।

सोने और चांदी की कीमतों में मामूली सुधार

नई दिल्ली/कोटा । कमजोर वैश्विक संकेतों के बावजूद घरेलू ज्वैलर्स की ओर से बढ़ी मामूली खरीदारी के चलते दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में मामूली बढ़त दर्ज की गई है। साथ ही चांदी की कीमतों में भी सुधार देखने को मिला है। इंडस्ट्रीयल यूनिट्स औक सिक्का निर्माताओं की ओर से तेज उठान के चलते देखने को मिला है।

व्यापारियों का मानना है कि स्थानीय ज्वैलर्स की ओर से घरेलू हाजिर बाजार में स्तत खरीदारी क चलते कीमतों में बढ़त देखने को मिली है। लेकिन कमजोर वैश्विक संकेतों के चलते इस बढ़त पर कैप लग गई। वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना चौथाई फीसद की कमजोरी के साथ 1316.70 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.20 फीसद की कमजोरी के साथ 17.06 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई है।

दिल्ली में 99.9 फीसद और 99.5 फीसद शुद्धता वाला सोना 20 रुपये की मामूली बढ़त के साथ क्रमश: 30500 रुपये और 30350 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है। जानकारी बता दें कि बीते सत्र में सोने में 30 रुपये की बढ़त दर्ज की गई थी। गिन्नी की कीमतें हालांकि 24700 रुपये प्रति आठ ग्राम के स्तर पर आ गई हैं।

चांदी तैयार 20 रुपये की बढ़त के साथ 39900 प्रति किलोग्राम के स्तर पर जबकि साप्ताहिक आधारित डिलिवरी 15 रुपये की कमजोरी के साथ 39100 प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है। इस दौरान चांदी के सिक्के 73000 लिवाल और 74000 रुपये बिकवाल प्रति सैंकड़ा के स्तर पर स्थिर रहे हैं।

कोटा सर्राफा  
चांदी 39500 रुपये प्रति किलोग्राम। 
सोना केटबरी 30450 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 35520 रुपये प्रति तोला। 
सोना शुद्ध 30600 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 35700रुपये प्रति तोला। 

पैरेंट्स को किराया देकर भी बचा सकते हैं टैक्‍स, जानिए कैसे

0

-सीए मिलिंद विजयवर्गीय 
कोटा। अगर सैलरी क्‍लास से हैं और किराए के घर में रहते हैं तो हाउस रेट अलाउंस एचआरए पर भी टैक्‍स छूट क्‍लेम कर सकते हैं। वही अगर आप किराए के घर में नहीं रहते हैं तो आपको एचआरए पर टैक्‍स देना होगा। कंपनियां अपने कर्मचारियों को हाउस रेंट अलाउंस देती हैं।

इसके अलावा आप अपने पैरेंट्स के घर में रहते हुए भी एचआरए पर टैक्‍स छूट क्‍लेम कर सकते हैं। एचआरए पर टैक्‍स छूट क्‍लेम करने के लिए आपको कंपनी को रेंट स्लिप देनी होगी।

आपको हर हाल में अपनी कंपनी द्वारा तय की गई समय सीमा में रेंट स्लिप देनी होगी। वैसे रेंट स्लिप देने के लिए 31 मार्च लास्‍ट डेट है। इनकम टैक्‍स एक्‍ट का सेक्‍शन 10 (3ए) एचआए पर टैक्‍स छूट की अनुमति देता है। 

एचआरए पर कितनी मिल सकती है टैक्‍स छूट 
 एचआरए पर आपको कितनी टैक्‍स छूट मिल सकती है। यह आपकी बेसिक सैलरी पर प्‍लस डीए पर निर्भर करता है। इसके अलावा यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि आप मेट्रो शहर में रहते हैं या नॉन मेट्रो शहर में। आपको एक्‍चुअल एचआरए कितना मिल रहा है।

मेट्रो शहरों में रहने वाले बेसिक सैलरी प्‍लस डीए के 50 फीसदी पर टैक्‍स छूट ले सकते हैं। नॉन मेट्रो में रहने वालों के लिए यह 40 फीसदी है। इसके अलावा आप जितना रेंट चुका रहे हैं वह आपकी सैलरी का 10 फीसदी से अधिक नहीं होना चाहिए। आप इन तीनों से जो सबसे कम हो इस पर टैक्‍स छूट ले सकते हैं। 
 
1 लाख रुपए से ज्‍यादा रेंट पर देना होगा मकान मालिक का पैन 
 अगर आप किराए पर रहते हैं प्रति माह 8,333 रुपए या सालाना 1 लाख रुपए से अधिक अधिक किराया देते हैं तो आपको मकान मालिक का परमानेंट अकाउंट नंबर देना होगा। इसके बिना आपको एचआरए पर टैक्‍स छूट नहीं मिलेगी। 
 
