Wednesday, July 15, 2026
Home Blog Page 5553

स्मार्ट सिटी कोटा : जानिए कौनसे इलाके होंगे स्मार्ट

कोटा। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पूरे शहर के बजाय एक निर्धारित भाग में ही ज्यादातर खास कार्य किए जाएंगे। परियोजना के कुछ ही प्रोजेक्ट पूरे शहर को प्रभावित करेंगे। स्मार्ट सिटी के चिह्नित एरिया के लिए ज्यादातर कार्यों की डीपीआर तैयार की जा रही है।

प्रोजेक्ट एरिया में ये क्षेत्र शामिल : प्रोजेक्ट एरिया में शहर के बल्लभनगर, सिंधी कॉलोनी, बल्लभबाड़ी, दशहरा मैदान, सूरपोल गेट से नाले के किनारे दशहरा मैदान तक, राजीव गांधी नगर, सीएडी सर्किल, सीएडी से रंगबाड़ी रोड, पारिजात नगर के मध्य मार्ग से नारकोक्सि ऑफिस की रोड वाला भाग।

आईएल के किनारे-किनारे राजीव गांधी नगर वाला इलाका, महावीर नगर प्रथम, महावीर नगर द्वितीय आंशिक, महावीर नगर तृतीय आंशिक क्षेत्र और झालावाड़ रोड क्षेत्र का कुछ भाग शामिल है। वार्डों के लिहाज से देखें तो स्मार्ट सिटी एरिया में वार्ड 27, 28, 39, 45, 46, 54, 55, 64 और वार्ड 65 के क्षेत्र को इसमें शामिल किया है। इनमें कुछ वार्ड पूरे हैं तो कुछ का आंशिक भाग।
 
ये सड़कें बनेंगी स्मार्ट
परियोजना के पहले चरण में छह सड़कों को स्मार्ट बनाने के लिए चुना गया है। इनमें एक सड़क करीब 12 किलोमीटर लम्बी है और शेष पांच सड़कें 700 मीटर से एक किमी तक की। स्मार्ट रोड पर बिजली के तार भूमिगत होंगे। कहीं तकनीकी कारणों से पोल लगाने पड़े तो स्मार्ट पोल लगाए जाएंगे।

यानी पोल पर भी वाई-फाई और सीसीटीवी कैमरे जैसी कई सुविधाएं होंगी। इसके अलावा सड़कों के मध्य डिवाइडर बना प्लांटर विकसित किया जाएगा। पार्किंग और टॉयलेट की सुविधा होगी। बैठने की जगह और फुटपाथ भी होगा।

चयनित सड़कें : नेहरू गार्डन से गोबरिया बावड़ी तक, चौपाटी से ओबीसी बैंक घोड़ा वाला चौराहा, शॉपिंग सेन्टर फर्नीचर, मार्केट से बल्लभ नगर चौराहा, घोड़ा वाला चौराहा से इंदिरा गांधी सर्किल,  इंदिरा गांधी सर्किल से छावनी चौराहा, इंदिरा गांधी सर्किल से कोटड़ी चौराहा, 30 स्कूलों में स्मार्ट कक्षाएं, स्मार्ट सिटी के तहत शहर के 30 सरकारी स्कूलों में स्मार्ट कक्षाएं बनाई जाएंगी। इसके लिए 72 लाख रुपए का बजट निर्धारित किया गया है।

वाटर वेंडिंग मशीनें भी होंगी
महापौर महेश विजय ने बताया कि शहर में जगह-जगह शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए स्वचलित वाटर वेंडिंग मशीनें भी लगाई जाएंगी। ये मशीनें निजी फर्म संचालित करेगी और खर्च भी निजी कंपनी करेगी। निगम की ओर से जगह उपलब्ध कराई जाएगी। महापौर का कहना है कि स्मार्ट सिटी से जुड़े कार्य चरणबद्ध तरीके से किए जाएंगे।

