Monday, July 13, 2026
Home Blog Page 4811

अब स्कूलों से नहीं भाग पाएंगे टीचर्स, छुट्टियों का भी देना होगा ब्यौरा

नई दिल्ली। शिक्षा में सुधार लाने के लिए और शिक्षकों द्वारा बरती जाने वाली कोताही से निपटने के लिए गुजरात सरकार मे एक नया फंडा अपनाया है। अब सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले शिक्षकों के लिए क्लास छोड़कर गायब होना काफी मुश्किल हो जाएगा। गुजरात सरकार ने एक ऐसे कॉल सेंटर का निर्माण किया है। जहां से शिक्षकों को फोन किया जाएगा।

इस फोन कॉल में शिक्षकों से उनकी लोकेशन, पूरे दिन किए गए काम की जानकारी मांगी जाएगी। इसी तरह यदि कोई शिक्षक किसी दिन छुट्टी पर है तो उन्हें यह बताना होगा कि वह कितने दिन की छुट्टी पर हैं और उन्हें किसने अनुमति दी है।

इस रियल टाइम सर्विलांस प्लास से सरकारी स्कूलों को लगभग 1.95 लाख शिक्षकों पर नजर रखी जाएगी। यह नई प्रक्रिया 10 जून के बाद नए शैक्षणिक सत्र से शुरू होगी। इस टेक्नोलॉजी के जरिए सरकार का मकसद शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना है। अधिकारियों का कहना है कि इस सिस्टम को कई तरह की रिपोर्ट्स और विचार-विमर्श के बाद तैयार किया गया है।

इस नए सिस्टम से शिक्षकों के साथ-साथ स्कूल परिसर में किसी भी मोबाइल या जीपीएस डिवाइस की एंट्री या एग्जिट पर भी अलर्ट जारी होगा। इसे गांधीनगर में बने कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से ऑपरेट किया जाएगा।

इस सेंटर में 50 लोग काम करेंगे। इस सभी कर्मचारियों की नियुक्ति शिक्षा अभियान और प्राथमिक शिक्षा निदेशालय के तहत की जा रही है। यह ऑपरेशन मुख्य सचिव विनोद राव के नेतृत्व में काम करेगा।

राजस्थान बोर्ड : 12वीं आर्ट्स का रिजल्ट कल, शिक्षा राज्य मंत्री ने की घोषणा

अजमेर। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं आर्ट्स का परिणाम बुधवार दोपहर तीन बजे घोषित किया जाएगा। परिणाम जारी करने की घोषणा शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद डोटासरा ने ट्वीट करके की है। हालांकि बोर्ड प्रशासन सोमवार देर शाम तक भी इस बात को सार्वजनिक करने से बचता रहा था। आर्ट्स के इस परिणाम के बाद 10वीं के परिणाम जारी करने की कवायद शुरू की जाएगी।

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने इस सत्र में दो मार्च से सीनियर सैकंडरी परीक्षाएं शुरू की थी। जबकि 14 मार्च से सैकंडरी की परीक्षाएं शुरू की गई थी। 15 मई को साइंस और कॉमर्स का परिणाम घोषित कर दिया गया था। अब बुधवार को आर्ट्स संकाय का परिणाम जारी किया जाएगा। इस बार प्रदेश भर से इस संकाय में 5 लाख 76 हजार 835 परीक्षार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। आर्ट्स में साइंस और कॉमर्स संकाय से ज्यादा परीक्षार्थी होने से आखिरी में घोषित किया जाता है।

पूरी की गई तैयारियां
शिक्षा राज्य मंत्री गोविंद डोटासरा ने अपने ट्वीटर अकाउंट पर जानकारी देते हुए कहा है कि “कल शाम (बुधवार दोपहर) 3 बजे’ कला का परिणाम जारी किया जाएगा। विभाग ने सभी तैयारियां पूरी कर ली है। इस घोषणा के बाद ही बोर्ड ऑफिस में सचिव मेघना चौधरी ने सभी बोर्ड के संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर परिणाम जारी करने की तैयारियों का जायजा लिया है।

