Tuesday, July 14, 2026
Home Blog Page 4827

वॉट्सऐप यूजर्स खतरे में, कंपनी ने तुरंत ऐप अपडेट करने को कहा

नई दिल्ली। वॉट्सऐप पर आई एक गड़बड़ी के चलते आप एक बड़े खतरे के करीब हैं। इजराइल के स्पाईवेयर की मदद से केवल एक मिस कॉल करके आपके फोन्स को हैक किया जा सकता था। हाल ही में एक सामने आई रिपोर्ट में कहा गया है कि यूजर्स को केवल एक वॉट्सऐप कॉल करके उनके फोन के कैमरा और माइक तक को हैक किया जा सकता था और यूजर्स के ईमेल से लेकर मेसेज और लोकेशन डेटा तक पता लगाए जा सकते थे।

वैसे तो वॉट्सऐप ने इसे गड़बड़ी को फिक्स कर दिया है, लेकिन अगर अबतक आपका ऐप अपडेट नहीं है तो आपके लिए यह खतरे की घंटी से कम नहीं है। वॉट्सऐप ने अपने सभी यूजर्स से फौरन ऐप अपडेट करने को कहा है। सिक्यॉरिटी रिसर्चर्स और वॉट्सऐप की ओर से भी कन्फर्म किया गया है कि यह स्पाईवेयर इजराइल के सीक्रेटिव एनएसओ ग्रुप ने डिवेलप किया है।

किसी को मिस कॉल करने भर से इसे फोन में डाला जा सकता है। द फाइनेंशल टाइम्स की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि यह एक बग था जो वॉट्सऐप के ऑडियो कॉल फीचर में आया था। वॉट्सऐप का कहना है कि इस गड़बड़ का पता चलते ही इसे पिछले महीने फिक्स कर दिया गया था, यूजर्स को सिर्फ अपना ऐप अपडेट रखना है।

मेसेजिंग ऐप्स की ओर से कहा गया है, ‘हम वॉट्सऐप यूजर्स से ऐप के लेटेस्ट वर्जन को डाउनलोड करने की अपील कर रहे हैं। साथ ही यूजर्स को अपना स्मार्टफोन और उसका ओएस भी अपडेट रखना चाहिए। ऐसे में जरूरी है कि फोन में मौजूद डेटा की सुरक्षा को लेकर यूजर्स भी जागरूकता दिखाएं और जल्द से जल्द ऐप को अपडेट कर लें।’

सिटिजन लैब्स के रिसर्चर्स के मुताबिक वॉट्सऐप में इस गड़बड़ी का पता मई की शुरुआत में लगा, जब यूके के एक मानवाधिकार से जुड़े वकील पर एनएसओ के इस प्रोग्राम के अटैक का मामला सामने आया है। बता दें, इजराइल का एनएसओ ग्रुप सरकार के लिए काम करता है और अलग-अलग तरीकों से जानकारी जुटाने के लिए प्रोग्राम बनाता है।

वॉट्सऐप ने अपने बयान में इस ग्रुप का जिक्र किए बिना कहा, ‘अटैक एक प्राइवेट कंपनी से जुड़ा हुआ था, जो मोबाइल फोन ऑपरेटिंग सिस्टम्स में सरकार के समर्थन से स्पाईवेयर डालती है।’ वहीं, एनएसओ ग्रुप ने इन आरोपों को नकारते हुए कहा है कि एनएसओ किसी भी स्थिति में ऐसे यूजर्स को निशाना नहीं बनाता और किसी यूजर या संगठन पर ऐसे अटैक का समर्थन नहीं करता।

Good News: अगले महीने से स्वतः ही मिलेगा GST रिफंड

0

नयी दिल्ली। वस्तु एवं सेवा निर्यातकों के साथ विशेष आर्थिक क्षेत्र (सेज) की इकाइयों के आपूर्तिकर्ताओं को जून से जीएसटी रिफंड स्वत: मिलने लगेगा। राजस्व विभाग करदाताओं के साथ आमना सामना किये बिना आनलाइन प्रणाली के जरिये रिफंड की जांच और दावों के त्वरित निपटान की योजना पर काम कर रहा है। अप्रत्यक्ष कर से जुड़े एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