पैरेंट्स के घर में रहते भी एचआरए पर ले सकते हैं टैक्‍स छूट 
अगर आप अपने पैरेंट्स के घर में रहते हैं तब भी आप एचआरए पर टैक्‍स छूट क्‍लेम कर सकते हैं। आप अपने माता पिता को हर माह किराया दे सकते हैं।

टैक्‍स छूट क्‍लेम करने के लिए आप रेंट स्लिप या रेंट की रकम ऑनलाइन पैरेंट्स के अकाउंट में ट्रांसफर करने का प्रूफ दे सकते हैं। हालांकि टैक्‍स छूट क्‍लेम करने के लिए आपके माता पिता को आपसे मिला रेंट अपने इनकम टैक्‍स रिटर्न में दिखाना होगा। 
 
कंपनी आपको नहीं देती है एचआरए तब भी ले सकते हैं टैक्‍स छूट 
 अगर आप किराए पर रहते हैं लेकिन आपकी कंपनी आपको एचआरए नहीं देती है तब भी आप इनकम टैक्‍स एक्‍ट के सेक्‍शन 80 जीजी के तहत टैक्‍स छूट क्‍लेम कर सकते हैं। लेकिन इसके लिए जरूरी है कि जहां पर आप रहते हैं वहां आपकी पत्‍नी बच्‍चे या आपके परिवार के नाम पर कोई रेजीडेंसिल प्रॉपर्टी नहीं होनी चाहिए। 
 
80 जीजी के तहत कितनी क्‍लेम कर सकते हैं टैक्‍स छूट 
 5,000 रुपए प्रति माह। एडजस्‍टड टोटल इनकम का 25 फीसदी या एक्‍चुअल रेंट जो आपकी एडजस्‍टड इनकम के 10 फीसदी से कम होनी चाहिए में से जो सबसे कम होगा उस पर आपको टैक्‍स मिलेगी।  

डायरेक्‍ट टैक्‍स कलेक्‍शन 18.2% बढ़कर 6.56 लाख करोड़ हुआ

0

नई दिल्‍ली। सरकार को डायरेक्‍ट टैक्‍स के जरिए अप्रैल-दिसंबर 2017 के दौरान 6.56 लाख करोड़ रुपए का रेवेन्‍यू हासिल हुआ है। वित्‍त मंत्रालय की ओर से मंगलवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते दिसंबर तक सरकार का डायरेक्‍ट टैक्‍स कलेक्‍शन 18.2 फीसदी बढ़ा है।

फाइनेंशियल ईयर 2017-18 में डायरेक्‍ट टैक्‍स कलेक्‍शन का कुल बजट एस्‍टीमेंट 9.8 लाख करोड़ रुपए है। इस तरह, अभी तक सरकार ने डायरेक्‍ट टैक्‍स से बजट अनुमान का 67 फीसदी रेवेन्‍यू हासिल कर लिया है। 

1.12 लाख करोड़ रिफंड अमाउंट 
वित्‍त मंत्रालय के अनुसार, ग्रॉस कलेक्‍शन (रिफंड से पहले) अप्रैल-दिसंबर 2017 के दौरान 12.6 फीसदी बढ़कर 7.68 लाख करोड़ रुपए हो गया। बीते साल अप्रैल-दिसंबर के दौरान रिफंड अमाउंट 1.12 लाख करोड़ रहा है। रिफंड अमाउंट से मतलब टैक्‍स रिफंड से है जिसे सरकार ने टैक्‍सपेयर्स को वापस किया है। 
 
एडवांस टैक्‍स कलेक्‍शन 12.7% बढ़ा 
आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर 2017 तक एडवांस टैक्‍स 12.7 फीसदी बढ़कर 3.18 लाख करोड़ रुपए हो गया। कॉरपोरेट इनकम टैक्‍स (सीआईटी) एडवांस टैक्‍स में 10.9 फीसदी और पर्सनल इनकम टैक्‍स (पीआईटी)  एडवांस टैक्‍स में 21.6 फीसदी की ग्रोथ रही है। 

रियल्टी-एफएमसीजी स्टॉक्स में बाइंग से सेंसेक्स 34400 के पार बंद

नई दिल्ली। नए साल में भारतीय शेयर बाजार में रोजाना नए रिकॉर्ड बनने का सिलसिला जारी है। लगातार तीसरे ट्रेडिंग सेशन में बाजार नए रिकॉर्ड हाई पर बंद हुए। रियल्टी, एफएमसीजी, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स शेयरों में तेजी से बाजार में बढ़त दिखी। वहीं हैवीवेट कोल इंडिया, रिलायंस इंडस्ट्रीज, आईटीसी और इंफोसिस में मजबूती से बाजार को सपोर्ट मिला।