Hyundai Venue SUV भारत में लॉन्च, कीमत 6.50 लाख रुपये से शुरू

नई दिल्ली।Hyundai ने अपनी बहुप्रतीक्षित सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी Venue को भारत में लॉन्च कर दिया। Hyundai Venue तीन इंजन और चार वेरियंट ऑप्शन में बाजार में उतारी गई है। इसकी शुरुआती एक्स शोरूम कीमत 6.50 लाख रुपये है। ह्यूंदै की यह पहली सब-कॉम्पैक्ट एसयूवी है। साथ ही यह कंपनी की भारत में पहली कार है, जो ब्लूलिंक टेक्नॉलजी के साथ उपलब्ध है। ह्यूंदै ने इसे भारत की पहली कनेक्टेड एसयूवी के नाम से पेश किया है।

इंजन : ह्यूंदै वेन्यू में दो पेट्रोल और एक डीजल इंजन है। एक 1.2-लीटर का पेट्रोल इंजन है, जो 82 bhp का पावर और 114 Nm पीक टॉर्क जनरेट करता है। दूसरा 1.4-लीटर डीजल इंजन है, जो 89 bhp का पावर और 220 Nm पीक टॉर्क जनरेट करता है। तीसरा 1.0-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन है, जो 118 bhp का पावर और 172 Nm पीक टॉर्क जनरेट करता है।

ट्रांसमिशन:1.2-लीटर वाले पेट्रोल इंजन 5-स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स और 1.4-लीटर डीजल इंजन 6-स्पीड मैन्युअल गियरबॉक्स से लैस है। 1.0-लीटर टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन के साथ 6-स्पीड मैन्युअल और 7-स्पीड ड्यूल-क्चल ट्रांसमिशन का ऑप्शन दिया गया है।

एक्सटीरियर और इंटीरियर:वेन्यू की डिजाइन काफी बोल्ड है। एसयूवी में केसकेडिंग ग्रिल, नए हेडलैम्प्स, प्रोजेक्टर फॉग लैम्प्स, एलईडी टेललैम्प्स और 16-इंच डायमंड कट अलॉय वील्ज दिए गए हैं। साइड में स्ट्रॉन्ग कैरेक्टर लाइन्स इसके लुक को स्पोर्टी बनाते हैं।

एसयूवी में प्रीमियम लेजर कट फिनिश डैशबोर्ड और फैब्रिक व लेदर फिनिश सीट्स दी गई हैं, जो कैबिन को प्रीमियम फील देते हैं। इसके अलावा इसमें स्लाइडिंग फ्रंट आर्म रेस्ट और कप होल्डर के साथ रियर सेंटर आर्म रेस्ट दिया गया है। वेन्यू का बूट स्पेस 350-लीटर का है।

फीचर्स: ह्यूंदै ने वेन्यू एसयूवी को शानदार फीचर्स से लैस करके बाजार में उतारा है। इसमें इलेक्ट्रिक सनरूफ, ऐपल कारप्ले और ऐंड्रॉयड ऑटो के साथ 8-इंच टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, रियर एसी वेंट्स और वायरलेस चार्जिंग जैसे फीचर्स हैं। सेफ्टी की बात करें, तो ईबीडी के साथ एबीएस, 6-एयरबैग्स, रियर पार्किंग सेंसर्स, रियर कैमरा, ईएससी और हिल लॉन्च असिस्ट जैसे फीचर्स मौजूद हैं।

रेवेन्यू के मामले में भारत की सबसे बड़ी कंपनी बनी रिलायंस इंडस्ट्रीज

नई दिल्ली। मुकेश अंबानी के स्वामित्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वित्त वर्ष 2018-19 में इंडियन ऑयल को पीछे छोड़कर आरआईएल (RIL) रेवेन्यू के मामले में भारत की सबसे बड़ी कंपनी बन गई। आरआईएल ने 5.67 लाख करोड़ रुपए के रेवेन्यू अर्जित करके इंडियन ऑयल (Indian Oil) यानी आईओसी (IOC) की 11 साल की बादशाहत खत्म की।

ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वित्त वर्ष 2018-19 के दौरान आरआईएल का रेवेन्यू 44.8 फीसदी की बढ़त के साथ 5.67 लाख करोड़ रुपए के स्तर पर पहुंच गया, वहीं आईओसी का रेवेन्यू 28.03 फीसदी बढ़कर 5.28 लाख करोड़ रुपए के स्तर पर पहुंच गया। अगर रोजाना का औसत निकालें तो वित्त वर्ष के दौरान आरआईएल ने रोज 1553 करोड़ रुपए और आईओसी ने लगभग 1446 करोड़ रुपए का रेवेन्यू हासिल किया। इस प्रकार आरआईएल की तुलना में आईओसी का रेवेन्यू पूरे साल में लगभग 38,986 करोड़ रुपए कम रहा।

रेवेन्यू, मुनाफे और मार्केट कैप तीनों मानक पर सबसे बड़ी कंपनी बनी
इस उपलब्धि के साथ आरआईएल रेवेन्यू, मुनाफे और मार्केट कैप सभी तीनों मानकों पर देश की सबसे बड़ी कंपनी बन गई है। मजबूत रिफाइनिंग मार्जिन और रिटेल बिजनेस पर जोर दिए जाने से आरआईएल ने वित्त वर्ष 2010 और वित्त वर्ष 2019 के बीच 14.1 फीसदी सीएजीआर ग्रोथ दर्ज की थी। इसके विपरीत आईओसी का रेवेन्यू इस अवधि के दौरान सिर्फ 6.3 फीसदी की दर से बढ़ा।

8.4 लाख करोड़ के स्तर पर आरआईएल की मार्केट कैप
सोमवार को आरआईएल की मार्केट कैप बढ़कर 8.4 लाख करोड़ रुपए के स्तर पर पहुंच गई थी, जो निफ्टी की कुल मार्केट वैल्यू 86.4 लाख करोड़ रुपए का 10वां हिस्सा है। कंपनी की इंडेक्स की कंपनियों के कुल रेवेन्यू और प्रॉफिट में भी लगभग इतनी हिस्सेदारी है।

मई में उच्चतम स्तर पर पहुंचा था आरआईएल का शेयर
मई में उच्चतम स्तर छूने के बाद आरआईएल का शेयर बिकवाली की चपेट में आ गया था और महज 12 दिनों के भीतर इसमें 12.5 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई थी। तब से शेयर लगभग 7.6 फीसदी मजबूत हो चुका है। वहीं वित्त वर्ष की चौथी तिमाही के दौरान फ्यूल रिटेलर कंपनी आईओसी का मार्जिन बढ़ गया था।

कम हो सकता है आपके TV का बिल, TRAI जारी करेगा नया नियम

नई दिल्ली। केबल और DTH ऑपरेटर्स के लिए TRAI का नया फ्रेमवर्क 1 फरवरी से लागू हो गया था। ऐसे में अब ट्राई उपभोक्ताओं के मासिक केबल और डीटीएच बिलों को कम करने के उद्देश्य से एक परामर्श पत्र जारी करने पर विचार कर रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि ट्राई की नई मूल्य निर्धारण प्रणाली, जिसने टीवी देखने को और अधिक किफायती बनाने का लक्ष्य रखा था लेकिन योजना के अनुसार यह काम नहीं कर पाया है।

नाम ना बताने की शर्त पर ट्राई के एक अधिकारी ने बताया कि ब्रॉडकास्टिंग टैरिफ कम करने के लिए काम जारी है। उन्होंने कहा, “हमें यह देखना होगा कि ऐसा करने के लिए किस तरह का तंत्र अपनाया जा सकता है,” उन्होंने कहा कि टैरिफ में कटौती की जा सकती है। अधिकारी ने बताया कि ग्राहकों की ओर से लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए ट्राई बड़ा कदम उठा सकता है।

