Thursday, July 16, 2026
Home Blog Page 5532

कोटा में स्वच्छता सर्वे 19 को करेगी मंत्रालय की टीम

कोटा। शहर में स्वच्छता सर्वे करने के लिए केन्द्रीय टीम अब 19 फरवरी को आएगी। यह तीन दिन कोटा में रहकर जांच करेगी। इसके आधार पर कोटा की रैंक तय होगी। पहले यह टीम 1 फरवरी को आनी थी।

उपायुक्त श्वेता फगेड़िया ने बताया कि टीम 6 सवालों पर अपना सर्वे करेगी। इसमें पूछा जाएगा कि पिछले साल की अपेक्षा इस बार सफाई कैसी है, आपको पता है आपके शहर में स्वच्छता सर्वे चल रहा है। इसके अलावा शहर के प्रमुख बाजारों, स्टेशन व बस स्टैंड का भी निरीक्षण होगा।

उन्होंने बताया कि तीन प्रकार से फीडबैक लिया जा रहा है। मंत्रालय की टीम शहर के लोगों से आॅनलाइन काॅल करके व फेस टू फेस फीडबैक लेगी। शहर के लोग पोर्टल के माध्यम से भी फीडबैक दे सकते हैं।

दुनिया के अमीर देशों की लिस्ट में भारत छठे नंबर पर

नई दिल्ली। दुनिया के अमीर देशों की लिस्ट में भारत छठवें नंबर पर है। न्यू वर्ल्ड हेल्थ नाम की संस्था मुताबिक, भारत की कुल वेल्थ 8230 बिलियन यूएस डॉलर्स है। लिस्ट में 64,548 बिलियन डॉलर्स की वेल्थ के साथ अमेरिका टॉप पर है। भारत से तीन गुना वेल्थ के साथ चीन दूसरे नंबर पर है। जापान, यूनाइटेड किंगडम और जर्मनी भी भारत से आगे हैं।

रिपोर्ट में कहा गया है कि 2017 में बाकी देशों के मुकाबले भारत की वेल्थ में सबसे ज्यादा ग्रोथ हुई है। 2017 में भारत की वेल्थ में 1646 बिलियन डॉलर्स की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

भारत से 8 गुना ज्यादा अमेरिका की वेल्थ
– रिपोर्ट के मुताबिक, 2017 में अमेरिका की वेल्थ 64,548 बिलियन डॉलर्स रही। जिसके बाद 24,803 बिलियन डॉलर्स की टोटल वेल्थ के साथ चीन दूसरे नंबर पर है। भारत के मुकाबले अमेरिका की टोटल वेल्थ जहां 8 गुना, वहीं चीन की वेल्थ 3 गुना है।

भारत से आगे जापान, यूके और जर्मनी
– 19522 बिलियन डॉलर्स की वेल्थ के साथ जापान तीसरे नंबर पर है। अगला नंबर यूके का है, जिसकी वेल्थ 9919 बिलियन डॉलर्स है। बता दें कि यूके में चार देश इंग्लैंड, स्कॉटलैंड, वेल्स और आयरलैंड साथ हैं।
2016 के मुकाबले 2017 में 25% वेल्थ ग्रोथ
– रिपोर्ट में कहा गया कि 2017 में भारत की वेल्थ 1646 बिलियन डॉलर्स बढ़ी यानी कुल वेल्थ में 25% की ग्रोथ हुई।
– इसी दौरान चीन की वेल्थ में 22% ग्रोथ हुई। 2017 में पूरी दुनिया की वेल्थ में 12% की ग्रोथ रिकॉर्ड की गई। ये ग्रोथ 192 ट्रिलियन डॉलर्स से 215 ट्रिलियन डॉलर्स की रही।

क्या है टोटल वेल्थ?
टोटल वेल्थ यानी किसी देश/शहर में रहने वाले लोगों की कुल प्राइवेट वेल्थ। इसमें हर शख्स की संपत्ति (प्रॉपर्टी, कैश, इक्विटीज, बिजनेस इन्ट्रेस्ट) शामिल किए गए हैं। हालांकि, इस रिपोर्ट में सरकारी फंड्स नहीं जोड़े गए हैं।

