Friday, June 12, 2026
Home Blog Page 5

आगरा कैंट-असारवा ग्रीष्मकालीन साप्ताहिक विशेष ट्रेन का संचालन

यह गाड़ी गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, केपाटन, बूंदी और मांडलगढ़ स्टेशनों से गुजरेगी

कोटा। यात्रियों की ग्रीष्मकालीन अवकाश में बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन द्वारा आगरा कैंट – असारवा – आगरा कैंट के मध्य ग्रीष्मकालीन विशेष रेलगाड़ी का संचालन किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 01910 (आगरा कैंट – असारवा) 8 जून से 27 जुलाई तक प्रत्येक सोमवार को 8 फेरों में आगरा कैंट से सायं 18.10 बजे प्रस्थान कर उसी दिन गंगापुर सिटी जंक्शन 21:08 बजे, सवाई माधोपुर जंक्शन 21:48 बजे, केशोराय पाटन 23:18 बजे अगले दिन मंगलवार को बूंदी 00:08 बजे और मांडलगढ़ 01:38 बजे होते हुए उसी दिन 11:10 बजे असारवा पहुँचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01909 (असारवा – आगरा कैंट) 9 जून से 28 जुलाई तक प्रत्येक मंगलवार को 8 फेरों में असारवा से शाम 15:00 बजे प्रस्थान कर उसी दिन मांडलगढ़ 23:28 बजे अगले दिन बुधवार को बूंदी 00:23 बजे, केशोराय पाटन 01:13 बजे, सवाईमाधोपुर जंक्शन 02:30 बजे, गंगापुर सिटी जंक्शन 03:23 बजे होते हुए उसी दिन प्रातः 07:45 बजे आगरा कैंट पहुँचेगी।

यह गाड़ी रास्ते में दोनों दिशाओं में आगरा कैंट, फतेहपुर सीकरी, रूपबास, गंगापुर सिटी जंक्शन, सवाईमाधोपुर जंक्शन, केशोराय पाटन, बूंदी, मांडलगढ़, मावली जंक्शन, राणा प्रताप नगर, उदयपुर सिटी, जावर, डूंगरपुर, शामलाजी रोड, हिम्मत नगर, असारवा स्टेशनों पर ठहराव लेकर गंतव्य को जाएगी।

इस विशेष गाड़ी में 9 सामान्य श्रेणी, 10 शयनयान श्रेणी, 2 वातानुकूलित तृतीय श्रेणी तथा 1 वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी सहित कुल 24 डिब्बे होंगे।

Gold Price Today: सोना 4090 और चांदी 9658 रुपये सस्ती, जानिए आज के भाव

नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: सोने-चांदी के रेट आज आसमान से जमीन पर आ गए हैं। 24 कैरेट गोल्ड के भाव एक झटके में 4090 रुपये गिरकर 148429 रुपये पर आ गए हैं। जबकि, चांदी के भाव 9658 रुपये लुढ़ककर 236280 रुपये पर आ गए हैं। इसके अलावा 23 कैरेट से लेकर 14 कैरेट गोल्ड तक के रेट में भी भारी गिरावट दर्ज की जा रही है।

सबसे कम रेट वाला गोल्ड यानी 14 कैरेट सोने की बात करें तो यह भी 2394 रुपये का गोता लगाकर 86831 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। बता दें IBJA द्वारा जारी आज के इस गोल्ड-सिल्वर के रेट में जीएसटी नहीं जुड़ा है।

आज 23 कैरेट गोल्ड के रेट में 4073 रुपये की गिरावट दर्ज की गई है। अब यह सस्ता होकर 147835 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया है। दूसरी ओर गहनो में सबसे अधिक इस्तेमाल होने वाले 22 कैरेट गोल्ड का भाव आज 3746 रुपये सस्ता होकर 135961 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया है। 18 कैरेट गोल्ड के दाम में 3067 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई है। अब 18 कैरेट सोने का भाव 111322 रुपये पर प्रति 10 ग्राम पर आ गया है।

पीएम मोदी ने 4399 दिनों के कार्यकाल के साथ जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ा

केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में मोदी के कार्यकाल की सराहना का प्रस्ताव पारित