वहीं ट्राई हॉटस्टार, एयरटेल टीवी और सोनी लिव जैसी ओवर दी टॉप (ओटीटी) ऐप्स को टीवी चैनलों की तरह एक लाइसेंस फ्रेमवर्क के तहत लाने पर विचार कर रहा है। ट्राई ने हाल ही में टीवी चैनलों को सस्ता करने के लिए नया टैरिफ प्लान लागू किया था। ओटीटी पर टीवी चैनल्स को ऐप पर बिना किसी रेग्युलेशन के दिखाया जाता है।

एक सीनियर अधिकारी ने बताया, ‘टीवी प्रोग्राम का लाइसेंस रजिस्टर्ड ब्रॉडकास्टर्स को दिया जाता है। फिर ये ब्रॉडकास्टर्स लाइसेंसिंग फ्रेमवर्क के तहत कॉन्टेंट को केबल ऑपरेटर्स को देते हैं। अगर कोई थर्ड पार्टी ऐप इसी चैनल को बिना कैरिज चार्ज और लाइसेंस फीस के दिखा रहा है तो उससे असमानता आती है।’ उन्होंने कहा, ‘या तो दोनों को लाइसेंस व्यवस्था के अंदर लाया जाना चाहिए या किसी को भी नहीं।’ इस मामले में ट्राई जुलाई-अगस्त तक एक कंसल्टेशन पेपर ला सकता है।

10 साल के लिए दिया जाता है ब्रॉडकास्टिंग लाइसेंस
भारत में ब्रॉडकास्टिंग लाइसेंस 10 साल के लिए दिया जाता है। लाइसेंस लेने वाले को केबल टीवी (रेग्युलेशन) ऐक्ट के तहत प्रोग्रामिंग और ऐडवर्टाइजिंग कोड का पालन करना होता है। चैनलों को सूचना और प्रसारण मंत्रालय की गाइडलाइंस के मुताबिक काम करना पड़ता है। इसके उलट ऐप्स को आईटी एक्ट के तहत गवर्न किया जाता है, लेकिन इनका कोई लाइसेंस नहीं होता।

BS6 वाली मर्सेडीज Benz E Class LWB भारत में लॉन्च

नई दिल्ली। Mercedes-Benz ने भारत में अपनी सबसे पॉप्युलर सिडैन कार E-Class लॉन्ग वीलबेस वर्जन को BS-VI इंजन के साथ लॉन्च किया है। Mercedes-Benz E-Class LWB पेट्रोल और डीजल, दोनों इंजन ऑप्शन में उपलब्ध है। इस लग्जरी सिडैन कार की कीमत 57.50 लाख से 62.50 लाख रुपये के बीच है। कार का पेट्रोल मॉडल E 200 और डीजल मॉडल E 220d नाम से उपलब्ध है। दोनों इंजन ऑप्शन में यह कार दो-दो वेरियंट (Expression और Exclusive) में पेश की गई है।

मर्सेडीज की इस लग्जरी कार के E 200 मॉडल में 2.0-लीटर, 4-सिलिंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है। यह इंजन 194 bhp का पावर और 320 Nm पीक टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी का दावा है कि पेट्रोल इंजन वाली यह कार मात्र 8 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है।

E 220d मॉडल में 2.0-लीटर, 4-सिलिंडर डीजल इंजन है, जो 197 bhp का पावर और 400 Nm पीक टॉर्क जनरेट करता है। पेट्रोल वेरियंट की तुलना में डीजल वेरियंट ज्यादा फास्ट है। कंपनी का दावा है कि कार का डीजल वेरियंट मात्र 7.3 सेकंड में 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार पकड़ लेता है। दोनों इंजन 9-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन से लैस हैं और बीएस6 एमिशन नॉर्म्स के अनुकूल हैं।

इंटीरियर
इंजन के अलावा ई-क्लास लॉन्ग वील बेस के इंटीरियर में भी कई अपडेट किए गए हैं। इसकी सीट्स अब वर्टिकल स्टिचिंग पैटर्न और फ्लोर कारपेट कलर में दी गई हैं। इसकी अपहोल्स्ट्री अर्टिको लेदर फिनिश है। इसके अलावा कार में प्रीमियम क्वॉलिटी वाला वेलोर फ्लोर मैट दिए गए हैं।