भारत के 3 लाख लोगों के पास 1 मिलियन डॉलर्स से ज्यादा की वेल्थ
रिपोर्ट में सामने आया है कि भारत के 3,30,400 लोगों के पास 1 मिलियन डॉलर्स (करीब 63 लाख रूपए) से ज्यादा की वेल्थ है। इस मामले में भी अमेरिका पहले नंबर पर है। वहां 50,47,400 लोगों के पास 1 मिलियन डॉलर्स से ज्यादा की दौलत है।

उद्यमियों की समस्याओं का ज्ञापन सरकार को भेजा

कोटा।  लघु उद्योग भारती की साधारण सभा मंगलवार को पुरुषार्थ भवन में आयोजित की गई। जिसमें  मुख्यतः उद्योग के लिए पानी, मंडी टैक्स, स्टैम्प ड्यूटी , विद्युत दर, GST में कोटा स्टोन की दर आदि समस्याओं पर विचार विमर्श हुआ। इसके बाद सरकार को ज्ञापन भेजा गया।

साथ ही दिल्ली में निर्मित होने वाले भवन की जानकारी देते हुए सभी उद्यमियों से सहयोग की अपील की गई। मीटिंग में राष्ट्रीय सलाहकार गोविन्दराम मित्तल, प्रदेश अध्यक्ष  ताराचन्द गोयल, राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य कीर्ति कुमार जैन, प्रदेश सचिव अचल पोद्दार, प्रांतीय कोषाध्यक्ष यशपाल भाटिया, प्रांतीय सचिव राजेन्द्र जैन, कोटा इकाई अध्यक्ष विपिन सूद, एवं महामंत्री अंकुर गुप्ता समेतअनेक सदस्य उपस्थित रहे।

वैवाहिक मांग से सोने की चमक बढ़ी, चांदी 400 रुपये फिसली

नई दिल्ली/ कोटा।  वैवाहिक मांग से सोने में दो दिन से जारी गिरावट मंगलवार को थम गई। दिल्ली सर्राफा बाजार में सोने का भाव 120 रुपये बढ़कर 31,240 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। हालांकि, चांदी पर अब भी दबाव बरकरार है और यह 400 रुपये गिरकर 40,050 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।

राजधानी में 99.9 प्रतिशत और 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 120 रुपये गिरकर क्रमश: 31,240 रुपये और 31,090 रुपये प्रति 10 ग्राम पहुंच गया। पिछले दो सत्र में सोने की कीमतें 330 रुपये गिरी। हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी 24,800 रुपये प्रति इकाई पर टिकी रही।

औद्योगिक इकाइयों औ सिक्का निर्माताओं की ओर से मांग घटने से चांदी तैयार 400 रुपये टूटकर 40,050 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई। जबकि चांदी साप्ताहिक डिलीवरी 805 रुपये गिरकर 39,075 रह गई। चांदी सिक्का लिवाल और बिकवाल क्रमश: 74,000 रुपये और 75,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहे।

बाजार विशेषज्ञों ने कहा कि वैवाहिक मांग को पूरा करने के लिए स्थानीय आभूषण निर्माताओं के लिवाली बढ़ाने से सोने के भाव में सुधार देखा गया। हालांकि, वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख ने तेजी को रोकने का प्रयास किया। वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में, सोना 0.34 प्रतिशत गिरकर 1,335.40 डॉलर प्रति औंस रहा। चांदी 0.35 प्रतिशत कमजोर होकर 17.06 डॉलर प्रति औस रही।

कोटा सर्राफा 
चांदी 39800 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 31000 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 36160 रुपये प्रति तोला।  
सोना शुद्ध 31150 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 36330 रुपये प्रति तोला। 

अनन्तपुरा एवं औद्योगिक क्षेत्र में भी चलाया जायेगा स्वच्छता महाअभियान

कोटा। हाड़ौती कोटा स्टोन इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन ने औद्योगिक क्षेत्र एवं उससे जुड़े बाजारो को अतिक्रमण से मुक्त करने एवं यातायात सुगुम करने के लिए कोटा व्यापार महासंघ से स्वच्छता अभियान चलाये जाने की मांग की है।