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुने हुए प्रधानमंत्री के तौर पर 4,399 दिनों के कार्यकाल के साथ पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। इस तुलना के लिए नेहरू के 1952 के बाद के कार्यकाल को आधार माना गया है, क्योंकि देश में पहले आम चुनाव होने से पहले, 1947 से 1952 के बीच वे अंतरिम सरकार के प्रमुख थे।

वहीं केंद्रीय मंत्रिमंडल ने लगातार कार्यकाल के लिए सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने पर प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया। मंत्रिमंडल के सदस्यों ने प्रधानमंत्री मोदी का खड़े होकर अभिवादन भी किया।

उन्होंने 2014 में अपने पहले शपथ ग्रहण समारोह से लेकर 2019 में लगातार जनादेश हासिल करने और 2024 में लगातार तीसरी बार ऐतिहासिक कार्यकाल पाने तक सेवा की है।

वहीं, इससे पहले केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भारत मंडपम में एनडीए सरकार के 12 साल पूरे होने के मौके पर पार्टी द्वारा आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

हालांकि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 14 साल से ज़्यादा समय तक पद संभाला था, लेकिन उनका कार्यकाल लगातार नहीं था। इस वजह से मोदी देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं।

उन्होंने 2014 में अपने पहले शपथ ग्रहण समारोह से लेकर 2019 में लगातार दूसरी बार और 2024 में ऐतिहासिक रूप से लगातार तीसरी बार जनादेश हासिल करने तक सेवा की है।

पीएम मोदी को देश-दुनिया से मिल रही बधाई
प्रधानमंत्री मोदी की इस उपलब्धि पर देश और दुनिया से उन्हें बधाई संदेश मिल रहे हैं। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मोदी सरकार के 12 वर्षों के कार्यकाल को स्वतंत्रता के बाद भारत के लिए एक महत्वपूर्ण दौर बताया। उन्होंने कहा कि इस अवधि में देश ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है और औपनिवेशिक मानसिकता से बाहर निकलने का प्रयास किया है। प्रधानमंत्री मोदी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी बधाइयां मिली हैं।

अनवर इब्राहिम ने भारत की वैश्विक प्रगति में मोदी के योगदान की सराहना की। वहीं भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री मोदी की दशकों लंबी जनसेवा और नेतृत्व का प्रमाण है। उन्होंने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल भविष्य की कामना की।

ऊंचे बाजार भाव से सोयाबीन समेत अधिकांश तिलहन का क्षेत्रफल बढ़ने की उम्मीद

0

नई दिल्ली। खरीफ सीजन के दो प्रमुख तिलहन- सोयाबीन एवं मूंगफली का थोक मंडी भाव पिछले कुछ महीनों से सरकारी समर्थन मूल्य से ऊंचा चल रहा है जिससे उत्पादकों को आकर्षक आमदनी प्राप्त हो रही है और वे इसका बिजाई क्षेत्र बढ़ाने का जोरदार प्रयास कर सकते हैं।

शीघ्र ही खरीफ कालीन तिलहन फसलों की बिजाई जोर पकड़ने की संभावना है। खरीफ सीजन में मूंगफली एवं सोयाबीन के साथ-साथ सूरजमुखी, तिल, अरंडी एवं नाइजर सीड जैसे तिलहनों की भी खेती होती है।

उद्योग-व्यापार क्षेत्र के समीक्षकों का कहना है कि बिजाई का अभियान, आरंभ होने से पूर्व किसानों को विभिन्न तिलहन फसलों का ऊंचा एवं लाभप्रद मूल्य प्राप्त हो रहा है जिससे इसकी खेती के प्रति उसका उत्साह एवं आकर्षण बढ़ सकता है।

2026-27 सीजन के लिए सोयाबीन का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 5708 रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है जबकि थोक मंडी भाव इससे भी ऊपर चल रहा है।

सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (सी) के अनुसार मांग एवं आपूर्ति का समीकरण जटिल होने से सोयाबीन की कीमतों में भारी तेजी आई है। 5 जून 2026 को इंदौर में इसका एक्स मंडी भाव 68,000 रुपए प्रति टन दर्ज किया गया जो 5 जून 2025 को प्रचलित मूल्य 43,396 रुपए प्रति टन से काफी ऊंचा था।

मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं राजस्थान जैसे शीर्ष उत्पादक राज्यों की तमाम महत्वपूर्ण मंडियों में सोयाबीन का दाम एमएसपी से काफी ऊपर चल रहा है।