फीचर्स
कैबिन में 12.3-इंच का इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले, 13-स्पीकर और 590 वाट बर्मेस्टर साउंड सिस्टम दिया गया है। ई-क्लास लॉन्ग वील बेस में इलेक्ट्रॉनिक स्टैबिलिटी प्रोग्राम (ESP), फुल एलईडी हेडलैम्प्स, ऐक्टिव पार्किंग असिस्ट, अडैप्टिव ब्रेक लाइट्स और 7 एयरबैग्स जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड यानी सभी वेरियंट में हैं।

सट्टा बाजार में भी मोदी के दोबारा प्रधानमंत्री बनने की संभावना

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव परिणाम से ठीक पहले हुए एग्जिट पोल के ज्यादातर नतीजों में देश में भगवा परचम फहराने के अनुमानों के बीच सट्टा बाजार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर मेहरबान नजर आ रहा है। एग्जिट पोल के नतीजों की तरह ही सट्टा बाजार में भी लोकसभा चुनाव में पीएम मोदी के नेतृत्‍व में एनडीए की जीत बताई जा रही है। हालांकि मुंबई को छोड़कर ज्‍यादातर जगहों के सट्टेबाज एग्जिट पोल की तुलना में कुछ कम सीटें दे रहे हैं।

सात चरणों में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में कई शहरों के सट्टा बाजार बीजेपी को 238 से 245 सीटें दे रहे हैं। राजस्थान में सट्टेबाज बीजेपी को 242-245 सीटें दे रहे हैं, जबकि दिल्ली के सट्टा बाजार में यह संख्या 238-241 है। मुंबई में सट्टेबाज एनडीए के साथ खड़े हैं। उनका मानना है कि बीजेपी-एनडीए आसानी से 300 का जादुई आंकड़ा पार कर सकती है जबकि 543 सदस्‍यों वाली लोकसभा में जीत के लिए 272 सीटों की जरूरत है।

बीजेपी के बहुमत नहीं मिलने पर भी लगा रहे हैं पैसा’
सट्टा बाजार में सट्टेबाज अन्‍य दलों की जीत और बीजेपी के बहुमत नहीं मिलने पर भी पैसा लगा रहे हैं। मुंबई के सट्टेबाजों के मुताबिक कांग्रेस के नेतृत्‍व में महागठबंधन 150 सीटों के साथ एनडीए से काफी पीछे रह सकता है। बाकी बची सीटें अन्‍य दलों को मिलेंगी। यही नहीं देश के व्‍यवसायियों में भी पीएम मोदी का ज्‍यादा समर्थन दिख रहा है। बता दें कि वर्ष 2014 के चुनाव में बीजेपी ने 282 सीटें जीती थीं, जबकि अन्य सहयोगी दलों के साथ एनडीए की कुल 336 सीटें थीं।

ज्यादातर एग्जिट पोल में बीजेपी को अकेले बहुमत के करीब दिखाया गया है, वहीं सट्टा बाजार में यह आंकड़ा कुछ कम है लेकिन एनडीए को वे पूर्ण बहुमत दे रहे हैं। सी वोटर के एग्जिट पोल में बीजेपी को 236 सीटें मिलने का अनुमान है। यह सट्टा बाजार के आकलन के करीब है। सट्टा बाजार का मानना है कि कांग्रेस 75-82 सीटें जीत सकती है। कई एग्जिट पोल के नतीजे बताते हैं कि एनडीए को 312, यूपीए को 110 और अन्य को 98 सीटें मिल सकती हैं।

गुजरात में बीजेपी को 23 सीट मिलने का अनुमान
यही नहीं कुछ सट्टेबाज एनडीए की हार पर भी पैसा लगा रहे हैं ताकि अगर 23 मई को वास्‍तव में ऐसा हो तो उनके नुकसान की भरपाई हो सके। इससे पहले वर्ष 2014 में बड़ी संख्‍या में सट्टेबाजों ने एनडीए की जीत पर पैसा लगाया था लेकिन उन्‍हें यह अनुमान नहीं था कि भगवा पार्टी को इतनी बड़ी जीत हासिल होगी। इस वजह से कई सट्टेबाजों को काफी नुकसान उठाना पड़ा था।

