Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 5535

मधुमेह उन्मूलन एवं स्वावलम्बन पर काम करेगा लॉयंस क्लब

कोटा। लॉयंस क्लब (3233 ई-2)  अब नैत्रदान के बाद मधुमेह उन्मूलन के लिए विशेष अभियान चलाएगी। रविवार को लॉयंस भवन पर यहां महिमा-2018 के तहत आयोजित संभागीय अधिवेशन में अध्यक्ष गिरिराज राठी ने बताया कि अंधता निवारण में क्लब ने उल्लेखनीय काम किया है। अब जरूरत है कि मधुमेह रोग के उन्मूल की दिशा में काम किया जाए।

राठी ने बताया कि इसी के साथ युवाओं को स्वालम्बी बनाने और गांवों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का काम किया जाएगा। एसबीआई एवं ओएनजीसी से इस संदर्भ में टाईअप हुआ है। गत वर्ष क्लब ने 11 हजार 500 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की थी और 16 हजार यूनिट रक्त एकत्र किया गया था।1022 लोगों के नैत्र ऑपरेशन किए गए।10 हजार लोगों के नैत्रों की जांच की गई। सरकारी स्कूलों में 400 स्वेटर वितरित किए गए।

अधिवेशन में दुर्घटना में घायलों के लिए ऑटो एंबुंलैंस का किराया क्लब ने वहन करने का निर्णय किया है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राजस्थान हाई कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश पानाचंद जैन ने कहा कि लॉयंस क्लब ने नैत्रदान के क्षेत्र में श्रेष्ठ कार्य किया है। क्लब को अपनी गतिविधियों को और अधिक बढ़ाना चाहिए। सेवा ही पूजा है इसे घ्यान रखें।

मुख्य वक्ता पूर्व प्रांत पाल बीवी माहेश्वरी ने क्लब की गतिवधियों का विस्तार से वर्णन करते हुए कहा कि रीच टू हार्ट के अंतर्गत लक्ष्यों को पूर्ण कराने के लिए दृढ़ संकल्पित रहें। लॉयंस क्लब कोटा के अध्यक्ष भागचंद हेमनानी ने बताया कि क्लब ने पर्यावरण की रक्षा के लिए 7370 वृक्ष लगाए हैं। बेटी बचाओ और बेटी पढ़ाओ तथा सामूहिक विवाह क्लब के उल्लेखनीय कार्य रहे हैं।

सचिव दिनेश खुवाल ने अतिथियां का स्वागत करते हुए बताया कि लॉयंस क्लब ने दवा वितरण,रक्तदान तथा जरूरतमंद बच्चों की फीस जमा कराई गई। मंच पर क्षैत्रीय अध्यक्ष प्रथम सुनीता गर्ग, क्षैत्रीय अध्यक्ष द्वितीय प्रवीण जैन, क्षैत्रीय अध्यक्ष तृतीय हितेष सोनी, क्षैत्रीय अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता भी मौजूद थे।

मंच संचालन संयोजक अशोक नुवाल एवं कार्यक्रम संचालन सुनीता माथुर ने किया। कोषाध्यक्ष अरूण गांधी ने बताया कि इस अवसर पर सर्वश्रेष्ठ क्लब का पुरस्कार कोटा लॉयंस क्लब को मिला। अन्य क्लबों के पदाधिकारियों को भी उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर गतिविधियों की फोटो प्रदर्शनी लगाई गई। लॉयन राजीव भार्गव, शोभा भार्गव एवं सोनल शर्मा आदि ने अतिथियों का स्वागत किया।

इंजीनियरिंग के नए फील्ड से अपडेट हुए कोचिंग विद्यार्थी

शिक्षा महोत्सव-2018 : दो दिवसीय महोत्सव में कोचिंग विद्यार्थियों को विभिन्न संस्थानों के विशेषज्ञों से 400 से अधिक कोर्सेस की निशुल्क जानकारी मिली

कोटा। पटना से सौरभ प्रकाश एवं वाराणसी से मोहम्मद उस्मान इस वर्ष शिक्षानगरी में जेईई-एडवांस्ड की कोचिंग ले रहे हैं। रविवार को शिक्षा महोत्सव-2018 में उन्हें पता चला कि आईआईटी में सलेक्शन नहीं होने पर वे कौनसे कॉलेज से मनपसंद ब्रांच में बीटेक कर सकते हैं।