इसी तरह सौराष्ट्र संभाग की मंडियों में 5 जून को मूंगफली का औसत भाव 72,000 रुपए प्रति टन दर्ज किया गया जबकि गत वर्ष की इसी अवधि में इसका मूल्य 53,720 रुपए प्रति टन रहा था। 2026-27 सीजन के लिए मूंगफली का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 7517 रुपए प्रति क्विंटल नियत किया गया है। सूरजमुखी की कीमत भी ऊंचे स्तर पर पहुंच गई है।

संसार नश्वर है, समय निकालकर प्रभु चरणों में ध्यान लगाएं: बनेठ वाले महाराज

धरणीधर गार्डन में भागवत कथा का तीसरा दिन

कोटा। श्री धरणीधर जन सेवा संस्थान एवं समस्त धाकड़ समाज, कोटा के संयुक्त तत्वावधान में विनोबाभावे नगर स्थित खड़े गणेश जी रोड पर श्री धरणीधर गार्डन में आयोजित भव्य ‘श्रीमद भागवत कथा एवं रासलीला महोत्सव’ के तीसरे दिन श्रद्धालुओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।

कथा के तृतीय दिवस पर सुप्रसिद्ध प्रवचन सेवक ‘बनेठ वाले’ महाराज ने व्यासपीठ से ज्ञान, वैराग्य और भक्ति की ऐसी त्रिवेणी बहाई कि पूरा पंडाल ‘हरे कृष्णा’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। उन्होंने जीवन के परम सत्य को उजागर करते हुए भक्तों को सांसारिक मोह-माया से ऊपर उठकर ईश्वर की शरण में आने की प्रेरणा दी।

व्यासपीठ से कथा का अमृतपान कराते हुए बनेठ वाले गुरुदेव ने कहा कि प्रत्येक मनुष्य को अपने जीवन का जितना अधिक समय हो सके, उतना भगवान के सुमिरन और सेवा में लगाना चाहिए। उन्होंने जीवन का मूल सूत्र समझाते हुए कहा कि यह अमूल्य जीवन हमें भगवान ने दिया है और केवल भगवान के लिए ही दिया है।

ईश्वर का जीव को यही संदेश है कि मृत्युलोक में जाकर मेरी भक्ति कर और अंततः मेरे ही परमधाम में वापस आ जा। महाराज श्री ने खेद व्यक्त करते हुए कहा कि आज हमसे सबसे बड़ी भूल यही हो रही है कि भगवान हमें निरंतर अपनी ओर बुला रहे हैं, और हम अज्ञानतावश इस नश्वर संसार की ओर भागे जा रहे हैं।

गुरुदेव ने चेतावनी भरे लहजे में भक्तों को सचेत किया कि हम जिस संसार और भौतिक सुखों के पीछे भाग रहे हैं, वह सब नाशवान है। यह सब एक न एक दिन पूरी तरह समाप्त हो जाएगा।

उन्होंने मार्मिक पंक्तियों के माध्यम से कहा कि जब-जब मनुष्य को ईश्वर भक्ति का अवसर मिला, उसने उसे व्यर्थ ही गंवा दिया। और जब यह अनमोल अवसर बीत जाता है, तब मनुष्य अंत समय में फूट-फूट कर रोता है। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि जो सुंदर श्याम का नहीं हुआ, वह संसार में किसी काम का नहीं है। इसलिए हर जगह से अपना ध्यान और समय बचाकर भगवान के चरणों में लगाओ, क्योंकि हमारी हर एक श्वासा कम हो रही है और मौत निरंतर करीब आ रही है।

कथा के तीसरे दिन धार्मिक प्रसंगों के साथ-साथ दिव्य रासलीला का भी भव्य मंचन किया गया। इस दौरान वृंदावन के ख्यातिप्राप्त कलाकार हरिवल्लभ शर्मा ‘छोटे ठाकुर’ महाराज के कुशल निर्देशन में कलाकारों द्वारा भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाओं और महारास के सुंदर, जीवंत प्रसंगों को मंच पर उतारा गया। जिसे देखकर श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।

रासलीला महोत्सव के तीसरे दिन का मुख्य आकर्षण वृंदावन के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की गई अलौकिक रासलीला रही। तीसरे दिन के विशेष प्रसंग में ‘भगवान श्री कृष्ण की बाल लीलाएं, माखन चोरी लीला और कालिया मर्दन प्रसंग’ का अत्यंत जीवंत और भव्य मंचन किया गया।