बंद से कोटा में 200 करोड़ का कारोबार प्रभावित

 कोटा शहर तथा झालरापाटन में दुकानदार व बंद समर्थक आमने-सामने

कोटा। बूंदी स्थित मानधाता छतरी मामले में विश्व हिंदू परिषद की ओर से आहूत हाड़ौती बंद सफल रहा। कोटा बंद से 200 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ है। बूंदी व बारां में बंद शांतिपूर्वक रहा। कोटा शहर तथा झालरापाटन में दुकानें बंद कराने को लेकर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं की व्यापारियों से हल्की झड़प हुई।

विहिप की मांग है कि बूंदी कलेक्टर व कोटा आईजी को हटाया जाए। बंद के दौरान कोटा शहर में कई जगह हल्की झड़पें हुई। झालरापाटन में बाजार बंद कराने को लेकर विवाद हो गया। वहां दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। कोटा शहर में स्टेशन स्थित एक गली में भी दुकानें बंद कराने को लेकर विवाद हुआ।

दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई तक हो गई। छावनी में भी एक बाजार बंद कराने को लेकर विवाद हो गया। बाद में पुलिस ने मामला शांत कराया। अनंतपुरा, स्टेशन, सब्जीमंडी, दादाबाड़ी, महावीर नगर में मामूली झड़पें हुईं। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पूरे दिन अलग-अलग क्षेत्रों में घूमकर दुकानें बंद कराई।

हालांकि ज्यादातर बाजार स्वतः स्फूर्त बंद थे। पेट्रोल पंप 2 घंटे ही बंद रहे। दोपहर 1 बजे पेट्रोल पंप खुल गए। पुलिस दिनभर हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं के पीछे दौड़ती रही। नगरीय परिवहन के ज्यादातर साधन बंद रहे, जो चले उन्होंने भी मनमाना किराया वसूला। चिकित्सा सेवाओं को बंद से पूरी तरह से मुक्त रखा गया था। प्राइवेट स्कूल पूरी तरह बंद रहे।

इस मकर संक्रांति देश के पहले एग्री ऑप्शंस को लॉन्च करेंगे वित्त मंत्री

मुंबई। नेशनल कमोडिटी और डेरिवेटिव्स एक्सचेंज लिमिटेड (एनसीडीईएक्स) भारत के किसानों के लिए कृषि-अर्थव्यवस्था को अधिक कुशल बनाने और बडी मात्रा में मूल्य लाने के प्रयास में ग्वार बीज में देश के पहले एग्री कमोडिटी ऑप्शंस की शुरुआत करने जा रहा है।

देशभर के विभिन्न राज्यों से आए किसानों और एफपीओ की उपस्थिति में मकर संक्रांति केअवसर पर, 14 जनवरी को  केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली द्वारा इस अनूठे और अपनी तरह के पहले हेजिंग टूल का उद्घाटन किया जाएगा।

एनसीडीईएक्स ग्वार बीज ऑप्शंस एक महत्वपूर्ण हेजिंग टूल है, जो किसानों के जीवन में परिवर्तन लाएगा।  उम्मीद है कि एनसीडीईएक्स द्वारा डिजाइन किया गया और सिक्यूरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया- सेबी द्वारा अनुमोदित इस साधन से कमोडिटी में गहराई से व्यापार करना संभव होगा और किसानों को सीमित जोखिम के साथ उनकी उपज के लिए बेहतर मूल्य दिलाने में मददगार साबित होगा।

यह लॉन्चिंग इस तथ्य से काफी हद तक प्रेरित है कि ग्वार बीज एनसीडीईएक्स प्लेटफॉर्म पर सबसे अधिक तरल अनुबंधों में से एक है और राजस्थान के कुछ समुदायों में बड़ी संख्या में अनौपचारिक व्यापार केंद्र के साथ पहले से ही अनौपचारिक ऑप्शंस ट्रेडिंग के किसी रूप में शामिल है।