हाड़ौती कोटा स्टोन इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन की ओर से मंगलवार को आयोजित बैठक में अध्यक्ष छुट्टन लाल शर्मा एवं सचिव मुकेश त्यागी ने कोटा व्यापार महासंघ एवं नगर निगम की ओर से चलाये जा रहे स्वच्छता अभियान को कोटा शहर के लिये अनूठी मिसाल बताते हुये अभियान में सहयोग देने का भरोसा दिलाया। 

एसोसिएशन के संस्थापक अध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र के तीन बड़े बाजार गोबरिया बावड़ी, अनन्तपुरा एवं भामाशाह मण्डी रोड है। अनन्तपुरा शहर का प्रवेश द्वार है, जिसे स्वच्छ एवं सुन्दर होना अतिआवश्यक है। इसके लिये कोटा के उद्यमी स्व़च्छता अभियान में पूर्ण सहयोग देने मेंं तैयार है।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष व कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी को स्वच्छता ब्राण्ड एम्बेसडर बनाये जाने पर संस्था भी गर्व महसूस कर रही हैं। उन्होनें विश्वास दिलाया कि माहेश्वरी की कार्यशैली से निश्चित ही स्वच्छता के क्षेत्र में सार्थक प्रयास होगें।

इस अवसर पर एसोसिएशन की ओर से ब्राण्ड एम्बेसडर बनाये जाने पर अशोक माहेश्वरी का माला एवं साफा पहना कर सभी सदस्यों द्वारा स्वागत एवं अभिनन्दन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुये कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि एसोसिएशन सदैव जनहित के कार्यो में आगे रहती है।

इस संस्था द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में 5 वर्ष पूर्व लगाये गये करीब 1000 पौधे आज वटवृक्ष का रूप लेकर खड़े हुये है साथ ही संस्था एवं उद्यमियों द्वारा 40 से ज्यादा इस औद्योगिक क्षेत्र में वाटर कूलर लगाये हैं। संस्था द्वारा एक स्थाई डिस्पेन्सरी भी पाषाण भवन में चलाई जा रही है।

उन्होने कहा कि पूना शहर का औद्योगिक क्षेत्र पूरी तरह से स्वच्छ एवं हरियाली युक्त है। अगर सभी उद्यमी सहयोग करे, तो इस क्षेत्र को भी ऐसा स्वरुप दिया जा सकता है। माहेश्वरी ने कहा कि औद्योगक क्षेत्र से जुडे़ अनन्तपुरा, गोबरिया बावड़ी एवं भामाशाह मण्डी रोड़ प्रमुख व्यवसाय स्थलों में से एक है।

गुरुवार से औद्योगिक क्षेत्र में चलेगा अभियान
हाड़ौती कोटा स्टोन इण्डस्ट्रीज एसोसिएशन की मांग को देखते हुये कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने गुरूवार को औद्योगिक क्षेत्र एवं अनन्तपुरा बाजार से स्वच्छता अभियान चलाये जाने की घोषणा की। उन्होने सभी उद्यमियों से इस अभियान में सहयोग देने की अपील की है।

नोटबंदी के बाद कितना कालाधन पकड़ा, वित्त मंत्रालय बताए

नई दिल्ली। केंद्रीय सूचना आयोग (CIC) ने वित्त मंत्रालय को नोटबंदी के बाद सरकार द्वारा जुटाए गए कुल कालेधन का ब्योरा देने को कहा है। सीआईसी ने वित्त मंत्रालय को इस बारे में एक साल पहले के सूचना के अधिकार (RTI) आवेदन का जवाब देने का निर्देश दिया है।

मुख्य सूचना आयुक्त आरके माथुर ने हालांकि आरटीआई कानून के तहत प्रधानमंत्री कार्यालय पर जुर्माना नहीं लगाया है क्योंकि उसके अधिकारियों ने आरटीआई आवेदन का जवाब देने में देरी के लिए माफी मांग ली है। माथुर ने कहा कि इस विभाग के केंद्रीय लोक सूचना अधिकारी (CPIO) या संबंधित प्रमुख को भविष्य में सावधानी बरतने को कहा है और भविष्य में आरटीआई कानून की समयसीमा का अनुपालन करने को कहा है।