कलाकारों ने जब यमुना तट पर कालिया नाग के मान-मर्दन और भगवान द्वारा गेंद लाने के बहाने नदी में कूदने का दृश्य जीवंत किया, तो पूरा पंडाल ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारों से गूंज उठा। नन्हे बाल-गोपालों द्वारा गोपियों की मटकी फोड़कर माखन चुराने के प्रसंग ने हर श्रद्धालु का मन मोह लिया।

संस्थान के कोषाध्यक्ष महावीर नागर अंथेड़ा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 13 जून तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से अपराह्न 3 बजे तक भव्य श्रीमद भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है।

इसके साथ ही, प्रतिदिन रात्रि 7:30 बजे से दिव्य रासलीला का मंचन किया जा रहा है। जिसमें श्री कृष्ण की अलौकिक लीलाओं को सजीव रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है। महाआरती और छप्पन भोग के प्रसाद वितरण के साथ तीसरे दिन के सत्र का समापन हुआ।

‘उड़ान’ प्रदर्शनी में 150 से अधिक महिला उद्यमी निभाएंगी भागीदारी

कोटा। महिला सशक्तिकरण और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जीतो लेडीज विंग, कोटा द्वारा आयोजित की जा रही राष्ट्रीय स्तरीय प्रदर्शनी ‘उड़ान’ हर सपने को मिले अपना आसमान’ के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन रेडक्रॉस के स्टेट चैयरमेन राजेश कृष्ण बिरला ने किया।

इस अवसर पर उन्होंने जीतो लेडीज विंग के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि महिला उद्यमिता को प्रोत्साहित करना सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

प्रोजेक्ट डायरेक्टर रितु जैन अजमेरा व उषा बाफना, ने बताया कि दो दिवसीय यह प्रदर्शनी 3 एवं 4 जुलाई 2026 को माहेश्वरी भवन, झालावाड़ रोड, कोटा में प्रतिदिन प्रातः 11 बजे से आयोजित होगी। प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों से 150 से अधिक महिला उद्यमी भाग लेंगी और अपने नवाचारपूर्ण उत्पादों एवं सेवाओं का प्रदर्शन करेंगी।

उन्होंने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना, व्यापारिक नेटवर्किंग के अवसर प्रदान करना तथा उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

मंजु लुंकड़ ने कहा, “‘उड़ान’ केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि हर उस महिला के सपनों को साकार करने का माध्यम है जो अपने हुनर को नई पहचान दिलाना चाहती है। हमारा प्रयास है कि कोटा की महिलाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करें और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ें।”

जीतो लेडीज विंग की चीफ सेक्रेटरी रेखा जैन ने बताया कि प्रदर्शनी में छह राज्यों की महिला उद्यमी भाग लेंगी। यहां हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट, ज्वेलरी, होम डेकोर, ऑर्गेनिक उत्पाद, फूड एवं फैशन से जुड़े आकर्षक स्टॉल्स लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इस आयोजन से प्राप्त आय का उपयोग जरूरतमंद एवं नवोदित महिला उद्यमियों को सहयोग प्रदान करने के लिए किया जाएगा, जिससे वे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा सकें।

पोस्टर विमोचन के अवसर पर जेके जैन,विकास जैन अजमेरा,आर के जैन, चीफ सेक्रेटरी रेखा जैन, प्रोजेक्ट डायरेक्टर रितु जैन अजमेरा व उषा बाफना, उषा बागरेचा, वीना जैन, मीना जैन, रेणु जैन, नैना जैन सहित जीतो लेडीज विंग की कार्यकारिणी सदस्याएं उपस्थित रहीं।

सहकारिता विभाग की पहल, किसानों को गांव में मिलेगी बैंकिंग सुविधा

ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन का सशक्त माध्यम बनेगा माइक्रो एटीएम: राठौड़