लॉन्चिंग समारोह का एलान करते हुए एनसीडीईएक्स के एमडी और सीईओ  समीर शाह ने कहा- ‘‘इस नए हेजिंग टूल को लॉन्च करने की अनुमति देने के लिए हम सेबी के आभारी हैं, जिसकी मदद से किसानों के लिए जोखिम का स्तर कम होगा और उन्हें अपने उत्पाद के लिए बेहतर कीमत मिल सकेगी।

यह ऑप्शंस कीमतों में गिरावट के दौरान किसानों को बचाने के साथ-साथ कीमतों में बढोतरी के दौरान उन्हें उच्च कीमत पर अपने उत्पाद बेचने का अवसर प्रदान करेगा। इस तरह कीमतों में उतार-चढाव के बावजूद यह टूल किसानों के लिए हर लिहाज से फायदेमेंद साबित होगा।‘‘

इस नए कृषि हेजिंग उपकरण के बारे में जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए, एक्सचेंज ने वैल्यू चैन में जागरूकता कार्यक्रमों और प्रशिक्षण की एक श्रृंखला शुरू कर दी है। एक्सचेंज इस अवसर पर एक मोबाइल एप्लिकेशन भी लॉन्च करेगा जहां किसान एग्री ऑप्शंस और कमोडिटी मार्केट के बारे में और अधिक जानकारी हासिल कर सकेंगे।

 

नहीं देना होगा 1 जून से आधार नंबर, वर्चुअल आईडी करेगी काम

0

दिनेश माहेश्वरी
कोटा। आधार से डेटा लीक होने की तमाम आशंकाओं के बीच यूनिक आइडेंटिफिकेशन अथॉरिटी ऑफ इंडिया (UIDAI) ने वेरिफिकेशन के लिए वर्चुअल आईडी जारी करने का फैसला किया है। कोई भी आधार कार्ड धारक प्राधिकरण की वेबसाइट uidai.gov.in पर जाकर अपना वर्चुअल आईडी निकाल सकता है।

वर्चुअल आईडी कंप्यूटर से बना 16 डिजिट का नंबर होगा जो जरूरत पड़ने पर तत्काल जारी किया जाएगा। इसे एक मार्च 2018 से जेनरेट किया जाने लगेगा। इस आईडी के जरिए बिना आधार नंबर शेयर किए सिम के सत्यापन समेत कई अन्य काम किए जा सकेंगे।

वर्चुअल आईडी आधार से मैप होगी। आधार होल्डर कई बार आईडी जनरेट कर सकेंगे। नई आईडी जनरेट होते ही पुरानी रद्द हो जाएगी। वर्चुअल आईडी से मोबाइल कंपनी या किसी अन्य ऑथराइज्ड एजेंसी को कस्टमर का नाम, पता एवं फोटो मिल जाएगा जो कि सत्यापन के लिए पर्याप्त है।

सत्यापन के लिए आधार का इस्तेमाल करनेवाली सभी एजेंसियों के लिए वर्चुअल आईडी स्वीकृत करना 1 जून, 2018 से अनिवार्य हो जाएगा। इसका पालन नहीं करनेवाली एजेंसियों पर जुर्माना लगाया जाएगा। UIDAI के अनुसार, सत्यापन करनेवाली एजेंसियां कार्डधारक के बदले वर्चुअल आईडी नहीं बना सकतीं।

सरकार केवाईसी के लिए आधार के इस्तेमाल को भी सीमित करेगी। अभी कई एजेंसियों के पास आपका डीटेल पहुंच जाता है और वे उसे अपने पास रखते हैं। जब केवाईसी के लिए आधार की जरूरत ही कम हो जाएगी तो ऐसी एजेंसियों की संख्या भी घट जाएगी जिनके पास आपके डीटेल होंगे।

घरेलू ज्वैलर्स की खरीदारी से सोना मंहगा, चांदी भी चमकी

नई दिल्ली। दिल्ली सर्राफा बाजार में लगातार दूसरे दिन सोना महंगा हुआ है। शुक्रवार के सत्र में सकारात्मक वैश्विक संकेत और घरेलू ज्वैलर्स की ओर से बढ़ी खरीदारी के चलते सोना 30 रुपये और बढ़कर 30650 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया।