आरटीआई कानून के तहत केंद्रीय लोक सूचना अधिकारी (सीपीआईओ) ने यदि किसी आरटीआई आवेदन का जवाब 30 दिन के भीतर नहीं दिया है, तो आयोग को उस पर जुर्माना लगाने का अधिकार है। यदि आयोग इस बात से संतुष्ट है कि इस देरी के पीछे कोई उचित वजह नहीं है या फिर किसी गलत मंशा से जवाब नहीं दिया गया है, तो वह जुर्माना लगा सकता है।

यह मामला खालिद मुंदापिल्ली से संबंधित है, जिन्होंने 22 नवंबर, 2016 को आरटीआई कानून के तहत प्रधानमंत्री कार्यालय से इस सवाल का जवाब मांगा था। इससे कुछ दिन पहले यानी 8 नवंबर, 2016 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1,000 और 500 के नोट बंद करने की घोषणा की थी। मुंदापिल्ली के आवेदन का 30 दिन में जवाब नहीं दिया गया। उसके बाद 9 जनवरी, 2017 को उन्होंने आयोग के पास पीएमओ की शिकायत की।

पीएमओ के अधिकारी ने आयोग को बताया कि उनके आवेदन को पिछले साल 25 जनवरी को जवाब के लिए राजस्व विभाग को भेज दिया गया। मुंदपिल्ली ने आयोग को बताया कि पीएमओ द्वारा उनका मामला राजस्व विभाग के पास भेजे जाने के एक साल बाद भी उनके आरटीआई आवेदन का जवाब नहीं दिया गया है। माथुर ने कहा कि राजस्व विभाग के सीपीआईओ को आरटीआई कानून के तहत इस आदेश के 30 दिन के भीतर जवाब देने का निर्देश दिया जाता है।

पद्मावत’ की ‘मेहरुनिसा’ का हॉट अवतार

अदिती राव हैदरी हाल ही में आई फिल्म ‘पद्मावत’ में अलाउद्दीन खिलजी की पत्नी मेहरुनिसा के किरदार में नजर आई हैं। इस फिल्म में तो उन्होंने भारी-भरकम लिबास पहने हैं, लेकिन रियल लाइफ में अक्सर वह काफी बोल्ड अंदाज में नजर आती हैं।

उनका बिकिनी लुक हमेशा ही फैन्स का दिल लूट लेता है।अदिती ने 2007 में तमिल फिल्म ‘श्रृंगारम’ से अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी।

इसमें उन्होंने एक देवदासी का भूमिका निभाई थी।2009 में अदिती फिल्म ‘दिल्ली 6’ में नजर आई थीं। 

2011 में फिल्म ‘ये साली जिंदगी’ के लिए उन्हें स्क्रीन अवॉर्ड मिला था। मर्डर 3′, ‘रॉकस्टार’ और ‘बॉस’ जैसी फिल्मों में अदिती ने बेहतरीन काम किया है। देखिए अदिती का हॉट अवतार…अदिती कई बार हॉट फोटोशूट करा चुकी हैं।

सेंसेक्स 250 अंक गिरा, निवेशकों के डूबे 1.12 लाख करोड़ रुपए

नई दिल्ली। बजट से दो दिन पहले घरेलू शेयर बाजार में तेजी पर ब्रेक लग गया। बजट से पहले बाजार में मुनाफावसूली की वजह मंगलवार को सेंसेक्स और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए। हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज, टीसीएस, इंफोसिस, मारुति, एचडीएफसी, ओएनजीसी और एचडीएफसी बैंक में बिकवाली से बाजार पर दबाव बना। जिससे कारोबार के अंत में सेंसेक्स 250 अंक टूटकर 36,033 अंक पर बंद हुआ।

वहीं निफ्टी 81 अंक लुढ़ककर 11,050 अंक पर बंद हुआ। वहीं कमजोर ग्लोबल संकेतों और आज से शुरू हो रही फेडरल रिजर्व की बैठक से निवेशकों का सेंटीमेंट्स प्रभावित हुआ। बाजार में गिरावट से एक दिन में निवेशकों के 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा डूब गए।