कोटा। राजस्थान को-ऑपरेटिव डेयरी फेडरेशन (आरसीडीएफ) के दिशा-निर्देशानुसार कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ में सीसीबी अधिकारियों, बैंककर्मियों एवं डेयरी अधिकारियों की संयुक्त बैठक संघ अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक का उद्देश्य दुग्ध उत्पादक समितियों में डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के विस्तार एवं माइक्रो एटीएम के उपयोग को बढ़ावा देना था। बैठक में रजिस्ट्रार बलविंदर सिंह गिल,डेयरी प्रबंध निदेशक दिलखुश मीणा सहित बैंक,डेयरी के अधिकारी एवं किसान उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान 20 से अधिक दुग्ध उत्पादक किसानों के माइक्रो एटीएम बनाए गए तथा उन्हें डिजिटल बैंकिंग सेवाओं की जानकारी दी गई। इस अवसर पर सहकारिता विभाग के रजिस्ट्रार बलविंदर सिंह गिल ने कहा कि माइक्रो एटीएम ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सुविधाओं को किसानों के द्वार तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।

इसके माध्यम से किसान अपने गांव में ही नकद जमा-निकासी, आधार आधारित भुगतान, बैलेंस जांच तथा अन्य बैंकिंग सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।

कोटा-बूंदी दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ के अध्यक्ष चैनसिंह राठौड़ ने अपने उद्बोधन में कहा कि सहकारिता और तकनीक का समन्वय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादक किसानों को अब बैंकिंग सेवाओं के लिए बार-बार शाखाओं के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे, बल्कि माइक्रो एटीएम के माध्यम से उन्हें गांव स्तर पर ही नकद जमा-निकासी, आधार आधारित भुगतान तथा अन्य बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार एवं सहकारिता विभाग डिजिटल वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। माइक्रो एटीएम व्यवस्था से किसानों का समय और खर्च दोनों बचेंगे तथा बैंकिंग सेवाओं तक उनकी पहुंच और अधिक सुलभ होगी।

बैठक में डेयरी समितियों में डिजिटल तकनीक के अधिकाधिक उपयोग, किसानों को जागरूक करने तथा माइक्रो एटीएम सेवाओं के विस्तार पर भी विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने किसानों से इस सुविधा का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

Oppo का 7000mAh की बैटरी वाला नया फोन 14 हजार रुपए से कम में लॉन्च

नई दिल्ली। OPPO ने अपने नए बजट स्मार्टफोन OPPO A6c को लॉन्च कर दिया। OPPO A6c की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7000mAh की बड़ी बैटरी है, जो इस प्राइस रेंज में इसे काफी अलग बनाती है।

इसके अलावा फोन में 120Hz रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले, Unisoc प्रोसेसर और IP64 रेटिंग जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं। फोटोग्राफी के लिए OPPO A6c में 13MP का रियर कैमरा दिया गया है।

यह कैमरा सामान्य फोटोग्राफी और सोशल मीडिया शेयरिंग के लिए अच्छा माना जा सकता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 5MP फ्रंट कैमरा मिलता है। आइये डिटेल में जानते हैं फोन की कीमत और सभी फीचर्स:

कीमत और उपलब्धता
OPPO A6c को कंपनी ने दो स्टोरेज वेरिएंट में लॉन्च किया है। इसके 4GB RAM + 64GB स्टोरेज मॉडल की कीमत 13,999 रुपए रखी गई है। वहीं 4GB RAM + 128GB स्टोरेज वेरिएंट 16,999 रुपए में उपलब्ध है। ग्राहक इस स्मार्टफोन को OPPO की आधिकारिक वेबसाइट से खरीद सकते हैं। फोन को Stone Brown और Feather White रंगों में पेश किया गया है।

OPPO A6c के फीचर्स
OPPO A6c की सबसे बड़ी खासियत इसकी बड़ी 7000mAh बैटरी है। इसके साथ 15W चार्जिंग सपोर्ट भी मिलता है। फोन में 6.75 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले दिया गया है। खास बात यह है कि इसमें 120Hz रिफ्रेश रेट मिलता है, जिससे स्क्रॉलिंग और ऐप्स के बीच स्विच करना काफी स्मूद महसूस होता है। डिस्प्ले में 700 निट्स तक की ब्राइटनेस मिलती है, जिससे धूप में भी स्क्रीन देखने में ज्यादा परेशानी नहीं होती।

OPPO A6c में Unisoc T7250 प्रोसेसर दिया गया है। फोन में 4GB LPDDR4X RAM और UFS 2.2 स्टोरेज का सपोर्ट मिलता है, जिससे ऐप्स तेजी से खुलते हैं और फोन की परफॉर्मेंस बेहतर बनी रहती है।