जीएसटी के तहत ‘शून्य कर वाली’ माल आपूर्ति करने वाली इकाइयों के लिये रिफंड का दावा करने के दो विकल्प हैं, या तो वह बांड-एलयूटी (लेटर आफ अंडरटेकिंग) के तहत बिना एकीकृत कर का भुगतान किये निर्यात कर सकते हैं और माल पर दिये गये पूरे इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) के रिफंड दावा कर सकते हैं या फिर वह एकीकृत कर का भुगतान कर निर्यात कर सकता है और उसके बाद रिफंड का दावा कर सकता है।

निर्यातकों का जीएसटी रिफंड करोड़ों रुपये में है
फिलहाल स्वत: रिफंड की सुविधा केवल उन निर्यातकों को उपलब्ध है जिन्होंने वस्तुओं का निर्यात करते समय एकीकृत वस्तु और सेवा कर का भुगतान किया है। चूंकि जीएसटी नेटवर्क (जीएसटीएन) प्रणाली का सीमा शुल्क के साथ एकीकरण किया गया है, इसीलिए ऐसे निर्यातकों के रिफंड को एक पखवाड़े के भीतर आमतौर पर बैंक खातों में भेज दिया जाता है।

हालांकि, विनिर्माण निर्यातकों और सेज को आपूर्ति करने वालों को सामान्य पोर्टल पर आवेदन फार्म जीएसटी आरएफडी-01ए भरना होता है और उसके बाद फार्म का प्रिंट आउट के साथ अन्य जरूरी दस्तावेज संबंधित अधिकारी को दिया जाता है। एक बार इसके क्रियान्वयन के बाद ऐसे रिफंड में लगने वाला समय घटकर करीब एक पखवाड़ा रह जाएगा जिसमें अभी महीनों लग जाते हैं।

अधिकारी के मुताबिक राजस्व विभाग और जीएसटीएन अगले महीने तक कर रिफंड लेने की प्रक्रिया को आनलाइन करने की दिशा में काम कर रहा है। यह रिफंड प्रक्रिया को तेज बनाएगा तथा फर्जी रिफंड को खत्म करेगा। निर्यातकों का जीएसटी रिफंड करोड़ों रुपये में है और इन दावों के निपटान में किसी भी प्रकार की देरी से निर्यातकों की कार्यशील पूंजी फंस जाती है।

यह प्रणाली आरबीआई सर्वर से जुड़ेगी
एएमआरजी एंड एसोसिएट्स भागीदार रजत मोहन ने कहा कि सेवाओं के निर्यात के मामले में पूर्ण कंप्यूटरीकृत कर रिफंड व्यापक रूप से एकीकृत जीएसटी प्रणाली पर आधारित होगी। यह प्रणाली आरबीआई सर्वर से जुड़ेगी। इससे भुगतान प्राप्ति पर नजर रखी जा सकेगी और उसे स्वत: चालान स्तर की सूचना के साथ जोड़ेगा।

थोक महंगाई घटकर 3.07% के स्तर पर आई, लेकिन महंगी हुईं सब्जियां

नई दिल्ली। अप्रैल में थोक मूल्य आधारित महंगाई दर (WPI) ने राहत दी। मैन्यूफैक्चर्ड प्रोडक्ट्स की कीमतों में सुस्ती के दम पर इस महीने में थोक महंगाई घटकर 3.07 फीसदी पर आ गई, जबकि पिछले महीने यह आंकड़ा 3.18 फीसदी रहा था। हालांकि सब्जियों की थोक कीमतों में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई।