इसी तरह इंडस्ट्रियल यूनिट्स और सिक्का निर्माताओं की ओर से बढ़ी मांग के चलते चांदी 120 रुपये बढ़कर 39800 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है।

अंतरराष्ट्रीय मुद्राओं की तुलना में डॉलर में कमजोरी की वजह से सकारात्मक वैश्विक संकेतों देखने को मिले हैं। इससे सोने की कीमतों में तेजी दर्ज की गई है। वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.54 फीसद की बढ़त के साथ 1329.10 डॉलर प्रति औंस और चांदी 0.77 फीसद की तेजी के साथ 17.09 फीसद डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गई है।

दिल्ली में 99.9 फीसद और 99.5 फीसद शुद्धता वाला सोना 30 रुपये की तेजी के साथ क्रमश: 30650 रुपये और 30500 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है। जानकारी के लिए बता दें कि बीते सत्र में सोने की कीमतों में 145 रुपये की तेजी दर्ज की गई थी। गिन्नी के भाव, हालांकि, 24700 रुपये प्रति आठ ग्राम के स्तर पर बरकरार रहे हैं।

 चांदी तैयार 120 रुपये की तेजी के साथ 39800 रुपये प्रति किलो और साप्ताहिक आधारित डिलिवरी 90 रुपये की बढ़त के साथ 39,080 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है। चांदी के सिक्कों का भाव 73000 रुपये लिवाल और 74000 रुपये बिकवाल प्रति सैंकडा पर बरकरार रहे हैं।

टैक्‍स चोरी के मामलों में क्रिमिनल प्रोसीडिंग शुरू

0

नई दिल्‍ली। केंद्र सरकार ने काले धन के खिलाफ अभियान चलाते हुए बड़े पैमाने पर टैक्‍स चोरी करने वालों के खिलाफ आपराधिक मामले शुरू किए है। इनकम टैक्‍स विभाग ने वित्‍त वर्ष 2017-18 में अब तक टैक्‍स से जुड़े अपराध के 2225 मामलों में आपराधिक मामले शुरू किए है।

वित्‍त मंत्रालय की ओर से जारी जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार यह पिछले वित्‍त वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 184 फीसदी ज्‍यादा है। टैक्‍स से जुड़े अपराध के इन मामलों में जानबूझ कर टैक्‍स देने से बचने का प्रयास करना या टैक्‍स का पेमेंट से करने से बचना, जानबूझ कर इनकम टैक्‍स रिटर्न फाइल न करना, वेरीफिकेशन में गलत स्‍टेटमेंट देना शामिल है। 

 1052 लोगों ने स्‍वीकार किया अपना अपराध 
 मौजूदा वित्‍त वर्ष 2017-18 में अब इनकम टैक्‍स डिपार्टमेंट ने 1052 टैक्‍स चोरी के मामलों में शिकायतों को कंपाउंड किया है। जबकि पिछले साल की समान अवधि में विभाग ने 575 शिकायतों को कंपाउंड किया था।

शिकातयों की कंपाउंडिंग तब की जाती है जब डिफॉल्‍टर अपना अपराध स्‍वीकार कर लेता है और तय शर्तो के तहत कंपाउंडिग शुल्‍क का भुगतान करता है। 
 
48 डिफॉल्‍टर्स को कोर्ट ने पाया दोषी 
 टैक्‍स चोरी करने वालों के खिलाफ इनकम टैक्‍स विभाग निर्णायक कदम की वजह से मौजूदा वित्‍त वर्ष में अदालतों द्वारा डिफॉल्‍टर्स को दोषी ठहराए जाने के मामले तेजी से बढ़े हैं।  नवंबर 2017 तक अदालतों ने 48 डिफॉल्‍टर्स को टैक्‍स से जुड़े अपराध के अलग अगल मामलों में दोषी करार दिया है।