फोटोग्राफी के लिए OPPO A6c में 13MP का रियर कैमरा दिया गया है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 5MP फ्रंट कैमरा मिलता है। फोन में साइड-माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर भी दिया गया है।

इस बजट स्मार्टफोन में IP64 रेटिंग दी गई है। इसका मतलब है कि फोन धूल और पानी की हल्की छींटों से सुरक्षित रह सकता है। हालांकि इसे पूरी तरह वाटरप्रूफ नहीं कहा जा सकता, लेकिन रोजमर्रा के इस्तेमाल में यह अतिरिक्त सुरक्षा जरूर देता है।

फोन में Wi-Fi 5, Bluetooth 5.2, USB Type-C पोर्ट और 3.5mm हेडफोन जैक जैसे जरूरी फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा माइक्रोSD कार्ड सपोर्ट भी दिया गया है, जिससे स्टोरेज को और बढ़ाया जा सकता है।

OnePlus के AI फीचर्स वाले वाटरप्रूफ फोन 17 हजार रुपये तक सस्ते

नई दिल्ली। OnePlus की Community Sale आज खत्म होने वाली है। इस सेल के दौरान फ्लैगशिप और Nord सीरीज स्मार्टफोन्स पर आकर्षक छूट मिल रही है। इस सेल में आप बैंक ऑफर्स, एक्सचेंज बोनस और अन्य डील्स का फायदा उठा सकते हैं।

OnePlus 15 पर शानदार ऑफर
OnePlus Community Sale में इस स्मार्टफोन को 3000 रुपए के इंस्टेंट बैंक डिस्काउंट पर बेचा जा रहा है। सेल में आप फोन को 74,999 रुपए में खरीद सकते हैं। ऐसे में जो यूजर्स OnePlus का लेटेस्ट फ्लैगशिप स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे हैं, उनके लिए यह डील अच्छी बचत का मौका साबित हो सकती है।

OnePlus 13 पर 17,000 रुपए का डिस्काउंट
प्रीमियम फ्लैगशिप OnePlus 13 फोन 69,999 रुपए में लॉन्च किया गया है, लेकिन सेल के दौरान कंपनी इस पर 12,000 रुपए का सीधा डिस्काउंट दे रही है। इसके अलावा चुनिंदा बैंक कार्ड्स से पेमेंट करने पर ग्राहकों को 5,000 रुपए का अतिरिक्त इंस्टेंट डिस्काउंट भी मिलेगा। यानी कुल मिलाकर इस फोन पर 17,000 रुपए तक की बचत की जा सकती है। सभी ऑफर्स का फायदा लेने के बाद OnePlus 13 की प्रभावी कीमत घटकर सिर्फ 52,999 रुपए रह जाती है।

OnePlus 13s पर 5,000 की बचत
OnePlus 13s को भी आकर्षक ऑफर्स के साथ खरीदा जा सकता है। कंपनी ने इस स्मार्टफोन को एक कॉम्पैक्ट फ्लैगशिप के रूप में 54,999 रुपए लॉन्च किया था लेकिन सेल के दौरान ग्राहकों को 2,000 रुपए का सीधा प्राइस डिस्काउंट दिया जा रहा है। इसके अलावा चुनिंदा बैंक कार्ड्स पर 3,000 रुपए का अतिरिक्त इंस्टेंट डिस्काउंट भी मिल रहा है। इन दोनों ऑफर्स का लाभ लेने के बाद OnePlus 13s की प्रभावी कीमत घटकर सिर्फ 49,999 रुपए रह जाती है।

OnePlus Nord 6 पर 2,000 रुपए का डिस्काउंट
Community Sale के दौरान OnePlus Nord 6 को आकर्षक बैंक ऑफर्स के साथ खरीदा जा सकता है। इस स्मार्टफोन की आधिकारिक कीमत 42,999 रुपए है, लेकिन चुनिंदा बैंक कार्ड्स से भुगतान करने पर 2,000 रुपए का इंस्टेंट डिस्काउंट मिल रहा है। इसके बाद फोन की प्रभावी कीमत घटकर 40,999 रुपए रह जाती है।