सरकार द्वारा मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, सब्जियों की कीमतों में 40.65 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जबकि बीते महीने यानी मार्च में यह आंकड़ा 28.13 फीसदी रहा था। हालांकि आलुओं की महंगाई मार्च के 1.30 फीसदी से घटकर अप्रैल में (-) 17.15 फीसदी रह गई।

खाद्य पदार्थों की महंगाई 4.95 फीसदी के स्तर पर
अप्रैल में खाद्य पदार्थों की महंगाई बढ़कर 4.95 फीसदी के स्तर पर पहुंच गई, जबकि बीते महीने यह 3.89 फीसदी रही थी। गैर खाद्य पदार्थों की महंगाई मार्च के 2.83 फीसदी से बढ़कर 5.23 फीसदी के स्तर पर पहुंच गई। मैन्यूफैक्चर्ड प्रोडक्ट्स महंगाई 1.72 फीसदी रही, जबकि मार्च में यह आंकड़ा 2.16 फीसदी रहा था।

खुदरा महंगाई ने दिया था झटका
इससे पहले सोमवार को अप्रैल के खुदरा महंगाई (Retail inflation) के आंकड़े आए थे। सब्जियों, मीट, मछली और अंडों की कीमतें बढ़ने से खुदरा महंगाई 2.92 फीसदी के स्तर पर पहुंच गई, जो 6 महीने उच्चतम स्तर है। जबकि पिछले महीने यानी मार्च, 2019 में यह आंकड़ा 2.86 फीसदी रहा था और अप्रैल, 2018 में महंगाई 4.58 फीसदी रही थी।

खाद्य पदार्थों की महंगाई में इजाफा
खुदरा महंगाई बढ़ने की मुख्य फूड बास्केट की महंगाई रही, जो अप्रैल में बढ़कर 1.1 फीसदी के स्तर पर पहुंच गई जबकि मार्च में यह आंकड़ा 0.3 फीसदी रहा था। वहीं सब्जियों की कीमतों में 2.87 फीसदी की बढ़त दर्ज की गई, जबकि मार्च, 2019 में कीमतों में कमी आई थी। हालांकि, अप्रैल में फलों की कीमतों में एक साल पहले समान महीने की तुलना में कमी दर्ज की गई।

हिना खान ‘कसौटी जिंदगी के 2’ से अलविदा, जानिए क्यों

बिग बॉस के घर से बाहर आने के बाद छोटे परदे की पॉप्युलर ऐक्ट्रेस हिना खान ने एकता कपूर के सीरियल ‘कसौटी जिंदगी के 2’ में एंट्री ली थी। शो में हिना की एंट्री की काफी चर्चा हुई थी। हिना खान इस शो कोमोलिका के रोल में दिखाई दे रही हैं। पिछले काफी समय से हिना के शो से अगल होने की खबरें आ रही हैं, लेकिन अब वह सच में शो को छोड़कर जा रही हैं। हाल ही हिना ने अपने आखिरी एपिसोड के लिए 12 मई, 2019 को शूटिंग की है।

हिना ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर लाइव करके फैंस को यह खबर दी कि कसौटी जिंदगी के सेट पर आज उनका आखिरी दिन है। लाइव के दौरान हिना भावुक हो गईं और कहा कि वह सभी को मिस करेंगी। शो के सभी कलाकारों और क्रू मेंबर्स हिना के लिए एक रेनबो केक लेकर आए थे। केक पर लिखा था, ‘हिना खान हम आपको मिस करेंगे।’

वहीं हिना के को-स्टार्स ने भी उन्हें बिदाई दी है। बता दें कि एकता कपूर का यह शो ‘कसौटी जिंदगी के 2’ लॉन्च के बाद से ही टीआरपी की लिस्ट में टॉप पर रहा है। दर्शकों को न सिर्फ शो की कहानी पसंद आ रही है बल्कि कोमोलिका के किरदार में हिना खान को भी लोग काफी पसंद कर रहे हैं।