क्यों आई बाजार में कमजोरी
– ट्रेडस्विफ्ट ब्रोकिंग के डायरेक्टर संदीप जैन का कहना है कि बजट से पहले मार्केट में घबराहट दिख रही है। जिसकी वजह से बाजार में गिरावट हावी है।
– इसके अलावा मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में प्रॉफिट बुकिंग हो रही है। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर काफी बढ़ भी चुके थे।
– आज से यूएस फेडरल रिजर्व की दो दिवसीय बैठक शुरू हो रही है। इसमें ब्याज दरें बढ़ने की उम्मीद है। जिसका भी असर मार्केट पर दिख रहा है।
– वहीं सोमवार को अमेरिकी बाजारों में कमजोरी देखने को मिली, जिसका असर एशियाई बाजारों पर हुआ।
– एशियाई बाजारों में गिरावट से घरेलू बाजार कमजोर हुआ है।

निवेशकों के डूबे 1.12 लाख करोड़ रुपए
बाजार में गिरावट से एक दिन में निवेशकों के 1 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा डूब गए।  सोमवार को बीएसई पर लिस्टेड कुल कंपनियों का मार्केट कैप 1,55,13,306.93 करोड़ रुपए था। वहीं मंगलवार को बीएसई का मार्केट कैप 1,54,01,216 करोड़ रुपए रहा। इस तरह निवेशकों को एक दिन में 1,12,090.93 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ।

50 से ज्यादा स्टॉक 52 हफ्ते के निचले स्तर पर
बाजार में कमजोरी से बीएसई पर 50 से ज्यादा स्टॉक 52 हफ्ते के निचले स्तर पर पहुंच गए। इनमें आदित्य बिड़ला कैपिटल, अपोलो माइक्रो सिस्टम्स, भूषण स्टील शामिल हैं।

मिडकैप-स्मॉलकैप शेयर लुढ़के
लार्जकैप शेयरों के साथ मिडकैप औऱ स्मॉलकैप शेयरों में भी गिरावट देखने को मिली। बीएसई का मिडकैप इंडेक्स 0.67 फीसदी गिरकर 17,591 अंक पर बंद हुए। वहीं बीएसई के स्मॉलकैप इंडेक्स में 1.34 फीसदी की गिरावट रही।

सभी सेक्टोरल इंडेक्स टूटे, रियल्टी इंडेक्स 1% से ज्यादा गिरा
– मंगलवार के कारोबार में बैंक, ऑटो समेत सभी सेक्टोरल इंडेक्स में कमजोरी देखने को मिली। बैंक निफ्टी इंडेक्स 0.83 फीसदी टूटकर 27,269 अंक पर बंद हुए। इसके अलावा निफ्टी आईटी में 1.02 फीसदी, निफ्टी एफएमसीजी में 0.16 फीसदी, निफ्टी मेटल में 0.59 फीसदी, निफ्टी ऑटो में और निफ्टी फार्मा में 0.61 फीसदी गिरावट रही।
– सबसे ज्यादा गिरावट निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में 1.12 फीसदी दर्ज की गई।
– वहीं बीएसई कैपिटल गुड्स, कंज्यूमर डुरेबल्स और पावर इंडेक्स में भी गिरावट का रुख रहा, जबकि बीएसई ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 1.16 फीसदी की तेजी रही।

RCom में 19 फीसदी का उछाल
अनिल अंबानी की कर्ज में दबी कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) का तीसरी तिमाही में घाटे में कमी दर्ज की गई है। फाइनेंशियल ईयर 2018 की तीसरी तिमाही में घाटे में कमी से मंगलवार के कारोबार में आरकॉम के शेयरों में 19 फीसदी तक की बढ़त देखने को मिली।