युवा मोटिवेटर रविन्द्र साहू ने बताया कि अधिकांश कोचिंग विद्यार्थी यह जानने को उत्सुक रहे कि रैंक अच्छी नहीं मिली तो उनके लिए दूसरे अच्छे विकल्प क्या हो सकते हैं। यह उन्हें कई नए ऑप्शन मिले। झालावाड़ रोड पर सिटी माल के सामने निशुल्क शिक्षा महोत्सव में कोचिंग विद्यार्थियों का तांता लगा रहा।

विभिन्न कॉलेजों के विशेषज्ञ विद्यार्थियों को सही काउंसलिंग एवं गाइडेंस देने में व्यस्त रहे। जेईई स्टूडेंट प्रशांत यादव एवं संध्या पर्भनी ने बताया कि हमारे कई डाउट क्लियर हुए। जो स्टूडेंट स्पोटर्स में अच्छा है, उसे क्या फायदा मिल सकता है, यह भी पता चला।

दिल्ली के छात्र अतीक को काउंसलिंग से यह पता चला कि आईआईटी व एनआईटी के अलावा देश में और भी प्रमुख इंस्टीट्यूट हैं। कोटा से 12वीं के छात्र अभिषेक सिंह और दिव्यांश गौतम ने कहा कि कई कॉलेज ग्रुप एक प्लेटफार्म पर होने से हमें बेस्ट कॉलेज चुनने में मदद मिलेगी। गोरखपुर के पीयूष यहां जेईई की कोचिंग ले रहे हैं।

वे सॉफ्टवेयर में क्वालिटी डिग्री लेने के लिए अच्छे कॉलेज ढूंढते नजर आए। फरूखाबाद के रजित च गोरखपुर के आदर्श अग्रवाल ने बताया कि हमें पहली बार ऐसे कोर्सेस के बारे में पता चला, जिनके बारे में पहले नाम तक नहीं सुना था। चित्रकूट के शिवम पांडे और सीतामढ़ी, बिहार के सुशील कुमार महतो कोटा में अपनी परफॉर्मेंस से खुश हैं लेकिन यहां नए फील्ड के बारे में जानकर उन्हें अच्छा लगा।

लर्निंग एटीट्यूड से आगे बढ़ते रहो
एबीईएसआईटी, गाजियाबाद के प्लेसमेंट हेड नितिन जैन ने कहा कि स्टूडेंट फेसबुक की तरह हर दिन खुद को अपडेट करते रहें। हमने कॉपोरेट रिसोर्स सेंटर विकसित कर 2017 में 91 प्रतिशत स्टूडेंट्स को जॉब ऑफर दिलाए।

इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स में लर्निंग एटीट्यूड अच्छा हो तो कंपनियां उन्हें उंचे ऑफर देती हैं। वर्ल्डक्लास लाइब्रेरी हेड डॉ.राकेश तोमर ने बताया कि देश को स्किल सेंटर बनाने के लिए लर्निंग बेस्ड मेंटरिंग सिस्टम सबसे जरूरी है।

400 कोर्सेस की निशुल्क जानकारी दी
मोटिवेटर रविंद्र साहू ने बताया कि निशुल्क शिक्षा महोत्सव में विद्यार्थियों को इंजीनियरिंग, मेडिकल, डेंटल, फार्मा, मैनेजमेंट, एयरनॉटिक्स, मीडिया व आईटी के नवीनतम कोर्सेस की निशुल्क जानकारी एक ही मंच दी गई।

महोत्सव में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी, मोहाली, जीएनआईओटी, यूनाइटेड ग्रुप ग्रेटर नोएडा, इंद्रप्रस्थ ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, भगवती इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी व एबीईएसआईटी गाजियाबाद, कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, रूडकी, देवभूमि ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट व तुलास ग्रुप, देहरादून, नीम्स, जयपुर, गीता ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट, पानीपत, इंस्टीट्यूट ऑफ एयरोनॉटिक्स (शॉ-शिब ग्रुप), भोपाल, केडी डेंटल कॉलेज, मथुरा, मिडिया फिनिशिंग स्कूल, भोपाल सहित प्रमुख कॉलेजों के विशेषज्ञों ने 400 से अधिक कोर्सेस की निशुल्क जानकारी दी।