शीला दीक्षित की हार-जीत पर टिकी प्रदेश कांग्रेस
सट्टा बाजार का अनुमान है कि गुजरात में बीजेपी 23, उत्‍तर प्रदेश में 42, महाराष्‍ट्र में 33, मध्‍य प्रदेश में 22 और राजस्‍थान में 21 सीटों पर जीत हासिल कर सकती है। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के सात चरणों की वोटिंग पूरी होने के साथ ही 542 सीटों पर प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई है। अंतिम परिणाम तो 23 मई को आएंगे लेकिन विभिन्न एग्जिट पोल्स के अनुमान बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन के लिए बेहतर दिख रहे हैं। सभी एग्जिट पोल्स में बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए को बहुमत मिलता दिख रहा है जबकि यूपीए और अन्य पिछड़ते नजर आ रहे हैं।

‘एग्जिट पोल के अनुसार एनडीए गठबंधन को 306 सीटें’
एग्जिट पोल के अनुसार, एनडीए गठबंधन को 306 सीटें मिल रही हैं। जबकि यूपीए को 132 सीटें मिलने का अनुमान है, अन्य को 104 सीटें मिलती दिख रही हैं। यानी एनडीए गठबंधन आसानी से बहुमत का आंकड़ा पार करते हुए दिख रहा है। जन की बात के एग्जिट पोल के अनुसार एनडीए गठबंधन को 305 सीटें मिलने का अनुमान है। यूपीए को 124 जबकि अन्य को 113 सीटें मिल सकती हैं। जन की बात के एग्जिट पोल के अनुसार भी एनडीए गठबंधन आसानी से केंद्र में सरकार बनाती दिख रही है।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी जारी

नई दिल्ली। कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी होने के चलते इसका असर लगातार दूसरे दिन भी भारतीय तेल बाजार में दिख रहा है। मंगलवार को भारत की सबसे बड़ी तेल कंपनी इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी की। पेट्रोल की कीमतों में 5 पैसे की बढ़ोतरी की गई जबकि डीजल की कीमतों में 9 से 10 पैसे की बढ़ोतरी की गई है।

मंगलवार को राजधानी दिल्ली में 5 पैसे की बढ़ोतरी के साथ पेट्रोल 71.17 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में 5 पैसे की बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल 76.78 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 5 पैसे की बढ़ोतरी के बाद 73.24 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। चेन्नई में 5 पैसे की बढ़ोतरी के बाद पेट्रोल 73.87 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

राजधानी दिल्ली में डीजल 9 पैसे की बढ़ोतरी के बाद 66.20 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में डीजल 9 पैसे बढ़ोतरी के बाद 69.36 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में डीजल 10 पैसे की बढ़ोतरी के बाद 67.96 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। चेन्नई में डीजल 9 पैसे की बढ़ोतरी के बाद 69.97 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

कच्चे तेल की कीमतों में वृद्धि जारी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में मंगलवार को भी तेजी देखी गई। मंगलवार को सुबह के कारोबार में कच्चे तेल की कीमतों में बढो़तरी हुई है। ब्रेंट क्रूड ऑयल 0.31 फीसदी की तेजी के साथ 72.19 डॉलर प्रति बैरल और WTI क्रूड 0.35 फीसदी की तेजी के साथ 63.43 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा हैं।

बाजार में तेजी बरकरार, 46.03 अंकों की बढ़त के साथ खुला सेंसेक्स

नई दिल्ली। सोमवार को बाजार में शुरू हुई तेजी का सिलसिला मंगलवार को भी बरकरार है। कारोबारी सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को भी शेयर बाजार तेजी के साथ खुला। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 46.03 अंकों की बढ़त के साथ 39,398.70 पर खुला। वहीं निफ्टी में भी तेजी दर्ज की गई है, जो 25.25 अंकों की बढ़त के साथ 11.834 पर खुला है।