IOC का मुनाफा 97% बढ़ा, 19 रुपए प्रति शेयर डिविडेंड का एलान
फाइनेंशियल ईयर 2018 की तीसरी तिमाही में आईओसी का मुनाफा 97 फीसदी बढ़ गया है। इस दौरान कंपनी को 7883 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ है। फाइनेंशियल ईयर 2017 की तीसरी तिमाही में कंपनी को 3994 करोड़ रुपए का मुनाफा हुआ था। कंपनी बोर्ड ने 1 पर 1 बोनस शेयर देने का एलान किया है। आईओसी के बोर्ड ने 19 रुपए प्रति शेयर डिविडेंड देने का एलान किया है।

TCS फिर बनी देश की मोस्ट वैल्युड कंपनी, RIL को छोड़ा पीछे
देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस एक बार फिर देश की मोस्ट वैल्युड कंपनी बन गई है। सोमवार के कारोबार में टीसीएस ने रिलायंस इंडस्ट्रीज को पीछे छोड़ते हुए यह मुकाम हासिल की।

टीसीएस का मार्केट 6.11 लाख करोड़ रुपए रहा। वहीं आरआईएल का मार्केट कैप 6.10 लाख करोड़ रुपए रहा। मार्केट कैप के हिसाब से टीसीएस देश की सबसे बड़ी कंपनी बन गई।

FII और डीआईआई रहे खरीददार
 सोमवार के कारोबार में डोमेस्टिक इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (डीआईआई) के मुकाबले फॉरेन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एफआईआई) ने भारतीय शेयर बाजार में ज्यादा खरीददारी की। डीआईआई ने जहां 90.08 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे। वहीं एफआईआई ने 291.86 करोड़ रुपए बाजार में निवेश किए।

इतिहासकारों ने ‘पद्मावत’ को दिखाई हरी झंडी

जयपुर/ बेंगलुरु । जहां ‘पद्मावत’ बॉक्स ऑफिस पर सफलता के परचम लहरा रही है, वहीं इस फिल्म को लेकर अब भी करणी सेना का विरोध जारी था और यही वजह रही कि फिल्म राजस्थान में अब तक रिलीज़ नहीं हो पाई है।

अब ऐसा लग रहा है कि फिल्म को उन राज्यों में भी जल्द ही हरी झंडी मिल जाएगी, जहां प्रदर्शित करने से फिल्म को बैन कर दिया गया था। करणी सेना के इतिहासकार के पैनल के दो सदस्यों ने फिल्म को ग्रीन सिग्नल दे दिया है।

फिल्म को लेकर ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, चार इतिहासकारों में से दो ने सोमवार को बेंगलुरु में फिल्म देखने के बाद इसे हरी झंडी दिखा दी है। उनका दावा है कि फिल्म किसी भी साम्प्रदायिक भावना को चोट नहीं पहुंचाती है। बता दें कि श्रीराजपूत करणी सेना के संरक्षक लोकेन्द्र सिंह कालवी ने इस फिल्म को देखने के लिए इतिहासकारों, राजघरानों के 6 सदस्यों वाले एक पैनल का गठन किया था।

इस 6 सदस्यों के पैनल में इतिहासकार आर. एस. खंगारोत, बी. एल. गुप्ता, कपिल कुमार, रोशन शर्मा, मेवाड़ राज परिवार के सदस्य विश्वराज सिंह और बांसवाड़ा राज परिवार के सदस्य जगमाल सिंह को शामिल किया गया था। रिपोर्ट में कहा गया है कि इतिहासकार आर. एस. खंगरोत और बी. एल. गुप्ता को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (सीबीएफसी) के अध्यक्ष प्रसून जोशी की ओर से पिछले महीने ही सम्पर्क किया गया था।

उन्होंने रवि शंकर के आश्रम में यह फिल्म देखी। फिल्म पर विवाद को हमेशा के लिए खत्म करने के लिए ही उन्हें खासकर फिल्म देखने का आमंत्रण दिया गया था। प्रफेसर खंगरोत ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि यह फिल्म समाज के किसी भी हिस्से को चोट पहुंचा सकती है। फिल्म का इतिहास से कुछ लेना-देना नहीं।