स्वच्छता महाभियान : इन्द्रा मार्केट, सुन्दर धर्मशाला क्षेत्र अतिक्रमण मुक्त होगा

कोटा। कोटा व्यापार महासंघ एवं नगर निगम के स्वच्छता महा अभियान के तहत रविवार को इन्द्रा मार्केट कपड़ा व्यापार संघ की ओर से सबसे व्यस्तम इन्द्रा मार्केट, सुन्दर धर्मशाला एवं सब्जीमण्डी क्षेत्र में व्यापारियों को डस्टबीन बाटे गये।

इन्द्रा मार्केट कपड़ा व्यापारी संघ के अध्यक्ष मुन्ना भाई सचिव अकरम खान ने बताया कि उनका बाजार व्यस्तम बाजारों में से एक है। जहाँ पर अतिक्रमण व पार्किग की व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। पिछले दिनों व्यापार महासंघ के प्रयासों से जो पार्किग व्यवस्था कायम की गई थी, अब उसके चारों ओर पुलिस की मिलीभगत से ठेले वालों ने कब्ज़ा कर रखा है।

महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि अतिक्रमण पार्किग एवं स्वच्छता को लेकर पुराने कोटा में इस अभियान के तहत क्षेत्र के व्यापारिक संगठनों एवं व्यापारियों के सहयोग से स्वच्छता के साथ-साथ अतिक्रमण से मुक्त भी करना चाहते है। इसके लिये यहॉं के व्यापारियों की जन सहभागिता जरूरी है। महासंघ हर संभव सहयोग करने को तैयार है।

महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन ने कहा कि इन्द्रा मार्केट सब्जीमण्डी क्षेत्र के बाजार सकड़े हैं।  यहॉं पर भी लोगों ने 3-4 फ़ीट तक नालों पर पाटे लगाकर अपने सामानों को प्रदर्शन कर रखा हैं। उनको अपने दायरे में जाना होगा, जिससे ग्राहको भी सुविधा मिलेगी, नहीं तो आने वाले समय में इस क्षेत्र का व्यापार पूरी तरह से प्रभावित होगा।

इस पर क्षेत्र के व्यापारिक संगठनों ने व्यापार महासंघ को आश्वस्त किया कि शीघ्र ही स्वच्छता के साथ -साथ क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने लिये सभी क्षेत्र के व्यापारियों की सभा बुलाकर जन सहभागिता निभाते हुये इस क्षेत्र को स्वच्छ अतिक्रमण मुक्त व पार्किग की व्यवस्था के लिये महासंघ के साथ मिलकर प्रयास किये जाएंगे ।

कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने बताया कि इन क्षेत्रीय संगठनों के व्यापारियों की बैठक के पश्चात उनके साथ मिलकर व्यापार महासंघ एक कार्य योजना तैयार करेगा, जिससे इन क्षेत्रों में स्वच्छता प्रदान की जा सके। साथ ही अतिक्रमण से भी मुक्ति मिल सके, यातायात सुगुम हो सके। 

अभिनन्दन किया
समारोह के दौरान इन्द्रा मार्केट कपड़ा व्यापार संघ, सुन्दर धर्मशाला एंव सब्जीमण्डी क्षेत्र के व्यापारियों ने स्वच्छता ब्राण्ड एम्बेसडर बनने पर कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांन्त जैन एवं महासचिव अशोक माहेश्वरी का साफा और शाल पहनाकर अभिनन्दन किया। 

इस मौके पर इन्द्रा मार्केट कपड़ा व्यापार संघ अध्यक्ष मुन्ना भाई सचिव अकरम खान, सुन्दर धर्मशाला नवयुवक मण्डल के अध्यक्ष ब्रह्मदत्त शर्मा सचिव सुरेश गुप्ता सहित समस्त व्यापारियों ने कोटा शहर को स्वच्छ बनाने की शपथ ली। 