OnePlus Nord CE6 और Nord CE6 Lite पर 2000 की छूट
OnePlus Community Sale के दौरान कंपनी ने Nord CE6 और Nord CE6 Lite पर भी आकर्षक ऑफर्स पेश किए हैं। OnePlus Nord CE6, जिसे लॉन्च के समय 31,999 रुपए की कीमत पर उतारा गया था, अब सेल में सिर्फ 29,999 रुपए में खरीदा जा सकता है। वहीं, OnePlus Nord CE6 Lite खरीदने वाले ग्राहकों को 1,500 रुपए का इंस्टेंट बैंक डिस्काउंट मिल रहा है। इस ऑफर के बाद फोन की प्रभावी कीमत घटकर 21,499 रुपए रह जाती है।

अंबानी और जुकरबर्ग की साझेदारी से भारत का पहला AI डेटा सेंटर होगा स्थापित

रिलायंस इंडस्टीज के शेयर शुरुआती कारोबार में 1.53 प्रतिशत चढ़े

नई दिल्ली। Meta Data Centre: मुकेश अंबानी और मार्क जुकरबर्ग की नई साझेदारी से भारत में पहला AI से लैस डेटा सेंटर स्थापित होने जा रहा है। इस खबर के बाद रिलायंस इंडस्टीज के शेयर शुरुआती कारोबार में ही 1.53 प्रतिशत चढ़कर 1289 रुपये पर पहुंच गए।

सोशल मीडिया और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेक्टर की दिग्गज कंपनी Meta ने भारत में अपना पहला AI से लैस डेटा सेंटर स्थापित करने के लिए रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ साझेदारी की है। यह प्रोजेक्ट गुजरात के जामनगर में विकसित की जाएगी और इसे भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज 168 मेगावाट क्षमता वाला अत्याधुनिक डेटा सेंटर विकसित करेगी, जिसे अगले दो वर्षों में तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। भविष्य में इसकी क्षमता को और बढ़ाने का विकल्प भी मौजूद रहेगा।

मनीकंट्रोल की खबर के मुताबिक इस प्रोजेक्ट के तहत रिलायंस डेटा सेंटर की डिजाइनिंग, निर्माण, बिजली और यूटिलिटी मैनेजमेंट, रिन्यूअल एनर्जी सप्लाई, नेटवर्क कनेक्टिविटी और मैनेज्ड सर्विसेज जैसी सभी सेवाएं उपलब्ध कराएगी।

यह साझेदारी Meta और Reliance के बीच पहले से मौजूद रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करेगी। दोनों कंपनियां पहले भी भारत और कुछ अंतरराष्ट्रीय बाजारों के लिए AI आधारित एंटरप्राइज ससॅल्यूशन विकसित करने के लिए संयुक्त रूप से काम कर चुकी हैं।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा कि यह साझेदारी भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए एक परिवर्तनकारी क्षण है। उन्होंने कहा, “Meta जैसी ग्लोबल टेक्नोलॉजी कंपनी के लिए भारत का पहला विशेष AI डेटा सेंटर बनाना इस बात का प्रमाण है कि भारत वैश्विक AI क्रांति में अग्रणी भूमिका निभाने के लिए तैयार है। जामनगर भविष्य में हाइपरस्केल AI कंप्यूटिंग का प्रमुख केंद्र बनेगा।”

Meta के संस्थापक और CEO मार्क जुकरबर्ग ने कहा कि कंपनी भारत में अपना पहला AI-सक्षम डेटा सेंटर स्थापित करने को लेकर उत्साहित है। उन्होंने कहा, “जामनगर में बनने वाली यह विश्वस्तरीय सुविधा हमारी वैश्विक AI इंफ्रास्ट्रक्चर क्षमता को मजबूत करेगी और भारत की अर्थव्यवस्था में हमारे दीर्घकालिक निवेश को और गहरा बनाएगी।”

AI रेस में भारत की बड़ी छलांग
दुनियाभर में AI तकनीक को लेकर प्रतिस्पर्धा तेज हो रही है। ऐसे समय में Meta का भारत में AI डेटा सेंटर स्थापित करने का फैसला देश को वैश्विक AI इकोसिस्टम में मजबूत स्थिति दिला सकता है।

विशेषज्ञों का मानना है कि इस परियोजना से न केवल बड़े पैमाने पर निवेश आएगा, बल्कि डेटा सेंटर, क्लाउड कंप्यूटिंग, AI रिसर्च और डिजिटल सेवाओं के क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।