हिना ने शो के बीच में एंट्री ली थी और कुछ ही समय में अपने स्वैग से दर्शकों का दिल जीत लिया था। अब वह अपने बॉलिवुड प्रॉजेक्ट्स के कारण हिना शो को अलविदा कहने जा रही हैं। हिना अपनी आगामी फिल्म की पूरी टीम के साथ फ्रेंच रिवेरा के लिए निकल चुकी हैं।

फ्रांस पहुंचीं हिना खान, शेयर की तस्वीर

‘आखिरकार हिना ने फ्रांस पहुंचते ही अपने इस सपने पूरे होने की खुशी अपने फैन्स से शेयर की। बता दें कि 14 मई से लेकर 25 मई तक चलने वाले इस कान फिल्म फेस्टिवल में बॉलिवुड इंडस्ट्री से कई ऐक्ट्रेसेस शामिल हो रही हैं। यहां पहुंच रहीं हिन्दी फिल्म ऐक्ट्रेसेस की बात करें तो उनमें ऐश्वर्या राय बच्चन, दीपिका पादुकोण, सोनम कपूर, कंगना रनौत, हुमा कुरैशी के नाम शामिल हैं और इस बार इस लिस्ट में नया नाम जुड़ने जा रहा है हिना खान का।

हिना Cannes 2019 के रेड कार्पेट पर अन्य बॉलिवुड ऐक्ट्रेसेस की तरह ही वॉक करती नजर आएंगी। हिना खान अपनी इस डेब्यू को लेकर काफी खुश हैं। उन्होंने पैरिस में आइफिल टावर के साथ वाली अपनी एक तस्वीर पोस्ट की है और कैप्शन में लिखा है, ‘शुरुआत से पहले… अपनी एनर्जी रीस्टोर कर रही हूं।’



दुनिया का पहला मुड़ने वाला PC ThinkPad ब्रैंडिंग के साथ होगा लॉन्च

नई दिल्ली। फोल्डिंग स्मार्टफोन्स 2019 की शुरुआत से ही मार्केट में आ चुके हैं और फ्यूचर टेक्नॉलजी पर चर्चा तेज हो चुकी है। टेक इंडस्ट्री फोल्डेबल स्क्रीन्स को लेकर नए एक्सपेरिमेंट्स लगातार कर रही है और अब लेनोवो फोल्डेबल स्क्रीन वाला पर्सनल कम्प्यूटर लेकर आया है। दुनिया का पहला मुड़ने वाला पीसी फिलहाल एक प्रोटोटाइप है और कंपनी की ओर से इसे बड़े स्केल पर आने वाले वक्त में तैयार किया जाएगा। लेनोवो ने फोल्डेबल टेक्नॉलजी को एक कदम आगे ले जाते हुए बड़ स्केल पर लैपटॉप जैसा यह डिवाइस अनाउंस किया है।

The Verge की मानें तो लेनोवो का यह फोल्डेबल ThinkPad केवल एक कूल डेमो नहीं है, बल्कि कंपनी इसे पिछले तीन साल से डिवेलप कर रही है। इस डिवाइस का डेमो विडियो और फोटोज सामने आई हैं और कंपनी फाइनल डिवाइस को 2020 में प्रीमियम ThinkPad X1 ब्रैंडिंग के साथ लॉन्च करने की तैयारी में है। इसे डिवेलप करने को लेकर कंपनी की चाहत यूजर्स को ऐसा डिवाइस देने की है, जो लैपटॉप के सभी फीचर्स यूजर्स को दे सके, न कि टैबलेट जैसे किसी सेकेंडरी डिवाइस की तरह काम करे।

अगर सीधे इस सवाल को समझें कि मुड़ने वाला पीसी क्यों, तो जवाब है पोर्टेबिलिटी, यानी कि इसे आसानी से अपने साथ रखा जा सकेगा और यूजर्स एक से दूसरी जगह लेकर चल सकेंगे। हालांकि, फोल्डेबल फोन्स से इस डिवाइस की तुलना करें तो मामला बिल्कुल उल्टा है। फोल्डेबल फोन बनाने वाले सैमसंग या हुवावे जैसी कंपनियां रेग्युलर फोन के साइज में ही यूजर्स को बड़ी स्क्रीन दे रही हैं। इससे उलट लेनोवो के इस फोल्डेबल पीसी का मकसद फुल-साइज पीसी को छोटा करते हुए सभी फीचर्स देना है।