यह क्या लिख दिया स्वरा भास्कर ने भंसाली के लिए

मुंबई। बॉलिवुड ऐक्ट्रेस स्वरा भास्कर अपनी ऐक्टिंग के अलावा अपने बयानों को लेकर भी काफी चर्चा में रहती हैं। एक बार फिर वह अपने ऐसे ही एक बयान के कारण सुर्खियों में आ गई हैं। इस बार उनके निशाने पर फिल्म ‘पद्मावत’ के डायरेक्टर संजय लीला भंसाली हैं।

दरअसल, स्वरा ने भंसाली को ओपन लेटर लिखा है। लेटर की शुरुआत में स्वरा ने भंसाली की काफी प्रशंसा की है। उन्होंने एक विडियो भी पोस्ट किया है जिसमें वह फिल्म के खिलाफ हो रहे विरोध को लेकर भंसाली का समर्थन करती दिखती हैं।

स्वरा की भंसाली से नाराजगी इस बात को लेकर है जो उन्होंने फिल्म में महिलाओं को ‘वजाइना’ के तौर पर सीमित कर दिया है। दरअसल, फिल्म के आखिर में रानी पद्मावती खुद को इज्जत की रक्षा के लिए जौहर कर लेती हैं। इस पर स्वरा ने कुछ पॉइंट्स उठाए हैं। उन्होंने लिखा-

1. सर, महिलाओं को रेप का शिकार होने के अलावा जिंदा रहने का भी हक है।
2. आप पुरुष का मतलब जो भी समझते हों- पति, रक्षक, मालिक, महिलाओं की सेक्शुअलिटी तय करने वाले…उनकी मौत के बावजूद महिलाओं को जीवित रहने का हक है।’
3. महिलाएं चलती-फिरती वजाइना नहीं हैं।
4. हां, महिलाओं के पास यह अंग होता है लेकिन उनके पास और भी बहुत कुछ है। इसलिए लोगों की पूरी जिंदगी वजाइना पर केंद्रित, इस पर नियंत्रण करते हुए, इसकी हिफाजत करते हुए, इसकी पवित्रता बरकरार रखते हुए नहीं बीतनी चाहिए।’
5. वजाइना के बाहर भी एक जिंदगी है। बलात्कार के बाद भी एक जिंदगी है।

ऐसे ही कुछ और पॉइंट्स भी अपने लेटर में स्वरा ने लिखे हैं। उनका आरोप है कि भंसाली की फिल्म ऑनर किलिंग, जौहर, सती प्रथा जैसी कुप्रथाओं का महिमामंडन करती है।

स्वरा यह भी मानती हैं कि यह फिल्म ऐतिहासिक तथ्यों पर आधारित है लेकिन वह कहती हैं कि फिल्म की शुरुआत में सिर्फ सती और जौहर प्रथा के खिलाफ डिस्क्लेमर दिखाकर निंदा कर देने से कुछ नहीं होता। इसके आगे तो तीन घंटे तक राजपूती आन, बान और शान का महिमामंडन चलता है।

भारत दुनिया का दूसरा सबसे सस्ता देश: सर्वे

नई दिल्ली। दुनिया में रहने या सेवानिवृत्ति के बाद बसने के लिहाज से भारत दुनिया का दूसरा सबसे सस्ता देश है। हाल ही में 112 देशों के बीच किए गए एक सर्वेक्षण में रहने के मामले में सबसे सस्ता देश दक्षिण अफ्रीका को माना गया। यह सर्वेक्षण गोबैंकिंगरेट्स ने किया है। उसने देशों की रैंकिंग चार प्रमुख मानकों पर तय की है।

गोबैंकिंगरेट्स ने सर्वे के लिए नमिबियो द्वारा ऑनलाइन जुटाए गए डेटाबेस के आधार पर किया है। सर्वे में लोकल पर्चेजिंग पावर इंडेक्स, रेंट इंडेक्स, ग्रॉसरीज इंडेक्स और कन्ज्यूमर प्राइस इंडेक्स को आधार मान कर ऑनलाइन जुटाए गए आंकड़ों का आकलन किया है।