वहीं पिछले वित्‍त वर्ष की समान अवधि में इसी तरह के मामलों में अदालतों ने 13 डिफॉल्‍टर्स को दोषी ठहराया था। इस तरह से अदालतों से दोषी ठहराए जाने वालों की संख्‍या में 269 फीसदी इजाफा हुआ है। 

निफ्टी पहली बार 10680 के पार, सेंसेक्स रिकॉर्ड 34592 अंक पर बंद

नई दिल्ली। तेज शुरूआत के बाद दोपहर को पूरी बढ़त गंवाने के बाद निचले स्तरों से रिकवरी दिखी और कारोबार के अंत में भारतीय शेयर बाजार एक बार फिर नई ऊंचाई पर बंद होने में कामयाब हुए। शुक्रवार के कारोबार में सेंसेक्स 89 अंक मजबूत होकर 34,592 अंक पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 10,681 अंक पर बंद हुआ। बैंक, ऑटो, मीडिया, मेटल शेयरों में तेजी से मार्केट को सपोर्ट मिला।

सुप्रीम कोर्ट जजों की प्रेस कॉन्‍फ्रेंस से टूटा बाजार
इससे पहले भारत में सुप्रीम कोर्ट के इतिहास में हुए एक अभू‍तपूर्व घटनाक्रम में शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के चार सीनियर जजों ने प्रेस कॉन्‍फ्रेंस की। प्रेस कॉन्फ्रेंस में जजों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट एडमिनिस्ट्रेशन वो काम नहीं कर रही है जो उसे करना चाहिए।

इससे निवेश का सेंटीमेंट नवर्स हुआ और मार्केट में बिकवाली बढ़ने से स्टॉक मार्केट ने पूरी बढ़त गंवा दी। सेंसेक्स ऊपरी स्तर से 296 अंक फिसल गया। वहीं निफ्टी ऊपर से 40 अंक तक लुढका। आज के कारोबार में तेजी से सेंसेक्स ने 34638.42 के रिकॉर्ड नई ऊंचाई को छुआ। वहीं 10,690.25 प्वाइंट्स तक पहुंचा। 
 
पिछले रिकॉर्ड हाई स्तर
– 12 जनवरी को सेंसेक्स ने 34638.42 के रिकॉर्ड नई ऊंचाई को छुआ। वहीं 10,690.25 प्वाइंट्स तक पहुंचा।
– 11 जनवरी को निफ्टी ने 10,664.60 का ऑलटाइम हाई बनाया था।
– 09 जनवरी को सेंसेक्स ने ऊंचाई का नया स्तर 34565.63 प्वाइंट्स को छुआ।
– 08 जनवरी को सेंसेक्स ने 34487.52 प्वाइंट्स का स्‍तर छुआ, वहीं निफ्टी 10,631.20 के हाई तक गया था।
– 5 जनवरी 2018 को सेंसेक्स 34,175 और निफ्टी 10,566.10 प्वाइंट्स तक गया था।
 

मिडकैप-स्मॉलकैप शेयरों में तेजी
– लार्जकैप शेयरों के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों खरीददारी दिख रही है। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.38 फीसदी बढ़ा है। मिडकैप शेयरों में सन टीवी, फेडरल बैंक, एमफैसिस, टाटा ग्लोबल, एबीएफआरएल, एमआरपीएल, वॉकहार्ट फार्मा, भारत फोर्ज, टोरेंट पावर, नैटको फार्मा, टोरेंट फार्मा 0.90-2.37 फीसदी तक बढ़े।
– वहीं बीएसई का स्मॉलकैप इंडेक्स 0.71 फीसदी मजबूत हुआ है। कारोबार में स्मॉलकैप इंडेक्स ने 20130.86 का हाई बनाया। स्मॉलकैप शेयरों में केईआई, डुकॉन, उत्तम स्टील, मोरपेन लैब 6.46-11.85 फीसदी तक उछले।
 