फोल्डेबल पीसी के डिजाइन की बात करें तो इसमें 13.3 इंच का 4:3 2K OLED डिस्प्ले दिया गया है। यह किसी किताब की तरह बीच से फोल्ड किया जा सकता है। इसका वजन कितना होगा इसे लेकर ऑफिशली कोई जानकारी नहीं आई है, लेकिन कंपनी का दावा है यह 1 किलोग्राम से कम होगा। इस तरह यूजर्स किसी किताब की तरह ही इसे अपने साथ रख सकेंगे। इसे ओपन करने पर जहां एक फुल साइज लैपटॉप की स्क्रीन जितना स्पेस मिलता है, वहीं फोल्ड करते ही यह साइज में नॉर्मल लैपटॉप का आधा रह जाता है।

फिलहाल यह एक प्रोटोटाइप है और इसे सॉफ्टवेयर से लेकर हार्डवेयर तक फिनिशिंग की जरूरत है। कंपनी का दावा है कि इससे वायरलेस कीबोर्ड या ट्रैकपैड भी आसानी से अटैच किया जा सकेगा और ऐसे में यह स्क्रीन की तरह काम करेगा। बाकी टच इनपुट्स रिसीव करने के चलते हाफ-फोल्ड करके इसे लैपटॉप की तरह ही यूज किया जा सकेगा और आधी स्क्रीन पर टच की-बोर्ड यूजर्स को मिल जाएगा। इसमें कोई शक नहीं कि नई टेक्नॉलजी पीसी एक्सपीरियंस को पूरी तरह बदल देगी, लेकिन डिवाइस को खरीदने के लिए अभी थोड़ा इंतजार यूजर्स को करना होगा।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार छठे दिन गिरावट, जानिए आज के दाम

नई दिल्ली। कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद भारतीय तेल सबाजार में इसका विपरीत असर दिखाई दे रहा है। मंगलवार को देश की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कमी की। पिछले 6 दिनों से पेट्रोल डीजल की कीमतों में गिरावट का सिलसिला जारी है। आज भी पेट्रोल की कीमतों में 25 पैसे तक और डीजल की कीमतों में 12 पैसे तक की गिरावट जारी है।

मंगलवार को दिल्ली में पेट्रोल 25 पैसे की गिरावट के साथ 71.18 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 76.77 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 73.85 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है, वहीं चेन्नई में पेट्रोल 73.85 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

मंगलवार को दिल्ली में डीजल की कीमत में गिरावट के बाद 65.86 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में डीजल 68.98 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में डीजल 67.59 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं चेन्नई में डीजल 69.59 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में मंगलवार को सुबह के कारोबारी सत्र में ब्रेंट क्रूड ऑयल 0.34 फीसदी की तेजी के साथ 70.47 डॉलर प्रति बैरल और WTI क्रूड 0.31 फीसदी की तेजी के साथ 61.23 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है।

हरे निशान के साथ खुला बाजार, बाद में सेंसेक्स, निफ्टी दोनों फिसले

मुंबई। कई दिनों की बड़ी गिरावट के बाद मंगलवार को शेयर बाजार में मामूली उछाल आया। 30 शेयरों वाला बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 55.76 (0.15%) अंकों की तेजी के साथ 37,146.58 पर खुला। 50 शेयरों वाले निफ्टी में भी 3.45 (0.03%) अंकों की मामूली तेजी दर्ज हुई। यह 11,151.65 पर खुला। हालांकि मार्केट ओपन होने के बाद यह मामूली उछाल भी ठहर नहीं सकी और सेंसेक्स, निफ्टी दोनों में गिरावट दर्ज की गई।

शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स के 10 कंपनियों के शेयर फायदे में नजर आए। सनफार्मा, 412.70, वीईडीएल 156.0, रिलायंस, 1.06%, आईटीसी 0.93%, आईसीआईसीआई 0.90%, बजाज फाइनैंस 0.34% और टीसीएस के शेयर में 0.31% की तेजी देखी गई। वहीं एचडीएफसी, टाटा मोटर्स, भारती एयरटेल, कोटक बैंक, मारुति, कोल इंडिया, एशियनपेंट्स, ओएनजीसी और टाटा स्टील के शेयर नुकसान में दिखे।

निफ्टी की बात करें तो शुरुआत में 18 कंपनियों के शेयरों में तेजी रही और बाकी 32 में गिरावट दर्ज की गई। सनफार्मा, यस बैंक और बजाज फाइनैंस में तेजी नजर आई। बता दें कि ईरान और वेनेजुएला से तेल की सप्लाइ घटने की वजह से भी शेयर बाजार गिर रहा है। ईरान में सऊदी अरब के तेल टैंकरों पर हमला हुआ है और यहां तनाव बढ़ गया है।

उधर चीन ने अमेरिका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्र्ंप की धमकी के बावजूद जवाबी आयात शुल्क लगा दिया है। चीन और अमेरिका के बीच बढ़ते व्यापारिक तनाव का असर स्पष्ट नजर आ रहा है। विदेशी फंड के शेयरों की बिकवाली रुक नहीं रही है और इसलिए शेयर बाजार का प्रदर्शन निराशाजनक बना हुआ है।

ट्रेड वॉर टेंशन से 9 सत्र में निवेशकों के 8.53 लाख करोड़ रुपये डूबे

नई दिल्ली।अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वॉर टेंशन से शेयर बाजार के निवेशकों को बड़ा झटका लगा है। पिछले 9 सत्रों में बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 1,941 पॉइंट टूट चुका है और निवेशकों के 8.53 लाख करोड़ रुपये डूब चुके हैं।

सोमवार को सेंसेक्स 372.17 (0.99 फीसदी) अंक गिरकर 37,090.82 पर बंद हुआ। यह लगातार नौवां सत्र था जब सेंसेक्स लाल निशान में बंद हुआ। बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 9 सत्रों में 8,53,788.75 करोड़ रुपये कम हो गया है। 26 अप्रैल से 13 मई के बीच सूचकांक 1940.73 अंकों का गोता लगा चुका है।

सोमवार को सबसे ज्यादा सन फार्मा का शेयर 9.39 प्रतिशत घटकर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 20 प्रतिशत तक गिर गया था। यस बैंक, टाटा स्टील और इंडसइंड बैंक के शेयरों में भी 5.58 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।

अमेरिका और चीन के बीच व्यापार वार्ता शुक्रवार को बिना किसी नतीजे पर पहुंचे समाप्त हो जाने से ज्यादातर एशियाई बाजारों में गिरावट का रुख रहा। बाजार से विदेशी पूंजी की निकासी होने से भी निवेशकों में चिंता रही।

कंपनी मामलों के सचिव इंजेती श्रीनिवास ने कहा है कि गैर- बैंकिंग वित्त कंपनियों के क्षेत्र में जल्द ही संकट की स्थिति आ सकती है। कुछ बड़ी कंपनियों के जरूरत से ज्यादा जोखिम उठाने और रिण में कमी के कारण क्षेत्र की स्थिति बिगड़ने के कगार पर है। इससे निवेशकों की धारणा पर दुष्प्रभाव पड़ा है।