हम दोनों एक ही निष्कर्ष पर पहुंचे हैं।’ जब उनसे फिल्म में रानी पद्मिनी को प्रजेंट करने को लेकर सवाल किया गया तो खंगरोत ने कहा कि यह फिल्म में किरदार वैसा नहीं जैसा कि इतिहास में वर्णन है। उन्होंने कहा, ‘फिल्म को एक ऐसी कहानी या प्लॉट कह सकते हैं, जिसमें इतिहास का उल्लेख है और कुछ नहीं। सिनेमटॉग्रफी मेरा विषय नहीं।’

मध्यकालीन इतिहास पर कई किताब लिख चुके राजस्थान यूनिवर्सिटी से इतिहास के रिटायर्ड प्रफेसर गुप्ता ने कहा है, ‘मेरा पर्सनली मानना है कि फिल्म में कुछ भी ऐसा नहीं जो किसी खास जाति की भावनाओं को चोट पहुंचाए। किसी को भी इस फिल्म से प्रॉब्लम नहीं होनी चाहिए।’

यह फिल्म पिछले सप्ताह 25 जनवरी को रिलीज़ हुई है। गुप्ता और खंगरोत के अलावा इस पैनल में दो इतिहासकार जयपुर के रोशन शर्मा और दिल्ली के कपिल कुमार भी थे। इनके अलावा इस पैनल में जो दो नाम थे वह मेवाड़ राजघराने के विश्वराज सिंह और बांसवाड़ा के जगमाल सिंह भी शामिल थे।

संजय लीला भंसाली की भव्य फिल्म ‘पद्मावत’ तमाम विवादों के बीच पिछले वीक रिलीज़ हुई और बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा रही। फिल्म अपने पहले वीकेंड पर ही 100 करोड़ क्लब में एंट्री मार चुकी है और लगता नहीं कि सफलता का यह सिलसिला जल्द थमने वाला है।

अमेरिकी सिनेमाघरों में ‘पद्मावत’ हाउसफुल

न्यूयार्क। अमेरिका के विभिन्न सिनेमाघरों में संजय लीला भंसाली की फिल्म ‘पद्मावत’ को देखने के लिए काफी बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। दरअसल बड़ी तादाद में लोग इस फिल्म को थ्री डी के साथ ही सामान्य रूप में रिलीज हुए तौर पर भी देखना पसंद कर रहे हैं।

यहां बता दें कि अमेरिका के अकेले ह्यूस्टन में ही यह सभी एएमसी (अमेरिकन मल्टी सिनेमा) थिअटरों में हाउसफुल चल रही है। ऐसे वहां इस फिल्म के रिलीज होने के साथ ही इसके एक दिन में 24 शो चलाए जा रहे हैं।

जिसके चलते इस शनिवार तक फिल्म ‘पद्मावत’ ने 34, 88, 239 डॉलर की कमाई कर ली है। जिसके बाद यह कहा जा सकता है कि इस फिल्म ने कमाई के मामले में बॉलिवुड सिनेमा के अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।

दरअसल देश में तमाम तरह के विवादों को झेलने के बाद अब यह फिल्म घरेलू बाजार में भी अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपने पहले वीकेंड में 110 करोड़ की कमाई कर चुकी है।

जिसके बाद इसने 100 करोड़ी क्लब में धमाकेदार एंट्री पाई है। हालांकि, यह आंकड़ा तब है जब फिल्म कई जगहों पर फिलहाल समय से प्रदर्शित नहीं हो पाई, नहीं तो अभी असल आंकड़े 145 करोड़ को छू रहे होते थे।

यहां बता दें कि यह फिल्म 1540 में लिखी मलिक मोहम्मद जायसी की ‘पद्मावत’ पर आधारित है, जो राजपूत महारानी पद्मावती के अलौकिक सौंदर्य के साथ ही उनकी बुद्धिमता, शौर्य और वीरता की गाथा कहती है। दरअसल पद्मावती मेवाड़ के राजा रावल रतन सिंह की पत्नी थीं।

जिसके लिए 1303 में अलाउद्दीन खिलजी इस कदर मोहित हुआ कि चित्तौड़गढ़ पर हमला ही बोल दिया। जिसके अंत में अपने छल से युद्ध जीतने के बावजूद भी वह पद्मावती के स्तीत्व के चलते उसकी परछाई तक नहीं देख पाता है।