आईटी को छोड़ सभी सेक्टोरल इंडेक्स में बढ़त
– कारोबार में आईटी को छोड़ सभी सेक्टोल इंडेक्स में बढ़त देखने को मिल रही है। बैंक निफ्टी इंडेक्स 0.32 फीसदी बढ़कर 25,743.85 अंक पर कारोबार कर रहा है। सबसे ज्यादा तेजी निफ्टी मेटल इंडेक्स में 0.70 फीसदी दर्ज की गई है।
– हालांकि निफ्टी आईटी में में 0.12 फीसदी की गिरावट है। नतीजे से पहले इंफोसिस के शेयरों में कमजोरी देखने को मिल रही है। वहीं नतीजे के बाद प्रॉफिट बुकिंग से टीसीएस 1.20 फीसदी से ज्यादा टूट गया है। 

मोदी विश्व के तीसरे सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल

0

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठक में हिस्सा लेने से पहले उन्हें विश्व के शीर्ष तीन नेताओं में स्थान दिया गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर की सर्वेक्षण एजेंसी ‘गैलप इंटरनेशनल’ ने 50 देशों के लोगों से विभिन्न सवालों के आधार पर राय लेने के बाद वार्षिक सर्वेक्षण में पीएम मोदी को विश्व का तीसरा सबसे लोकप्रिय नेता माना है।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युअल मैक्रोन को पहले और जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल को दूसरे स्थान पर रखा गया है। मैक्रोन को 21, मार्केल को 20 और पीएम मोदी को आठ अंक दिए गए हैं। गैलप के इस सर्वेक्षण में कुल 53,769 लोगों ने अपनी राय व्यक्त की।

प्रत्येक देश से प्रतिनिधित्व के तौर पर 1000 लोगों से आमने-सामने, ऑनलाइन या फिर फोन के जरिए यह सर्वे किया गया।’ सर्वे के लिए फील्ड वर्क अक्टूबर से दिसंबर 2017 में किया गया।

ट्रंप, शी जिनपिंग और थेरेसा मे PM मोदी से पीछे
यह सर्वेक्षण ऐसे समय पर आया है जब मोदी 22 जनवरी को दावोस बैठक में भाग लेने के लिए स्विटजरलैंड जा रहे हैं। इसे देखते हुए सर्वेक्षण के निष्कर्षों को मोदी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इस सर्वे में पीएम को अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी जि​नपिंग, ब्रिटेन की पीएम थेरेसा मे जैसे दिग्गज नेताओं से पहले रखा गया है।

सर्वे में अफगानिस्तान से 69 फीसदी और बांग्लादेश से 51 फीसदी लोगों ने मोदी के नाम पर मुहर लगाई। इस सर्वे से यह बात निकलकर सामने आई है कि पीएम मोदी की लोकप्रियता भारतीय उपमहाद्वीप के बाहर भी बनी हुई है। सर्वे में एक और चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप को 53% भारतीयों ने पसंद किया है। ट्रंप को किसी एशियाई देश में यह सर्वाधिक समर्थन है। अमेरिका में 34 फीसदी लोगों ने भारतीय प्रधानमंत्री के बारे में सर्वे में सकारात्मक राय दी है।

बूंदी बवाल को लेकर आज हाडौती बंद

0

कोटा। बूंदी स्थित मानधाता छतरी मामले में विभिन्न मांगों को लेकर विश्व हिंदू परिषद के आह्वान पर शुक्रवार को हाड़ौती के चारों जिलों कोटा, बूंदी, झालावाड़ और बारां बंद रहा। बंद के दौरान व्यापारिक प्रतिष्ठान, पेट्रोल पम्प, ट्रांसपोर्ट, ऑटो टेम्पो सेवाएं बंद रहीं। बंद से करोड़ों रुपयों का कारोबार प्रभावित हुआ है। चिकित्सा सेवा को बंद से मुक्त रखा गया है।