रेंट इंडेक्स के आधार पर रहने के लिए दुनिया के 50 सबसे सस्ते देशों में भारत दूसरे नंबर पर है। भारत से ऊपर, पड़ोसी नेपाल है। इस हिसाब से अन्य देशों के मुकाबले रहने के लिए भारत सबसे सस्ता देश है। उपभोक्ता सामान और ग्रॉसरी की कीमतों के हिसाब से भी भारत सबसे सस्ता देश है जहां कोलकाता शहर में 285 डॉलर (18,124 रुपये) मासिक खर्च में एक अकेला व्यक्ति अपनी गुजर-बसर कर सकता है।

सर्वेक्षण के हिसाब से 125 करोड़ की आबादी वाला भारत दुनिया के 50 सबसे सस्ते और ज्यादा आबादी वाले देशों में से एक है। यहां प्रमुख उद्योग कपड़ा, रसायन और खाद्य प्रसंस्करण हैं। इसके अलावा भारत के कई शहरों में पर्चेंजिंग पावर भी अधिक है। सर्वे के अनुसार भारतीयों की स्थानीय क्रयशक्ति 20.9% सस्ती, किराया 95.2% सस्ता, ग्रॉसरी की कीमत 74.4% सस्ती और स्थानीय सामान और सेवाएं 74.9% सस्ती हैं।

भारत के पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान का इस सूची में 14वां स्थान है। इसके अलावा कोलंबिया का 13वां, नेपाल का 28वां और बांग्लादेश का 40वां स्थान है। इन सभी देशों की इन चारों मानकों पर तुलना अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर से की गई है।

फंड जुटाने के लिए 1 खरब रुपये का विनिवेश करेगी मोदी सरकार

मुंबई/नई दिल्ली। राजकोषीय घाटे को कम करने के लिए केंद्र की मोदी सरकार 15.7 अरब डॉलर यानी 1 खरब रुपये की रकम सरकारी संपत्तियों को बेचकर जुटा सकती है। सरकार की ओर से राजकोषीय घाटे को नियंत्रण में रखने और आम चुनाव से पहले सामाजिक योजनाओं में बड़े पैमाने पर खर्च कर मतदाताओं को लुभाने के लिए ऐसा कदम उठाया जा सकता है।

इन्वेस्टमेंट बैंकर्स और अर्थशास्त्रियों का अनुमान है कि इस साल बड़े पैमाने पर विनिवेश करने के बाद अरुण जेटली की ओर से 1 अप्रैल से शुरू हो रहे नए फाइनैंशल इयर में भी बड़े पैमाने पर विनिवेश का लक्ष्य रखा जा सकता है। सरकारी रिफाइनिंग कंपनी हिंदुस्तान पेट्रोलियम ऐंड कॉर्पोरेशन लिमिटेड के 51 पर्सेंट शेयरों को ओएनजीसी द्वारा खरीदने समेत तमाम विनिवेश समझौतों से सरकार ने इस साल 925 अरब रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है।

हाल ही में ओएनजीसी ने 369 रुपये में एचपीसीएल के शेयरों को खरीदने र सहमति जताई है। उम्मीद की जा रही है कि ओएनजीसी और एचपीसीएल के बीच डील इस महीने के अंत तक पूरी हो जाएगी। इस डील के चलते सरकार को बजट तक विनिवेश के जरिए 725 अरब रुपये जुटाने में मदद मिलेगी। बीते 8 सालों में यह पहला मौका होगा, जब भारत विनिवेश के अपने लक्ष्य से आगे निकल जाएगा।

जीएसटी लागू होने के बाद से टैक्स कलेक्शन में कमी होने के चलते सरकार ने इस फाइनैंशल इयर में सरकारी कंपनियों में विनिवेश की गति को बढ़ा दिया है। सरकार ने इस साल के लिए राजकोषीय घाटे को कुल जीडीपी के 3.2 फीसदी तक सीमित रखने का लक्ष्य लिया है। इसके अलावा अगले साल के लिए यह टारगेट 3 फीसदी का ही रखा गया है।