JEE Main (2) का रिजल्ट कल होगा घोषित, ऐसे करें चेक

नई दिल्ली। नैशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) 15 मई को जेईई मेन पेपर 2 के रिजल्ट की घोषणा करेगी। इस रिजल्ट को आप एनटीए की ऑफिशल वेबसाइट jeemain.nic.in पर जाकर देख पाएंगे। बता दें नैशनल टेस्टिंग एजेंसी ने जेईई मेन पेपर 1 के रिजल्ट की घोषणा 29 अप्रैल को कर दी थी। पहले इस रिजल्ट को 30 अप्रैल को घोषित किया जाना था लेकिन इसे तय समय से पहले घोषित कर दिया गया।

एनटीए के पुराने रिकॉर्ड को देखें तो JEE Main Paper 1 के रिजल्ट की तरह जेईई मेन पेपर 2 का रिजल्ट भी तय समय से पहले घोषित किया जा सकता है। इसलिए आवेदक ऑफिशल वेबसाइट को समय-समय पर चेक करते रहें।

JEE Main Exam को पास करने के बाद आवेदक को NITs, IIITs, CFTIs, SFIs और राज्य के प्रमुख इंजिनियरिंग कॉलेज में ऐडमिशन मिलता है इन इंस्टीट्यूट्स के टेक्निकल कोर्सेस में प्रवेश ऑल इंडिया रैंकिंग के आधार पर मिलता है। इस पेपर में रीएवोल्यूशन का कोई प्रावधान नहीं है। फाइनल आंसर की के आधार पर रिजल्ट घोषित किया जाता है।

JEE Main 2019 का आयोजन 7 अप्रैल से 20 अप्रैल 2019 तक किया गया था। यह JEE Main पेपर को दो शिफ्ट में आयोजित किया गया था पहली शिफ्ट सुबह 9.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक आयोजित की गई थी वहीं दूसरी शिफ्ट का आयोजन दोपहर 2.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक किया गया था।

सैमसंग गैलेक्सी M40 अगले महीने होगा लॉन्च, कीमत 25000 रुपये

नई दिल्ली।साउथ कोरिया की कंपनी सैमसंग अगले महीने की शुरुआत में अपना नया फोन Samsung Galaxy M40 भारत में लॉन्च करेगी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसकी कीमत 25,000 रुपये के आस-पास होगी। कंपनी का कहना है कि गैलेक्सी ‘एम40’ क्वॉलकम स्नैपड्रैगन प्रोसेसर और ट्रिपल कैमरा सिस्टम से लैस इस सीरीज का सबसे पावरफुल फोन होगा।

एम सीरीज के पहले तीन स्मार्टफोन -गैलेक्सी ‘एम10’, ‘एम20’ और ‘एम30’ एक्सीनोस प्रोसेसरों पर चलते हैं, लेकिन नए फोन में इससे ज्यादा जबरदस्त प्रोसेसर का इस्तेमाल होगा। सैमसंग ‘एम40’ स्मार्टफोन में ‘होल-इन-डिस्प्ले’ जैसे अपने कुछ प्रमुख फीचर्स भी दिए जा सकते हैं, जो अभी सिर्फ कंपनी की प्रमुख ‘एस10’ सीरीज में है।

बात की जाए फोन के स्पेसिफिकेशन्स की तो अब तक लीक हुई जानकारी के मुताबिक, M40 कंपनी के लेटेस्ट One UI पर बेस्ड ऐंड्रॉयड 9 पाई पर चलेगा। इतना ही नहीं इसमें 128GB इंटरनल स्टोरेज और 5,000 mAh की बैटरी दिए जाने की भी बात कही जा रही है।

बता दें कि सैमसंग इंडिया ने गैलेक्सी ‘एम30’ को फरवरी में दो स्टोरेज वेरियंट में लॉन्च किया था। इसकी शुरुआती कीमत 14,990 रुपये थी। ‘एम30’ का 6जीबी रैम और 128जीबी इंटरनल स्टोरेज वाला वेरियंट 17,990 रुपये और 4जीबी रैम और 64 जीबी इंटरनल स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत 14,990 रुपये रखी गई है। सैमसंग ने इससे पहले जनवरी में ‘एम10’ और ‘एम20’ लॉन्च किए थे।