बंद के आव्हान के मद्देनजर ऐहतियातन शैक्षणिक संस्थाएं बंद रहेंगी। गुरुवार को विहिप के चित्तौड़ प्रांत मंत्री सुरेश गोयल ने बताया, प्रशासन की हठधर्मिता के चलते विवाद गहराया था। सरकार से बूंदी कलक्टर व पुलिस महानिरीक्षक को हटाए जाने की मांग की है।

स्कूल, ट्रांसपोर्ट कारोबार एवं मंडी भी बंद
निजी विद्यालयों के संगठनों की गुरुवार को संयुक्त बैठक हुई। इसमें शुक्रवार को ऐहतियातन शिक्षण संस्थाएं बंद रखने का निर्णय किया गया। इसके अलावा भामाशाहमंडी और पेट्रोलपम्प भी बंद रहे. मंडी बंद से किसान परेशान हुए।

पुलिस इंतजाम पुख्ता
शहर पुलिस अधीक्षक अंशुमान भौमिया का कहना है कि बंद को देखते हुए पुख्ता इंतजाम किए हैं। आरएसी की दो कम्पनियां, पुलिस लाइन व थानों का जाप्ता समेत करीब डेढ़ हजार पुलिसकर्मी तैनात किए हैं। कोई गलत हरकत करेगा तो सख्त कार्यवाही की जाएगी।

आखिर कौन उठाता है पीएम मोदी के सूट्स का खर्च? जानिए

0

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कपड़ों और सूट पर कई बार विपक्षी दलों ने निशाना साधा है। प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ से दी गई जानकारी में कहा गया है कि पीएम मोदी के निजी कपड़ों पर होनेवाला खर्च पीएम अपनी सैलरी से ही उठाते हैं। इसके लिए सरकारी कार्यालय की तरफ से कोई रकम खर्च नहीं की जाती है।

आरटीआई कार्यकर्ता रोहित सब्बरवाल ने सूचना के अधिकार के तहत यह जानकारी मांगी थी। सब्बरवाल लंबे समय से आरटीआई डालते रहे हैं। इससे पहले उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी और मनमोहन सिंह के निजी खर्चों से जुड़ी आरटीआई भी डाली थी।

सब्बरवाल ने अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल (19 मार्च 1998 से 22 मई 2004 के बीच) हर साल वाजपेयी के कपड़ों पर होने वाले खर्च का ब्यौरा भी मांगा था। इसी तरह मनमोहन सिंह के कार्यकाल (22 मई 2004 से 26 मई 2014) में सिंह के कपड़ों पर हुए खर्च का भी हिसाब सूचना के अधिकार के जरिए मांगा था।

प्रदानमंत्री नरेंद्र मोदी के पद ग्रहण करने के बाद से अब तक प्रतिवर्ष हुए खर्च का ब्यौरा भी सब्बरवाल ने मांगा। इसके जवाब में प्रधानमंत्री कार्यालय ने बताया कि पीएम मोदी के वस्त्रों पर होने वाले खर्च का भुगतान सरकारी पैसे से नहीं किया जाता है। पीएम मोदी अपने कपड़ों पर अपने वेतन से ही खर्च करते हैं।

सूचना के अधिकार के तहत इस जवाब के बाद आरटीआई कार्यकर्ता सब्बरवाल ने कहा, ‘बहुत से लोगों को अब तक ऐसा लगता है कि पीएम मोदी के कपड़ों पर सरकारी खजाने से बड़ी रकम खर्च की गई है। आरटीआई से मिली जानकारी से लोगों का यह भ्रम दूर होगा।’

सब्बरवाल ने यह भी कहा कि पीएम के रहन-सहन पर होनेवाले खर्च को लेकर कुछ राजनीतिक दलों खास तौर पर आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल काफी सवाल उठाते रहे हैं। उन आरोपों की सच्चाई जानेन के लिए मैंने 9 दिसंबर 2017 को यह आरटीआई दी थी।