विनिवेश की बड़ी तैयारी में है मोदी सरकार
एक सरकारी अधिकारी ने नाम उजागर न करने की शर्त पर कहा कि फाइनैंशल इयर 2018-19 के लिए सरकार 600 से 700 अरब रुपये तक का विनिवेश लक्ष्य तय कर सकती है। सिटी ग्रुप और डोएचे बैंक का अनुमान है कि यह आंकड़ा 1 खरब रुपये तक भी जा सकता है।

जेईई-एडवांस्ड की अधिसूचना जारी, कोटा को नहीं मिला परीक्षा केंद्र

  • आईआईटी कानपुर ने जेईई-एडवांस्ड,2018 की अधिसूचना जारी की।
  • इस वर्ष 2.24 लाख परीक्षार्थी देंगे ऑनलाइन परीक्षा।
  • 2 से 7 मई तक होंगे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन।
  • राज्य के 3 सेंटर हटाए जबकि विदेशों में रहेंगे 6 सेंटर।

अरविंद, कोटा। आईआईटी कानपुर ने 20 मई,2018 को होने वाली जेईई-एडवांस्ड प्रवेश परीक्षा की अधिसूचना शनिवार को जारी कर दी। अधिकृत वेबसाइट www.jeeadv.ac.in पर जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, इस वर्ष केवल ऑनलाइन मोड में यह परीक्षा राज्य में अजमेर, अलवर, बीकानेर, जयपुर, जोधपुर, सीकर, व उदयपुर में परीक्षा केंद्रों पर होगी।

गत वर्ष की सेंटर की सूची में शामिल पाली, टोंक व भीलवाड़ा के नाम इस वर्ष हटा लिए गए हैं। शिक्षा नगरी होने के बावजूद आईआईटी द्वारा इस वर्ष भी कोटा शहर में जेईई-एडवांस्ड का सेंटर नहीं खोला गया, जबकि जेईई-मेन का सेंटर कोटा में रहेगा। इससे स्थानीय अभिभावकों एवं विद्यार्थियों में रोष व्याप्त है।

देश के 23 आईआईटी की लगभग 11,506 बीटेक व बीआर्क, इंटीग्रेटेड मास्टर्स तथा ड्यूल डिग्री प्रोग्राम में दाखिले के लिए कम्प्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) मोड में जेईई-एडवांस्ड,2018 परीक्षा भारत के अलावा 6 अन्य देशों में अदीस अबाब (इथोपिया), कोलम्बो (श्रीलंका), ढाका (बांग्लादेश), काठमांडु (नेपाल) तथा दुबई (यूएई) व सिंगापुर में होगी।

भारतीय विद्यार्थियों के लिए 5 पात्रताएं अनिवार्य होंगी जबकि विदेशी छात्रों को 4 पात्रताएं पूरी करनी होंगी। सभी आईआईटी के प्रत्येक कोर्स में 10 प्रतिशत सीटें विदेशों से चयनित स्टूडेंट्स के लिए आरक्षित रहेंगी।

देश के 9 पुराने प्रीमियर आईआईटी संस्थानों तथा 14 नए आईआईटी जोधपुर, इंदौर, मंडी, गांधीनगर, भिलाई, भुवनेश्वर, धारवाड़, जम्मू, पालक्काड़, पटना, रोपड़, तिरूपति व गोवा में इस वर्ष सीटें 10988 से बढकर 11,506 हो जाएंगी। जिनके लिए 2.24 लाख परीक्षार्थियों में कड़ा अंतरराष्ट्रीय मुकाबला होगा।

ये पांच पात्रता अनिवार्य –
1. अभ्यर्थी जेईई-मेन,2018 के शीर्ष 2.24 लाख विद्यार्थियों में चयनित हो।
2. अभ्यर्थी का जन्म 1 अक्टूबर,1993 या उसके बाद हुआ हो। रिजर्व केटेगरी व दिव्यांग को अधिकतम उम्र सीमा में 5 वर्ष की छूट रहेगी।
3. अभ्यर्थी 2016 में जेईई-एडवांस्ड या उससे पहले शामिल नही हुआ हो।
4. 2017 या 2018 में पहली बार 12वीं बोर्ड परीक्षा दी हो।
5. उसने पहले किसी आईआईटी में एडमिशन नहीं लिया हो।