जिससे सेंसेक्स पहली बार 34,400 के पार बंद होने कामयाब हुआ। वहीं निफ्टी नए रिकॉर्ड हाई पर बंद हुआ। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 90 अंक बढ़कर 34,443 अंक पर और निफ्टी 13 अंक की उछल कर 10,637 अंक पर बंद हुए।

मंगलवार के कारोबार में निफ्टी ने पहली बार 10,650 के आंकड़े को पार किया। वहीं सेंसेक्स ने भी नया हाई बनाया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स ने जहां 34488.03 प्वाइंट्स का स्‍तर छुआ, वहीं निफ्टी 10,659.15 के हाई तक गया।
 
पिछले रिकॉर्ड हाई स्तर
– 08 जनवरी को सेंसेक्स ने 34487.52 प्वाइंट्स का स्‍तर छुआ, वहीं निफ्टी 10,631.20 के हाई तक गया।
– 5 जनवरी 2018 को सेंसेक्स 34,175 और निफ्टी 10,566.10 प्वाइंट्स तक गया।
 
मिडकैप इंडेक्स लुढ़का, स्मॉलकैप में रही तेजी
– मंगलवार के उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में मिडकैप इंडेक्स में गिरावट और स्मॉलकैप इंडेक्स में तेजी रही।
– बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.40 फीसदी गिरकर 18,173.91 अंक पर बंद हुआ। कारोबार में मिडकैप इंडेक्स ने 18321.37 के रिकॉर्ड स्तर को छुआ। मिडकैप शेयरों में रिलायंस पावर, जीएमआर इंफ्रा, आरकॉम, वॉकहार्ट फार्मा, जिंदल स्टील, जेएसडब्ल्यू एनर्जी, ब्लू डार्ट इमामी लिमिटेड, डिविस लैब, कमिंस इंडिया, 3एम इंडिया, रिलायंस इंफ्रा में 6.61-1.98 फीसदी की गिरावट रही।
– वहीं बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.08 फीसदी की हल्की बढ़त के साथ रिकॉर्ड 19911.17 अंक पर बंद हुआ। कारोबार में स्मॉलकैप इंडेक्स ने 19981.71 के रिकॉर्ड स्तर को छुआ।
– स्मॉलकैप शेयरों में कॉफी डे, इनफिनिट कंप्यूटर, सुब्रोस, क्विक हिल, टनला सॉल्यूशंस, लाइकोस इंटरनेट 14.52-20 फीसदी तक बढ़े।
 
रियल्टी, एफएमसीजी इंडेक्स बढ़े, ऑटो-फार्मा टूटे
सेक्टोरल इंडेक्स में बैंक, एफएमसीजी, रियल्टी, कंजम्यूमर डुरेबल्स और मेटल इंडेक्स में बढ़त देखने को मिली। हालांकि ऑटो, मीडिया, फार्मा और पीएसयू बैंक इंडेक्स में गिरावट दर्ज की गई।

 निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में सबसे ज्यादा तेजी दिखी और इंडेक्स 2.94 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुआ। वहीं निफ्टी एफएमसीजी 0.41 फीसदी बढ़कर बंद हुआ। बैंक निफ्टी इंडेक्स 0.04 फीसदी की हल्की बढ़त के साथ 25,687.65 अंक पर बंद हुआ।
 
इलेक्ट्रोस्टील स्टील्स में अपर सर्किट लगा
मंगलवार के कारोबार में इलेक्ट्रोस्टील स्टील्स में 5 फीसदी का अपर सर्किट लगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस बैंकरप्ट कंपनी को खरीदने के लिए वेंदाता ने सबसे ज्यादा बोली लगाई है। इलेक्ट्रोस्टील स्टील्स को खरीदने की दौर में टाटा ग्रुप भी शामिल है। इस खबर से बीएसई पर स्टॉक 4.98 फीसदी बढ़कर 6.75 रुपए के भाव पर पहुंच गया।

FII रहे खरीददार, डीआईआई ने की बिकवाली
 सोमवार के कारोबार में फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एफआईआई) ने 692.83 रुपए के शेयर खरीदे। वहीं डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (डीआईआई) ने 206.3 करोड़ रुपए के शेयर बेचे।

अमेरिकी बाजार कमजोरी के साथ बंद
सोमवार को अमेरिकी बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। डाओ जोंस 13 अंकों की कमजोरी के साथ 25,283 अंक पर बंद हुआ। हालांकि नैस्डैक 21 अंक मजबूती के साथ 7,157 अंक पर बंद हुआ। वहीं एसएंडपी 500 इंडेक्स 5 अंक बढ़कर 2,748 अंक पर बंद हुआ।