इन शेयरों में रही तेजी
बीएसई पर एचडीएफसी के शेयर में सर्वाधिक 2.73 फीसदी, हिंदुस्तान लीवर में 1.35 फीसदी, बजाज फाइनैंस में 1.20 फीसदी, इंडसइंड बैंक में 1.14 फीसदी और वेदांता लिमिटेड के शेयर में 1.05 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। एनएसई पर अडाणी पोर्ट्स के शेयर में सर्वाधिक 10.99 फीसदी, इंडिया बुल हाउजिंग फाइनैंस में 10.62 फीसदी, इंडसइंड बैंक में 8.77 फीसदी, एसबीआई में 8.32 फीसदी और टाटा मोटर्स के शेयर में 7.15 फीसदी की तेजी देखी गई।

इन शेयरों में रही गिरावट
बीएसई पर टाटा मोटर्स के शेयर में सर्वाधिक 3.18 फीसदी, टाटा मोटर्स डीवीआर में 2.36 फीसदी, यस बैंक में 1.11 फीसदी, टाटा स्टील में 0.78 फीसदी और इन्फोसिस के शेयर में 0.75 फीसदी की गिरावट देखी गई। एनएसई पर डॉ. रेड्डी के शेयर में सर्वाधिक 5.50 फीसदी, जी लिमिटेड में 3 फीसदी, बजाज ऑटो में 0.82 फीसदी, टेक महिंद्रा में 0.76 फीसदी और इन्फोसिस के शेयर में 0.36 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

चुनाव के बाद बड़ा झटका, दूध से लेकर दाल तक के बढ़े दाम

नई दिल्ली। जैसी की उम्मीद थी, चुनाव के तुरंत बाद देश में महंगाई बढ़ने के संकेत मिलने लगे हैं। चुनाव खत्म होने के बाद 2 दिन के बाद 4 ऐसी चीजें महंगी हुईं, जिनका सीधे तौर पर आपके जीवन पर असर पड़ता है। इनमें 3 ऐसे आइटम हैं, जिन्हें आप रोजमर्रा में इस्तेमाल करते हैं। इससे साफ है कि आपका बजट अब बढ़ने जा रहा है।

पेट्रोल और डीजल हुए महंगे
सोमवार को पेट्रोल की कीमतों में 8 से 10 पैसे की बढ़ोतरी हुई, जबकि डीजल की कीमतों में 15 से 16 पैसे की बढ़ोतरी हुई है। राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 9 पैसे की बढ़ोतरी के बाद 71.12 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। मुंबई में पेट्रोल 9 पैसे की बढ़ोतरी के बाद 76.73 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। कोलकाता में पेट्रोल 8 पैसे की बढ़ोतरी के बाद 73.19 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं, चेन्नई में पेट्रोल 10 पैसे की बढ़ोतरी के चलते 73.82 रुपए प्रति लीटर बिक रहा है।

अमूल दूध 2 रुपए लीटर हुआ महंगा
अमूल ने अपने पॉलीपैक दूध की कीमतों में 2 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया। नई कीमतें 21 मई से लागू होंगी। कंपनी के बयान के मुताबिक, कीमतों में यह बढ़ोतरी दिल्ली-एनसीआर, गुजरात, पश्चिम बंगाल, कोलकाता, उत्तराखंड, महाराष्ट्र और अन्य बड़े राज्यों में बिक रहे सभी 6 ब्रांडों पर 21 मई से लागू हो जाएगी।

दालें हुईं महंगी
पिछले एक हफ्ते में दालों के थोक दाम 7-8 रुपए प्रति किलोग्राम तक बढ़ चुके हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि नई सरकार बनने के तुरंत बाद तुअर दाल के खुदरा दाम 110 रुपए से 115 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच जाएंगे। तुअर दाल के उत्पादन में बीते साल के मुकाबले 35 फीसदी तक की गिरावट आ चुकी है।