आईआईटी में दाखिले के लिए एक शर्त अनिवार्य
1- 12वीं बोर्ड या समकक्ष परीक्षा में न्यूनतम 75 फीसदी तथा आरक्षित वर्ग के लिए न्यूनतम 65 फीसदी हों।
2- अभ्यर्थी 12वीं बोर्ड या समकक्ष परीक्षा में केटेगरी के अनुसार, टॉप-20 परसेंटाइल में हो।

गर्ल्स के लिए आधी फीस
अधिसूचना के अनुसार, 30 अप्रैल को जेईई-मेन रिजल्ट में क्वालिफाई परीक्षार्थी 2 से 7 मई,2018 तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर सकेंगे। फीस 8 मई तक जमा कर सकेंगे। 14 से 20 मई तक प्रवेश पत्र वेबसाइट पर जारी कर दिए जाएंगे। पंजीयन शुल्क सामान्य वर्ग में 2600 रू तथा गर्ल्स एवं रिजर्व श्रेणी में 1300 रू रहेगा।

विदेशी परीक्षार्थियों के लिए पंजीयन शुल्क सार्क देशों के लिए 160 यूएस डॉलर तथा गैर सार्क देशों के लिए 300 यूएस डॉलर है। जीएसटी इसके अतिरिक्त होगी। जेईई-एडवांस्ड का रिजल्ट 10 जून को घोषित किया जाएगा।

विभिन्न केटेगरी में कितने होंगे परीक्षार्थी
सामान्य – 1,13,120
ओबीसी- 60,480
एससी- 33,600
एसटी- 16,800
(सभी वर्गों के दिव्यांग परीक्षार्थी इनमें शामिल हैं। )

लॉयंस क्लब का संभागीय अधिवेशन कल

 कोटा। लॉयंस क्लब का संभागीय अधिवेशन महिमा रविवार को लॉयंस भवन झालावाड़ रोड़ पर होगा। अध्यक्ष भागचंद हेमनानी एवं सचिव दिनेश खुवाल ने बताया कि ध्येय वाक्य रीच टू हार्ट के अंतर्गत महिमा- 2018 में कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान उच्च न्यायालय जयपुर के पूर्व न्यायाधीश एवं पूर्व प्रांतपाल पाना चंद जैन होंगे तथा मुख्य वक्ता पूर्व प्रांतपाल प्रांतीय सलाहकार बीवी माहेश्वरी होंगे। इस अवसर पर विशेष पुरस्कार भी प्रदान किए जाऐंगे।

 शिवपुराण कथा : सोमेश्वर महादेव मंदिर विकास समिमि तलवण्डी सेक्टर-4 में शिव परिवार की प्रतिमाओं के प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत संगीतमय शिव महापुराण का आयोजन पंडित अनिल शर्मा के मुखरविंद से किया जा रहा है,पुरण कथा 26 जनवरी से शुरू हो चुकी है तथा 1 फरवरी को समाप्त होगी।

समिति के अध्यक्ष केदार लाल गुप्ता एवं सचिव हेमराज सिंह चौहान ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 3 से 7 फरवरी तक रहेगा। शिवपुराण दोपहर 1 बजे से सायं 4.30 बजे तक होगी एवं 3 फरवरी को भव्य कलश यात्रा होगी,शिव प्रतिमाओं का नगर भ्रमण होगा। 7 फरवरी को प्राण प्रतिष्ठा होगी तथा 8 फरवरी को सायं 4 बजे से भण्डारा होगा।

चम्बल में प्रदूषण से स्मार्ट सिटी की अवधारणा पर कलंक: डेनियल

कोटा। भारत में भ्रमण पर आऐ अमेरिका लॉस एेंजिल्स के प्रोड्यूसर डायेक्टर फॉर डोक्यमेंटरी डेनियल वेंडर ने कहा है कि भारत के नदियों के सहारे बसे शहरों ने विकास तो बहुत कर लिया लेकिन नदियों को प्रदूषित कर माद दिया जो किसी भी शहर के लिए अपनी सभ्यता को मार देना जैसा है।

नदियों को पूजने वाले समाज ने कितना अपमान किया है। उन्होंने गोदावरी धाम,चम्बल गार्डन के पास से भी चम्बल को देखा। स्वास्थ्य शिक्षा और पर्यावरण पर अनेक देशों की यात्रा पर निकले डेनियल ने शनिवार को दोपहर नयापुरा पुलिया से चम्बल का नजारा अपने कैमरे में कैद किया।

वंडरफुल कहते कहते रूक गए और नयापुरा में गिरते गंदे नालों से मुंह सिकोड़ते हुए कहा कि विकास करने वाले लोग नदी को इस हालत में कैसे देख रहे है। उन्होंने कहा कि भारत आना काफी सुखद है। डेनियल ने शनिवार को जल बिरादरी के प्रदेश उपाध्यक्ष बृजेश विजयवर्गीय,कोटा एनवायरमेंट सेनीटेशन सोसायटी की अध्यक्ष डॉ सुसेन राज,एश्वर्या राज, पर्यावरण परिषद की गीता दाधीच के अलावा कोटा नगर निगम में अधिकारियों से भी मुलाकात की।

विजयवर्गीय ने बताया कि स्मार्ट सिटी के तहत चम्बल के प्रदूषण को भी शामिल कराने का प्रयास किया जा रहा है। पूर्व में चम्बल शुद्धिकरण की योजना भी है लेकिन ठप्प पड़ी है।

यू मार्केट व्यापार संघ ने बांटे केनाल रोड़ के व्यापारियों को डस्टबिन

कोटा। कोटा व्यापार महासंघ द्वारा चलाये जा रहे स्वच्छता महा अभियान के तहत यू मार्केट व्यापार संघ केनाल रोड़ पर सभी व्यापारियों को संस्था की ओर से डस्टबिन बांटे गये। व्यापार संघ केनाल रोड़ के अध्यक्ष शाहिद मोहम्मद मुलतानी एवं सचिव पुरूषोत्तम छाबड़िया ने बताया कि स्वच्छता अभियान को लेकर सभी व्यापारियों द्वारा डस्टबिन रखने, सामान बाहर नहीं फेलाने एवं पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़े करने की शपथ ली।

इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव एवं ब्राण्ड एम्बेसडर अशोक माहेश्वरी का हार्दिक अभिनन्दन किया गया।  माहेश्वरी ने कहा गाँधी चौक पुरानी धानमण्डी एवं अग्रसेन बाजार में चलाये गये स्वच्छता अभियान में स्वच्छता के साथ-साथ बाजार को अतिक्रमण मुक्त किया जाना, पार्किंग की समुचित व्यवस्था के लिए उस क्षेत्र के व्यापारियों ने पूर्ण सहयोग दिया है।

माहेश्वरी ने कहा कि जनसहभागिता के बिना यह संभव नहीं है पुराने कोटा के सभी व्यापारिक संगठन इस बात को लेकर परेशान है कि यहां यातायात की सुगम व्यवस्था न होने के कारण उनके व्यापार पर विपरित असर पड़ रहा है साथ ही इन बाजारों के साथ-साथ गुमानपुरा और शोपिंग सेन्टर जैसे भी क्षेत्र भी इन समस्याओं से जूझ रहे है।

इसके लिए व्यापारियों को आगे आकर प्रशासन के साथ जनसहभागिता निभाते हुये इन व्यवस्थाओं को सुधारने में सहयोग देना होगा। यू  मार्केट व्यापार सघ के अध्यक्ष शाहिद मोहम्मद मुलतानी ने कहा कि हमने सभी व्यापारियों को हिदायत दी है कि वे दुकान के दायरे में ही अपना सामान रखे एवं न गन्दगी नहीं फैलाएं।

महासंघ लाहकार बोर्ड के निदेशक नारायण राजानी ने संस्था के 107 व्यापारियों को अपनी ओर से डस्टबिन दिये जाने की घोषणा की। इस पर महासचिव अशोक माहेश्वरी का माला एवं साफा पहनाकर अभिनन्दन किया। साथ ही उनकी सराहना करते हुये अपील की व्यापारिक संस्थाओं के साथ-साथ क्षेत्र के प्रमुख व्यापारी डस्टबिन उपलब्ध करवाने में अपना सहयोग प्रदान करें।